'द्रौपदी' के आइटम सॉन्ग पर 'महाभारत', नेपाल में 'पांच पांडव' को लेकर मचा खूब बवाल, सरकार ने रुकवाई स्क्रीनिंग
फिल्म 'पांच पांडव' की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी गई है, क्योंकि इसमें द्रौपदी के किरदार को अपमानजनक तरीके से ...और पढ़ें

पांच पांडव पर नेपाल सरकार ने लगाया बैन/ फोटो- इंस्टाग्राम
HighLights
विवादों के कारण रोकी गई पांच पांडव की स्क्रीनिंग
फिल्म में 'द्रौपदी' के डांस को लेकर मचा बवाल
नेपाल सरकार ने लगाया फिल्म पर बैन
एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। 6 नवंबर को रिलीज होने वाली नेपाली फिल्म 'पांच पांडव' के मेकर्स को एक बड़ा झटका लगा है। फिल्म के प्रोडक्शन टीम से जुड़े एक सदस्य ने दावा किया है कि नेपाल के गृह मंत्री और सूचना मंत्रालय ने सेंसर बोर्ड से क्लियरेंस मिलने के बाद भी विवादित फिल्म 'पांच पांडव' की स्क्रीनिंग को रोकने का आदेश दिया है। क्या है ये पूरा विवाद, नीचे डिटेल में पढ़ें मामला।
'द्रौपदी' को अपमानजनक तरीके से दिखाने का मामला
नेपाली फिल्म 'पांच पांडव' के निर्देशक बसंत निराउला के अनुसार फिल्म की स्क्रीनिंग को रोकने का आदेश काफी शिकायतें मिलने के बाद लिया गया। बांके के मुख्य जिला अधिकारी दिल कुमार तमांग ने गृह मंत्रालय को खत लिखकर मूवी की रिलीज पर बैन लगाने का अनुरोध किया था।
लोगों का कहना था कि महाभारत की प्रमुख पात्र द्रौपदी को बहुत ही गलत तरीके से मूवी में पेश किया गया है। नेपाल में हिंदू महाकाव्य महाभारत के किरदार को गलत अंदाज में पेश करने को लेकर संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के जरिए फिल्म प्रोड्यूसर्स को मूवी को बैन करने को लेकर इनफॉर्म किया।

पांच पांडव के गाने में हिंदू मान्यताओं का अनादर
नेपाली वेबसाइट 24 आवर्स के मुताबिक, फिल्म पांच पांडव में द्रौपदी का किरदार अदा करने वाली एक्ट्रेस ईवा गिरी ने ''तानियो तानियो' गाने पर एक आइटम डांस किया है। जिसे लेकर धार्मिक समूहो और सोशल मीडिया यूजर्स ने आलोचना की है। उनका मानना है कि ऐसा करना हिंदू मान्यताओं का अनादर करना है। नेपाल के विश्व हिंदू परिषद ने भी इस पर आपत्ति जताते हुए मूवी के कंटेंट की जांच करने की मांग की है।
ऐसा माना जा रहा है कि सरकार ने किसी भी धार्मिक विवाद से बचने के लिए पांच पांडव में द्रौपदी के गाने को लेकर हस्तक्षेप किया है। हालांकि, इस पर अब तक अधिकारियों की तरफ से किसी भी तरह की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
छोटे से ट्रेलर को देख बायकॉट की मांग गलत
इस फिल्म को लेकर फिल्म के निर्देशक बसंत निराउला का कहना है कि ये पांच पांडव के मेकर्स के साथ सरासर अन्याय है, क्योंकि लोगों ने ट्रेलर और छोटी सी वीडियो के आधार पर फिल्म को बैन करने की मांग की है, जो एक गलत चलन है। नेपाली अखबार कांतिपुर से बातचीत में निराउला ने कहा, " लोगों ने अगर ये फिल्म देख ली और उसके बाद उन्हें लगे की महाभारत की द्रौपदी को हमारी फिल्म में गलत तरीके से पेश किया गया है, तो उन्हें ये पूरा अधिकार है कि वह इसका विरोध करे, लेकिन उससे पहले किसी चीज पर बवाल करना बिल्कुल गलत है।"
क्या 6 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म?
पांच पांडव 6 नवंबर को रिलीज होगी या नहीं, इसका फैसला प्रोडक्शन टीम के सरकार से बातचीत के बाद ही होगी। मूवी में हरि बंशा आचार्य, जीतू नेपाल, आर्यन सिगडेल, दीपश्री निरौला और ईवा गिरी नजर आ रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।