उर्वशी रौतेला के नाम पर किसी ने किया यह काम, पुलिस कर रही है जांच
पुलिस ने धारा 420 के अलावा आईटी एक्ट के सम्बंधित धाराएं लगाकर अंजान व्यक्ति के खिलाफ़ FIR दर्ज कर ली है।
मुंबई। हाल ही में फ़िल्म 'हेट स्टोरी 4' में दिखाई दी उर्वशी रौतेला एक मुसीबत में फंस गई हैं, जिससे निकलने के लिए उन्हें मुंबई पुलिस का सहारा लेना पड़ा है। दरअसल, उर्वशी ने मुंबई पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार 27 मार्च को उनके नाम पर किसी ने मुंबई के फाइव स्टार होटल में रूम बुक करवाया है और वो भी उनके आधार कार्ड की डिटेल्स का इस्तेमाल करते हुए।
आपको बता दें कि उर्वशी इस होटल में मंगलवार के दिन एक इवेंट अटेंड करने गई थीं। इवेंट ख़त्म होने के बाद होटल के कर्मचारी ने उर्वशी को होटल में उनके नाम से बुक हुए रूम के बारे में बताया। उर्वशी ने अपनी टीम से भी इस बारे में पूछा मगर, उनकी जानकारी के हिसाब से उन्होंने वहां कोई रूम बुक नहीं किया था। हद तब हो गई जब होटल के स्टाफ ने उन्हें बताया कि यह बुकिंग उनके आधार कार्ड के डिटेल्स की सहायता से ऑनलाइन हुई है।
यह भी पढ़ें: बधाई हो! शादी के बाद आई अब विरुष्का से जुड़ी यह Good News
इसके बाद उर्वशी ने तुरंत मुंबई पुलिस को यह जानकारी दी और बताया कि उनके अाधार कार्ड डिटेल्स का ग़लत फायदा उठाया जा रहा है। पुलिस ने धारा 420 के अलावा आईटी एक्ट के सम्बंधित धाराएं लगाकर अंजान व्यक्ति के खिलाफ़ FIR दर्ज कर ली है। इसके अलावा आईपी एड्रेस की भी स्कैनिंग की जा रही है, जिससे पता चल सके कि इस ऑनलाइन बुकिंग की लोकेशन क्या थी।
यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया से की फ़रहान अख्त़र ने तौबा, बॉलीवुड के इन टॉप एक्टर्स ने भी किया है यह काम
उर्वशी जल्द ही रेमो डिसूज़ा की फ़िल्म 'रेस 3' में स्पेशल अपीयरेंस देने वाली हैं, जिसमें सलमान ख़ान, जैकलीन फर्नांडिस, अनिल कपूर, डेज़ी शाह और साक़िब सलीम मुख्य किरदार में हैं। 'रेस 3' जून 2018 में रिलीज़ होगी।