विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पैसा नहीं, काम चाहिए! इंटरनेट पर इन बॉलीवुड सितारों ने लगाई नौकरी की गुहार, किसे मिला फायदा और किसे नुकसान?

By priyanka singhEdited By: Rinki Tiwari
Published: Sun, 29 Nov 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

सोशल मीडिया पर काम मांगने वाले अभिनेताओं की बढ़ती संख्या पर यह सवाल उठाता है कि क्या यह डिजिटल गुहार वास्तव में काम दिलाती है या कभी-कभी उल्टा असर डालती है।

काम मांगने का सहारा बना इंटरनेट। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम

काम मांगने का सहारा बना इंटरनेट। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम

HighLights

  1. शरद कपूर से नीना गुप्ता तक ने मांगा काम

  2. सोशल मीडिया बना गुमनाम सितारों का सहारा

  3. सोशल मीडिया पर काम मांगना कभी डालता है बुरा असर

प्रियंका सिंह, मुंबई। पैसा नहीं… काम चाहिए, अभिनेता शरद कपूर (Sharad Kapoor) की इस विनती में जितनी बेबसी थी, उतनी ही सच्चाई भी। इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने के बाद फिल्म इंडस्ट्री से उनके पास फोन आने लगे। यह कोई अकेली घटना नहीं है।

नीना गुप्ता, अचिंत कौर, नफीसा अली, करण पटेल, हेमंत खेर और सिकंदर खेर जैसे कई कलाकार खुलकर काम मांग चुके हैं। सवाल यह है कि क्या यह डिजिटल गुहार सच में काम दिलाती है या बस कुछ दिन की सुर्खियां बनकर रह जाती है।

पुरानी व्यवस्था का जोर

फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों और फिल्मकारों के बीच कड़ी का काम अब तक कास्टिंग एजेंसियां करती आई हैं। इस व्यवस्था में सुष्मिता सेन, जैकी श्रॉफ, संजय मिश्रा और अनुपम खेर जैसे दिग्गज कलाकार काम मांग चुके हैं, इनमे से कइयों ने सीधे फिल्मकारों के दरवाजे खटखटाए। अब इंटरनेट मीडिया वह खिड़की बन गई है, जिससे कलाकार सीधे पूरी इंडस्ट्री से बात कर सकते हैं।

पिछले दिनों काम मांगने वाले अभिनेता शरद कपूर ने कहा कि इंटरनेट मीडिया की पहुंच देखकर यकीन नहीं हो रहा है। फिल्म इंडस्ट्री छोड़कर न्यूयॉर्क जाने का निर्णय कई बार गलत लगता है। वहां अभिनय के बिना मन नहीं लगा, जब वापस आया तो यहां काम करने का तरीका काफी बदल गया था। कुछ पुराने दोस्तों से बात की थी, लेकिन मैं तनावग्रस्त था। अब बात करने में आसानी है।

sharad kapoor

चर्चा होती है, पीआर करने जैसा है मामला

बीते दिनों दायरा फिल्म में नजर आई अभिनेत्री अचिंत कौर (Anchit Kaur) ने पिछले साल एक वीडियो साझा करके काम मांगा था। इंटरनेट मीडिया पर अपनी बात रखने को वह आज के दौर की जरूरत मानते हुए कहती हैं कि जब मैं इंडस्ट्री में नई थी, तब मैंने भी लोगों के पास जाकर काम मांगा था। आज वह काम इंटरनेट मीडिया ने आसान कर दिया है। मैंने एक बात सुनी थी कि लोगों को आपको ढूंढ़ने में मदद करें। जिन्हें लगता है कि आपने काम करना छोड़ दिया है, उन्हें बताना पड़ेगा की आप उपलब्ध हैं।

कम से कम जो भूल चुके हैं, वहां आपकी चर्चा शुरू हो जाएगी। कास्टिंग डायरेक्टर्स तक बात पहुंचेगी, क्योंकि बिना पहचान के सीधे काम मिलना मुश्किल है। इंटरनेट मीडिया के जरिये अपनी बात पहुंचाना तर्कसंगत फैसला था, क्योंकि मैं अपनी मां की बीमारी के कारण तीन-चार वर्षों तक काम नहीं कर पाई थी। एक सीरीज के लिए काम करना था लेकिन वह बनी नहीं। तब तक मैं दूसरे कामों को ठुकरा चुकी थी। इंडस्ट्री पूरी तरह बदल चुकी थी।

anchit kaur

कास्टिंग निर्देशक आ गए थे, समझ नहीं आ रहा था कि दोबारा काम कैसे करूं। लोगों ने कहा भी वहां क्यों काम मांग रही हो, मैंने परवाह नहीं की, क्योंकि हमारी इंडस्ट्री संवाद और संपर्क पर चलती है। उस वीडियो को पोस्ट करने के बाद लोगों के फोन आए, कुछ नए लोगों से मुलाकात हुई। हालांकि ऐसा भी नहीं था कि हंगामा मच गया। मेरे लिए यह अपना पीआर करवाने जैसा था।

