छठ पूजा पर भावुक हुए Pankaj Tripathi, बोले- 'शहर बदलने से आस्था और संस्कार नहीं...'
पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी ने फिल्म इंडस्ट्री, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और मनोरंजन की बदलती परिभाषा पर बात की। पंकज ...और पढ़ें
-1794715739423_m.webp)
पंकज त्रिपाठी और अदिती ने छठ पूजा को किया याद
HighLights
पंकज त्रिपाठी ने छठ पूजा पर बचपन की यादें शेयर कीं
शहर बदलने पर भी आस्था और संस्कार नहीं बदलते
अभिनेताओं ने फिल्म इंडस्ट्री के भ्रमों पर भी बात की
प्रियंका सिंह, मुंबई। बड़ा हीरो या हीरोइन बनने से जरूरी है कि अच्छा काम किया जाए। यह कहना है अभिनेता पंकज त्रिपाठी (Pankaj Tripathi) और अदिति राव हैदरी (Aditi Rao Hydari) का, जो हाल ही में सोनी लिव की फिल्म पारिवारिक मनुरंजन में साथ दिखे हैं।
दोनों कलाकारों से फिल्म इंडस्ट्री के भ्रम,कलाकारों पर छवि तोड़ने के दबाव, नकारात्मक प्रचार और मनोरंजन की बदलती परिभाषा पर बातचीत।
- पकंज आपको हाल ही में आईएमडीबी की रिपोर्ट में भारत में डिजिटल स्टोरीटेलिंग के नए दौर को परिभाषित करने वाला कलाकार बताया गया है। इस सराहना को कैसे लेते हैं?
खुशी होती है, मैं डिजिटल प्लेटफार्म और उन कहानीकारों का आभारी हूं, जिन्होंने मुझे काम करने का मौका दिया। डिजिटल स्टोरीटेलिंग ने दुनिया काफी बदली है। हालांकि, इसे व्यक्तिगत रूप से देखने का चलन ज्यादा रहा है। अब कई पारिवारिक कहानियां इस चलन को बदलने का प्रयास कर रही हैं।
-1794716233320.webp)
- पकंज आपने जागरण फिल्म फेस्टिवल में कहा था कि इंडस्ट्री में मिर्जापुर : द मूवी और हनुमान अंश जैसी फिल्मों ने बाक्स आफिस के कई भ्रम तोड़े हैं। अदिति आपके अनुसार इंडस्ट्री में और कौन से भ्रम हैं, जिन्हें टूटना चाहिए?
अदिति - सबसे पहले हमें अपनी कला पर भरोसा होना चाहिए। बाहर के शोर को सुनने की बजाय, अपने दिल की आवाज सुनें और अपने काम को लेकर दृढ़ता रखें। एक इंडस्ट्री के तौर पर हमें अपनी क्रिएटिविटी पर भरोसा करना होगा। हमारी इंडस्ट्री उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रही है, जिसका एक कारण ट्रेंड्स हैं, जिन पर लोग बहुत भरोसा करने लगे हैं।
अगर हम ट्रेंड्स के बजाय अच्छे लेखन, निर्देशन और कलाकारों की कला पर भरोसा करें, तो बेहतर फिल्में बना सकते हैं। दर्शकों का प्यार भी फिर से मिलेगा। बदलाव की शुरुआत खुद से होनी चाहिए। यह नहीं सोचना चाहिए कि सबसे बड़ा हीरो- हीरोइन बनना है। आपका काम, आपकी पहचान बनाएगा।
- अदिति, आपने निगेटिव पीआर और नकारात्मक प्रचार के खिलाफ भी बात की है। आपको खुद यह ट्रेंड कितना परेशान करता है?
अदिति - किसी दूसरे का बुरा चाहने की जरूरत ही क्या है? अपनी ऊर्जा का प्रयोग अच्छा काम करने में करें। लोग निगेटिविटी की ओर स्वाभाविक रूप से आकर्षित होते हैं, जानना चाहते हैं कि किसके साथ क्या हुआ। मैं वैसी नहीं बनना चाहती हूं। मैं सामने वाले में अच्छा तलाशती हूं। अगर कुछ अच्छा नहीं दिखता, तो अपने भीतर ही कुछ अच्छा सोच लेती हूं, कोई गाना याद कर लेती हूं।

- कलाकारों पर अक्सर अपने किरदारों की छवि तोड़ने का दबाव रहता है। अदिति आप पर बिब्बोजान (हीरामंडी) और पंकज आप पर कालिन भैया (मिर्जापुर) के पात्रों की छवि से बाहर निकलने का भी दबाव रहा?
