विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

21की उम्र में हुई थी शादी, 'तोरण' की रस्म से आया Yeh Prem Mol Liya बनाने का आइडिया; सूरज बड़जात्या ने खोले राज

By Smita SrivastavaEdited By: Tanya Arora
Published: Fri, 27 Nov 2026 07:00 AM (IST)

पारिवारिक फिल्मों से दर्शकों का दिल जीतने वाले निर्देशक सूरज बड़जात्या ने हाल ही में बताया कि उन्हें आयुष्मान खुराना और शरवरी के साथ 'ये प्रेम मोल लिया' बनाने का आइडिया कैसे आया। 

सूरज बड़जात्या को एक रस्म से मिला था ये प्रेम मोल लिया का आइडिया/ फोटो- इंस्टाग्राम

सूरज बड़जात्या को एक रस्म से मिला था ये प्रेम मोल लिया का आइडिया/ फोटो- इंस्टाग्राम

HighLights

  1. सूरज बड़जात्या ने 21 साल की उम्र में शादी की वजह बताई

  2. 'ये प्रेम मोल लिया' का आइडिया 'तोरण' रस्म से आया

  3. शरवरी ने फिल्म में नायिका के 'अद्भुत' किरदार पर चर्चा की।

स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई। प्रेम, परिवार और रिश्तों को अपनी फिल्मों में खूबसूरती से पिरोने वाले सूरज बड़जात्या इस बार ‘ये प्रेम मोल लिया’ के साथ ऐसी कहानी लेकर आए हैं, जो शादी के बाद मायके और ससुराल की पारंपरिक सोच को नए नजरिए से देखती है। फिल्‍म में आयुष्मान खुराना ने प्रेम और शरवरी ने पूर्वा की भूमिका निभाई है। सूरज और शरवरी से बातचीत के अंश...

सूरज, इस फिल्‍म का आइडिया आपको कैसे आया?

करीब डेढ़-दो साल पहले मैं एक किताब पढ़ रहा था, जिसमें कुछ शास्‍त्रों का जिक्र था। उसमें मैंने तोरण के बारे में पढ़ा, वही इस फिल्म का मूल आधार है, वही जड़ है इस कहानी की। प्रेम (आयुष्मान) घोड़े पर हैं और वह पूर्वा (शरवरी) के घर के बाहर तोरण को तलवार से छूते हैं। जब मैंने पढ़ा कि तलवार से तोरण को छूने का असली अर्थ क्या है, तो मैं ठहर गया। इसके पीछे एक वचन छिपा है कि आज से उस घर की जिम्मेदारी मेरी है। वहीं से मेरे मन में इस कहानी का विचार आया कि अगर कोई लड़का इस रस्म का असली अर्थ पहले से जानता हो और उसे अपनी जिंदगी में कई चुनौतियों का सामना करना पड़े, तो वह उस वचन को कितना निभा पाएगा!

Screenshot 2026-11-26 185911

इस बार नायिका का किरदार भी कुछ आधुनिक है?

आधुनिक नहीं, अद्भुत है। पूर्वा अपने उसूलों और मर्यादाओं में रहने वाली लड़की है। वह प्रेम से यह मांग नहीं करती कि तुम मेरे साथ आओ, लेकिन अब प्यार हो गया है, तो करें क्या? फिर प्रेम कहता है कि आखिर किस ग्रंथ में लिखा है कि लड़की ही लड़के के घर आएगी? इसी विचार से हमारी कहानी की शुरुआत हुई।

क्या वाकई प्रेम मोल लिया जा सकता है?

इसका वास्तविक अर्थ यह है कि हमने इस प्रेम को अपने प्रयासों से हासिल किया है और इसकी कीमत चुकाने के लिए तैयार हैं। प्रेम अपनी कीमत मांगता है। वह आपका समय, धैर्य मांगता है और आपके प्रयासों की अपेक्षा करता है। मैं सभी बच्चों से यही कहता हूं कि जितना समय आप अपने पेशे और भविष्य को संवारने में लगाते हैं, उतना ही समय अपने रिश्तों को भी दीजिए, क्योंकि रिश्तों को भी उतने ही समर्पण और प्रयास की जरूरत होती है। यही है प्रेम को मोल लेना।

Screenshot 2026-11-26 185950

आपने करीब 21 साल की उम्र में शादी कर ली थी। उसकी क्‍या वजह थी ?

