क्या फिल्म बॉर्डर 2 में होगा सुनील शेट्टी का रोल? फिटनेस राज और केसरी वीर में किरदार पर एक्टर ने दिया जवाब
अभिनेता सुनील शेट्टी अभिनीत फिल्म केसरी वीर में हैं। यह फिल्म सोमनाथ मंदिर को तुगलक के आक्रमण से बचाने के लिए लड़ने वाले वीरों की कहानी है। फिल्म केसरी वीर में वेगड़ाजी बने सुनील शेट्टी ने दैनिक जागरण से भाषा विवाद फिटनेस और बेटे अहान की फिल्मों समेत कई मुद्दों परे बेबाक राय रखी। यहां पढ़ें सुनील शेट्टी से बातचीत...
स्मित श्रीवास्तव, मुंबई। इन दिनों देश की कई गौरवशाली गाथाओं को सिनेमा लेकर आ रहा है। इनमें अभिनेता सुनील शेट्टी अभिनीत फिल्म 'केसरी वीर' भी शामिल है। यह फिल्म सोमनाथ मंदिर को तुगलक के आक्रमण से बचाने के लिए लड़ने वाले वीरों की कहानी है। इसमें वेगड़ाजी बने सुनील शेट्टी से कई मुद्दों पर बातचीत यहां पढ़ें ...
सवाल: देश पहले और बाकी सब बाद में ... यह समझना कितना जरूरी है?
जवाब- बहुत, अगर हम फिल्मों के जरिए यह कहानियां कह सकते हैं तो इससे बड़ी कोई बात नहीं। फिल्मों का प्रभाव बहुत ज्यादा होता है। निजी तौर पर यह जागरूकता होनी बहुत जरूरी है। अगर आप राजनेता, स्पोर्ट्समैन या ऐसे मुकाम पर हैं, जहां आप अपना प्रभाव छोड़ सकते हैं तो यह बहुत जरूरी है। मैं देश को सबसे ऊपर रखता हूं।
अगर मुझे लगता है कि कोई बात सही है तो उसके लिए खड़ा हो जाऊंगा। मैं सभी का सम्मान करता हूं, लेकिन अपने देश जैसा किसी और को देखा ही नहीं है। हमारे पास जो है, वो वाकई खास है। बचपन से मैंने सीखा है मेरा भारत महान। 'बार्डर' फिल्म का क्लाइमेक्स हमने एक दिन में शूट कर लिया था, लेकिन उसमें इतना सारा पैशन था। मैंने अपने संवाद को दिल से कहा था, तभी सभी को छुआ। यही बात इस फिल्म 'केसरी वीर' में दिखाई देगी।
सवाल: आपने 'बार्डर' फिल्म की, उस दौर में ऐतिहासिक फिल्में कम बन रही थीं?
जवाब- उस समय भारत का नैरेटिव (परिदृश्य) भी अलग था। निश्चित रूप से हमने अच्छी फिल्में की। अब देश का परिदृश्य 12-14 वर्षों में बदल चुका है। हम हमारी कहानियां कह रहे हैं। हमें किसी नहीं बताया कि हमीरजी गोहिल जैसे भी राजा रहे, जिन्होंने सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी।
वेगड़ाजी थे, भील लोग थे। उन्होंने कैसे एकत्र होकर दुनिया से लड़ाई की। हम जब एकजुट होंगे, तभी हमारी ताकत दिखाई देगी। आज हमारी इंडस्ट्री भी यह जान गई है कि ऐसी कहानियों से बहुत फर्क पड़ता है, भारत प्रेरित होता है। तब जाकर यह फिल्म बनी। ऐसी कहानी का हिस्सा बनकर खुश हूं।
सवाल: इतिहास से आ रही इन कहानियों से दुनिया को कैसा संदेश जा रहा है?
जवाब- हमारा इतिहास सैकड़ों वर्ष पुराना है। हम दुनिया को जीतने के लिए काफी मजबूत हैं। पहले हमें थर्ड वर्ल्ड कहा जाता था। हम आज फर्स्ट वर्ल्ड हैं। मुझे लगता है कि हमने वो कहानियां कहानी शुरू कर दी हैं। हम हमारे देश के इतिहास के बारे में बात कर रहे हैं। यही खूबसूरती है आज के दौर की कि बच्चा-बच्चा सेना, नौसेना की अहमियत जानता है। यह कहानियां दोहराना बहुत जरूरी है।
सवाल: आजकल भाषा को लेकर भी विवाद हो रहा है, उसे कैसे देखते हैं?
जवाब- गलत है। हमारी मातृभाषा तो हम बोलते ही हैं। मैं तुलु बहुत अच्छी बोलता हूं। मेरी कर्मभूमि महाराष्ट्र है। अगर मैं वो भाषा सीखूं तो मेरे संबंध और अच्छे हो जाते हैं। जितनी मेरी तुलु अच्छी है, उतनी ही अच्छी मराठी है।
मेरा मानना है कि अगर आप लोगों का दिल जीतना चाहते हैं और उस समाज का हिस्सा बनना चाहते हैं तो वह भाषा भी सीख लें। यह तो अच्छी बात है। अगर महाराष्ट्र में रहकर मराठी सीख लें तो इसमें हमारी ही बेहतरी है।
सवाल: 'बार्डर 2' में आपके रहने की संभावना है क्या?
जवाब- छोटा सा हिस्सा हो सकते हैं हम लोग, लेकिन यह उसी दौर की अलग कहानी है। मुझे खुशी इस बात की है कि मैं नहीं भी रहा तो उसमें मेरा बेटा अहान है। मैं हमेशा कहता हूं कि सही फिल्म चुनना बहुत जरूरी है।
अहान की पिछली फिल्म आए तीन साल हो चुके हैं। ऐसा नहीं है कि उसके पास प्रस्ताव नहीं आए, लेकिन करेंगे तो सही फिल्म। अगर एक बार ठप्पा लग जाता है कि उसकी फिल्म नहीं चली या खराब थी तो इस इंडस्ट्री में उठना बहुत मुश्किल है। फिल्मों का चलना बहुत जरूरी है।
सवाल: आपकी फिटनेस का राज क्या है?
जवाब- (मुस्कुराते हुए) वेगड़ाजी का किरदार निभाना था, इसलिए फिट रहा हूं। ( थोड़ा गंभीर होते हुए) मेरे दिन की शुरुआत पूजा के साथ एक्सरसाइज से होती है। खुद को मेंटेन किया है तो ऐसी एक्शन फिल्में करने का मौका मिलता है। मैंने कभी सोचा नहीं था कि एक्टर बनूंगा। मार्शल आर्ट की वजह से एक्शन फिल्म में पहला मौका मिला।
जब मुझे एक्शन हीरो का खिताब मिला तो उसे बनाए रखने के लिए यह मेरी जिंदगी का हिस्सा हो गया। मैं चाहता हूं कि जब तक हो सके, अपने बलबूते पर खड़ा रह सकूं। बेशक बाडी को स्लो होना है, लेकिन मैं किस हद तक जा सकता हूं, उसे एक्शन के जरिए नापता रहता हूं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।