पंकज - मुझे नहीं लगता कि हर बार छवि तोड़ने की जरूरत है। नया या वही रोल करते हुए मजा आना चाहिए। पारिवारिक मनुरंजन की कहानी मुझे इसलिए अच्छी लगी, क्योंकि ओटीटी की डार्क जोन की कहानियों में यह एक पारिवारिक फिल्म है।
अदिति - मैं खुद को निर्देशक का कलाकार मानती हूं। अगर मैं किसी निर्देशक का सम्मान करती हूं, तो उनके विजन पर भरोसा करते हुए खुद को उस पात्र के हवाले कर देती हूं। यह बात सही है कि कई बार इंडस्ट्री आपको एक खास लेंस से देखती है। लोग सोचते हैं कि आप फलां रोल में अच्छे लगते हैं, तो वही काम
मिलना चाहिए।
लेकिन कलाकार बहुत कुछ तलाशना चाहता है। मुझे जब कोई निर्देशक किसी नई दुनिया में जाने का मौका देता है, तो मैं उसे एक खूबसूरत अवसर मानती हूं। मैं किसी को कुछ साबित करने के लिए अलग किरदार नहीं करना चाहती। नए पात्र मेरे लिए नई दुनिया खोलते हैं। हीरामंडी में काम करके संजय लीला भंसाली सर के समय बिताने का मौका मिला।
कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता। जैसे इस फिल्म में मेरे घरेलू सहायक के रोल को लेकर लोग सोच सकते हैं कि मैं कैसे यह कर सकती हूं, लेकिन मैंने यह अपनी पुरानी छवि को तोड़ने के लिए नहीं किया है। मैं यह नहीं सोचती कि अब मैं पुलिस अधिकारी का रोल करके दिखाऊंगी कि यह भी कर सकती हूं। अगर कोई निर्देशक मुझमें कोई पात्र देखता है, तो उसके पीछे कोई कारण होगा।
- आप दोनों के लिए मनोरंजन की परिभाषा क्या है?
पंकज – यह बहुत सब्जेक्टिव है। जरूरी नहीं जो कहानी मुझे अच्छी लगे, वह दूसरे व्यक्ति को भी अच्छी लगे। यह स्वाद की तरह है। किसी को नार्थ-ईस्ट का खाना पसंद है, किसी को नहीं। इसका मतलब यह नहीं कि खाना खराब है। हालांकि, कुछ कहानियों में मानवीय भावनाएं ऐसी होती हैं, जो हर जगह के दर्शकों से जुड़ती हैं।
अदिति - मेरे लिए मनोरंजन का मतलब है किसी ऐसी दुनिया में खो जाना, जहां कुछ समय के लिए आप अपनी बाहरी दुनिया को भूल जाएं। आप उस कहानी और उसके किरदारों के साथ जुड़ जाएं। जरूरी नहीं कि आप हमेशा हंसें। हो सकता है आप मुस्कराएं, रोएं या किसी बात पर गुस्सा भी आए। उस कहानी की दुनिया में
प्रवेश कर जाना और पात्रों के साथ चलना, मेरे लिए वही असली मनोरंजन है।
- रिश्तों में परफेक्शन की तलाश होनी चाहिए या खामियों को भी स्वीकार करना चाहिए?
पंकज - खामियां होनी चाहिए। सारी परेशानी ही परफेक्शन की वजह से है। सबके लिए परफेक्शन का मतलब अलग है। परफेक्शन का कोई नियम नहीं है। मेरे हिसाब से अपूर्णता में ही पूर्णता है। एक-दूसरे को स्वीकार करना शुरू कीजिए।
अदिति - मैं खुद के साथ काफी सख्त हूं। मुझे लगता है कि हर चीज सही होनी चाहिए। अगर मुझसे कुछ गलत हो जाए या मेरी वजह से किसी का दिन खराब हो जाए, तो मैं उसके बारे में बहुत सोचती हूं। हजार बार माफी मांगने का मन करता है। यह अच्छी बात भी है, लेकिन हमेशा नहीं। अगर आपने जान-बूझकर किसी को चोट पहुंचाई है, तो उस पर विचार करना चाहिए। लेकिन अनजाने में कुछ होता है, तो उसे लेकर बार-बार परेशान होने की जरूरत नहीं है।
खैर, हम इंसान हैं, हर किसी की सोचने-समझने की अपनी अलग प्रक्रिया है। मैं भी अभी सीख रही हूं।
- गांव में होने वाली छठ पूजा से जुड़ी कौन सी बातें याद आती है? इस दौरान किन बातों का ख्याल आप अपने मुंबई के घर पर रखते हैं?
छठ पूजा पर सबसे ज्यादा अपना बचपन, गांव और परिवार याद आता है। वो सुबह-सुबह घाट पर जाने की तैयारी, घर में छठ के गीतों का बजना, प्रसाद बनना और पूरे परिवार का एक साथ जुटना, ये सारी यादें आज भी मन में ताजा हैं। छठ सिर्फ एक महापर्व नहीं है, यह हमारी जड़ों, संस्कारों और परिवार से जुड़ने का एक बहुत खूबसूरत अवसर है।
-1794716358845.webp)
मेरे माता-पिता अब हमारे बीच नहीं हैं, तो इस मौके पर उनकी याद और भी ज्यादा आती है। उनके साथ छठ पूजा की यादें, घर का वो सुंदर माहौल बहुत याद आता है। कुछ त्योहार ऐसे होते हैं जो आपको उम्र भर आपके बचपन से जोड़े रखते हैं। छठ मेरे लिए ऐसा ही एक त्योहार है।
मुंबई में रहते हुए भी हमारी कोशिश रहती है कि छठ की परंपराओं और उसके भाव को बनाए रखें। जगह बदल जाती है, शहर बदल जाता है, लेकिन आस्था और संस्कार नहीं बदलते। छठ पूजा में सबसे महत्वपूर्ण है उसकी पवित्रता, अनुशासन और श्रद्धा है। घर में इस दौरान सात्विक माहौल रखने, छठ के गीत सुनने और पारंपरिक प्रसाद की खुशबू से त्योहार का वही अहसास लाने की कोशिश रहती है।
मेरे लिए जरूरी यह है कि अगली पीढ़ी भी इन परंपराओं को समझे और इनसे जुड़ी रहे। मैं मानता हूं कि त्योहारों का असली महत्व तभी है, जब हम उन्हें सिर्फ मनाएं नहीं, बल्कि उनके पीछे की भावना और संस्कारों को भी आगे बढ़ाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।