देखिए, उस जमाने में हमारे घरों में भी जब शादियां होती थीं, तो लोग यही चाहते थे कि लड़की किसी फिल्मी परिवार में न जाए। मुझे नहीं पता कि ऐसा क्यों था। हम तो मारवाड़ी हैं और हमारे यहां यह सोच थोड़ा ज्‍यादा प्रचलित था। मैं उस समय करीब 21 साल का था। घरवाले नहीं चाहते थे कि मैं डायरेक्टर बनूं, क्योंकि हमारे परिवार में पहले कोई भी इस क्षेत्र में नहीं था। उन्हें लगता था कि फिल्म इंडस्ट्री में जाने से मेरा भविष्य अनिश्चित हो सकता है। उनका कहना था कि पहले शादी कर लो, उसके बाद डायरेक्टर बन जाना। (हंसते हैं) बस, इसी चक्कर में मेरी शादी हो गई।

शरवरी, पूर्वा का किरदार निभाते हुए राजश्री की विरासत की भी जिम्‍मेदारी महसूस हो रही थी ?

जी, बिल्कुल। राजश्री ने जिस तरह अपनी नायिकाओं को पर्दे पर प्रस्तुत किया है और सूरज सर ने जिस तरह के किरदार लिखे हैं, वे बहुत खूबसूरत और भावनात्मक रूप से मजबूत होते हैं। कलाकार के तौर पर मैं हमेशा ऐसी फिल्में चुनना चाहती थी, जिनमें कहने के लिए कुछ हो। उनके जॉनर अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन मैंने हमेशा सोच-समझकर ऐसी कहानियां चुनने की कोशिश की है, जिनका कोई अर्थ हो और जो किसी तरह की बातचीत को जन्म दें। यह भी उसी तरह की एक फिल्म है। यहां हम उस सोच की बात कर रहे हैं, जो छोटे-छोटे बदलावों के जरिए समाज में एक बड़ा बदलाव ला सकता है।

Screenshot 2026-11-26 190022

फिल्म में अपने परिवार की छह महिलाओं की जिम्‍मेदारी आपके कंधों पर है। आपके लिए महिला सशक्तीकरण के मायने क्‍या हैं?

हमारी पीढ़ी बहुत खुशकिस्मत है। चाहे शिक्षा की बात हो, अंतरजातीय विवाह या फिर अपने जीवन से जुड़े फैसले खुद लेने की। पिछली पीढ़ियों ने काफी संघर्ष किया, लड़ाई लड़ी और तभी आज हम इन सारी सुविधाओं और अधिकारों का लाभ उठा पा रहे हैं। हालांकि, महिला सशक्तीकरण की परिभाषा समय के साथ बदलती रहती है। मेरे हिसाब से इसका वास्तविक मतलब यही है कि आप जो हैं, उसे पूरी ईमानदारी और सच्चाई के साथ दुनिया के सामने रख सकें और उम्मीद करें कि समाज भी आपको उसी रूप में स्वीकार करे।

अल्‍फा या पारंपरिक, आपका तरीका क्या है?

सूरज सर की फिल्मों में लड़कियों के किरदारों में जो वल्नरेबिलिटी (कोई किरदार अपनी कमजोरियों, डर, असुरक्षाओं और भावनाओं को छिपाने के बजाय उन्हें स्वीकार करता है) दिखाई गई है, उसे भी अल्फा ऊर्जा कहा जा सकता है, क्योंकि उन सभी किरदारों का अपना एक दृष्टिकोण था। मुझे नहीं लगता कि अल्फा होने का मतलब सिर्फ यह है कि आपने झंडा लहराते हुए कोई बड़ा काम कर दिया। अगर आप अपने छोटे-से तरीके से भी अपनी बात रख सकते हैं, अपनी सोच पर कायम रह सकते हैं और आवाज उठा सकते हैं, तो वह भी अल्फा होना ही है।

यह भी पढ़ें- इमरान हाशमी की Gunmaaster G9 के लिए सिरदर्द बनेगी Yeh Prem Mol Liya? रिलीज से पहले की धांसू कमाई; जबरदस्त है बज

यह भी पढ़ें- Yeh Prem Mol Liya ने रिलीज से पहले ही बनाया महा-रिकॉर्ड, हिमेश रेशमिया के गानों ने पार किया 1 अरब व्यूज का आंकड़ा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।