मौका मिला, तो साबित करना पड़ेगा

स्टार किड हमेशा सवालों के घेरे में रहते हैं कि उनके लिए काम करना आसान है। हालांकि किरण खेर के बेटे अभिनेता सिकंदर खेर (Sikander Kher) ने भी काम की कमी के चलते इंटरनेट मीडिया पर साल 2020 में काम मांगते हुए लिखा था कि काम चाहिए। आज वह काफी काम कर रहे है, लेकिन क्या यह केवल इंटरनेट मीडिया से संभव हुआ है। सिकंदर कहते हैं कि मेरे माता-पिता ने मेरी कहीं पर भी सिफारिश नहीं की है। ऐसे में मैं केवल अपनी बात लोगों को सामने रख सकता था।

इंटरनेट मीडिया चर्चाओं में ले आती है, एकाध मौके भी मिलते हैं, लेकिन फिर डटे रहना होता है। अपनी हैसियत पता होनी चाहिए कि आप कितना अच्छा काम करते हैं। काम लेने वालों को भी अपने आसपास मेहनती लोग चाहिए। मैं फिल्म परिवार से हूं, तो उतार-चढ़ाव देखा है। काम मांग कर खुद पर भरोसा रखना होता है कि सूरज एक दिन आपके लिए चमकेगा। खुद को साबित नहीं करेंगे, तो आगे कोई काम नहीं देगा।

सार्वजनिक तौर पर काम मांगना पड़ सकता है उल्टा

नीना गुप्ता (Neena Gupta) ने इंटरनेट मीडिया पर काम मांगने के बाद कहा था कि वहां से उन्हें तुरंत बहुत बड़ा काम नहीं
मिला था। बधाई हो फिल्म से उन्हें पहचान मिली थी।

इस बात को स्कैम 1992 – द हर्षद मेहता स्टोरी वेब सीरीज के अभिनेता हेमंत खरे भी मानते हैं, जिन्होंने साल 2023 में काम मांगते हुए कहा था कि इसमें शर्म कैसी? हालांकि अब वह इसे गलत फैसला बताते हुए कहते हैं कि उस समय काम की कमी से ज्यादा खाली समय की समस्या थी, क्योंकि टीवी में काम कर चुका था, तो व्यस्त रहने की आदत थी। स्कैम सीरीज के बाद एक-दो महीने खाली था, क्योंकि नया प्रोजेक्ट शुरू होने में थोड़ा समय था।

hemant kher

मैंने सोचा बता हूं कि इस समय उपलब्ध हूं, लेकिन उसे ऐसे प्रस्तुत किया गया, जैसे मेरे पास बिल्कुल काम नहीं है। तब समझ आया कि लोग इस बात को कैसे पेश कर सकते हैं। जबकि उस पोस्ट के कारण मुझे एक भी काम नहीं मिला था। जब मुझे यह मानसिकता समझ आई, तो मैंने कई लोगों को सलाह दी कि सार्वजनिक तौर पर काम मत मांगो। आपकी छवि पर उल्टा असर पड़ सकता है।

इस इंडस्ट्री का एक अजीब नियम है कि जिसके पास काम होता है, उसे और काम मिलता है, लेकिन अगर आपने कह दिया कि मुझे काम चाहिए, तो लोग मान लेते हैं कि आपके पास बिल्कुल काम नहीं है।

यह भी पढ़ें- 'तुम्हें जो करना है वो...', जोश एक्टर शरद कपूर के लिए मसीहा बने Shah Rukh Khan; फोन पर कही दिल छूने वाली बात

यह भी पढ़ें- पहले हाथ में जबरदस्ती रखे पैसे और फिर ले लिए वापस? Josh एक्टर Sharad Kapoor का छलका दर्द; कहा- 'गलत हो रहा...'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।