Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Box Office: 'स्त्री' के लिए सिनेमाघरों में उमड़े लोग, 2018 के ये हैं Top 10 Opening Weekend

    राजकुमार अभिनीत (मुख्य भूमिका व सहायक भूमिका) कुछ फ़िल्मों को देखें तो यह उनका सर्वश्रेष्ठ ओपनिंग वीकेंड है। वहीं श्रद्धा कपूर के लिए स्त्री लकी साबित हुई है।

    By Manoj VashisthEdited By: Updated: Tue, 04 Sep 2018 12:04 PM (IST)
    Box Office: 'स्त्री' के लिए सिनेमाघरों में उमड़े लोग, 2018 के ये हैं Top 10 Opening Weekend

    मुंबई। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फ़िल्म स्त्री ने ओपनिंग वीकेंड में धमाल मचा दिया है। फ़िल्म रिलीज़ के तीन दिनों में बेहद शानदार कलेक्शन किया है, जिसकी उम्मीद भी किसी ने नहीं की होगी। फ़िल्म के ओपनिंग कलेक्शन का सही पूर्वानुमान लगाने में चूके ट्रेड जानकारों का अनुमान ओपनिंग वीकेंड के लिए सही बैठा और स्त्री ने ₹30 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमर कौशिक के निर्देशन में बनी 'स्त्री' 31 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंची। फ़िल्म ने पहले दिन ₹6.82 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली। दूसरे दिन फ़िल्म ने ज़बर्दस्त उछाल लिया और शनिवार को ₹10.87 करोड़ जमा कर लिये। यह बढ़त रिलीज़ के तीसरे दिन यानि रविवार को भी जारी रही और फ़िल्म ने ₹14.38 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में स्त्री को ₹32.07 करोड़ मिल गये। 

    यह भी पढ़ें: Box Office- रविवार को यमला पगला दीवाना फिर से ने लिया उछाल, इतनी कमाई

    इस मंझले बजट की फ़िल्म को बनाने में तक़रीबन ₹20 करोड़ निर्माताओं ने ख़र्च किये हैं, जिसमें प्रोडक्शन और प्रचार की लागत शामिल है। निर्माण और प्रचार पर ख़र्च की गयी रक़म निर्माताओं ने म्यूज़िक, सेटेलाइट और दूसरे अधिकार बेचकर वसूल कर ली है। टिकट विंडो से अब जो भी आमदनी होगी वो निर्माताओं के लिए अतिरिक्त कमाई है। 'स्त्री' में राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर और पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

    अपनी दमदार अदाकारी से बॉलीवुड में भरोसेमंद एक्टर बनते जा रहे राजकुमार की स्थिति को 'स्त्री' और मज़बूत करेगी। अगर हाल में रिलीज़ हुई राजकुमार अभिनीत (मुख्य भूमिका व सहायक भूमिका) कुछ फ़िल्मों को देखें तो यह उनका सर्वश्रेष्ठ ओपनिंग वीकेंड है। वहीं श्रद्धा कपूर के लिए 'स्त्री' लकी साबित हुई है। ओपनिंग वीकेंड में मिली इस कामयाबी से गदगद राजकुमार राव ने सिने प्रेमियों का शुक्रिया अदा किया है।

    हालांकि 32 करोड़ से अधिक का ओपनिंग कलेक्शन करने के बाद भी स्त्री इस साल के टॉप 10 ओपनिंग वीकेंड्स में आने से कुछ लाख से चूक गयी, जो इस प्रकार हैं- 

    10. दसवें स्थान पर आ गयी है 'धड़क', जिसने ₹33.67 करोड़ रिलीज़ के पहले तीन दिनों में जमा किये हैं। शशांक खेतान निर्देशित फ़िल्म को करण जौहर ने प्रोड्यूस किया है। 

    9. नौवें स्थान पर आ गयी है 'वीरे दी वेडिंग', जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹36.52 करोड़ जमा किये। एक जून को रिलीज़ हुई फ़िल्म को शशांक घोष ने डायरेक्ट किया है। चार दोस्तों की इस कहानी में करीना कपूर, सोनम कपूर, स्वरा भास्कर, शिखा तलसानिया और सुमित व्यास ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं।

    8. ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन की लिस्ट में आठवें नंबर पर 'पैडमैन' है, जिसने ₹40.05 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस बायोपिक फ़िल्म में अक्षय कुमार ने अरुणाचलम मुरुगनाथम का किरदार निभाया, जबकि राधिका आप्टे उनकी पत्नी के किरदार में थीं। सोनम कपूर ने भी फ़िल्म में एक अहम किरदार प्ले किया था। अक्षय और निर्देशक आर बाल्की का ये पहला एसोसिशन था। 'पैडमैन' हिट रही।

    7. सातवें स्थान पर खिसक गयी है राजकुमार गुप्ता निर्देशित 'रेड', जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹41.01 करोड़ जमा किये। इस फ़िल्म में अजय देवगन ने इनकम टैक्स अधिकारी का रोल निभाया। इलियाना डिक्रूज़ ने उनकी पत्नी का किरदार प्ले किया। ₹100 करोड़ से अधिक कमाकर ये फ़िल्म भी हिट रही।

    6. छठे स्थान पर जॉन अब्राहम की फ़िल्म सत्यमेव जयते है, जिसने 56.91 करोड़ 5 दिनों के ओपनिंग वीकेंड में जमा किये हैं, जबकि तीन दिनों में फ़िल्म न 37.62 करोड़ का कलेक्शन किया था।

    5. पांचवें स्थान पर अक्षय कुमार की गोल्ड आ गयी है। इस फ़िल्म ने रिलीज़ के 5 दिनों में 71.30 करोड़ का कलेक्शन किया है। जबकि तीन दिन में फ़िल्म का कलेक्शन 43.75 करोड़ था।

    4. ओपनिंग वीकेंड की लिस्ट में चौथे स्थान पर टाइगर श्रॉफ़ की 'बाग़ी2' है, जिसे अहमद ख़ान ने डायरेक्ट किया। इस एक्शन-रोमांटिक फ़िल्म में दिशा पाटनी पहली बार टाइगर के साथ आयीं। एक्शन को लेकर टाइगर की इमेज के चलते फ़िल्म ने ₹73.10 करोड़ का शानदार ओपनिंग वीकेंड किया।

    3. तीसरे स्थान पर है रेस 3, जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹106.47 करोड़ जमा किया है। रेमो डिसूज़ा निर्देशित फ़िल्म में सलमान के अलावा बॉबी देओल, जैकलीन फ़र्नांडिस, अनिल कपूर, साक़िब सलीम और डेज़ी शाह ने मुख्य किरदार निभाये हैं।

    2. लिस्ट में 'पद्मावत' दूसरे स्थान पर है। संजय लीला भंसाली की इस मैग्नम ओपस ने ₹114 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसमें ₹19 करोड़ पेड प्रीव्यूज़ का भी शामिल है। पद्मावत काफ़ी समय तक विवादों में भी रही थी, जिसकी वजह से इसे 2017 से हटाकर 2018 में रिलीज़ किया गया। फ़िल्म में दीपिका पादुकोण ने चित्तौड़ की रानी पद्मावती, शाहिद कपूर ने राजा महारावल रतन सिंह और रणवीर सिंह ने दिल्ली सल्तनत के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया था। पद्मावत 2018 की पहली ₹300 करोड़ की फ़िल्म भी है। हालांकि बजट अधिक होने की वजह से फ़िल्म बहुत फ़ायदे में नहीं माना गया है।

    1. ₹120.06 करोड़ के साथ Top 10 Opening Weekend Collections की लिस्ट में टॉप पर है संजू। राजकुमार हिरानी निर्देशित संजय दत्त की इस बायोपिक में रणबीर कपूर, परेश रावल, सोनम कपूर, विक्की कौशल और मनीषा कोईराला ने मुख्य किरदार निभाये।

    इस वीडियो में देखें आज की मुख्य ख़बरें-