Mother's Day 2026: नीना से सुष्मिता तक: सामाज के तानों को ठेंगा दिखाकर 'सिंगल मॉम' बनने वालीं साहसी एक्ट्रेसेस
जब कोई महिला अकेले मां बनने का फैसला करती है तो उसे सामाज के तानों से जूझना पड़ता है। कई अभिनेत्रियों ने इन तानों से गुजरकर अकेले मां बनने की राह चुनी।

सिंगल मॉम बनने वालीं अभिनेत्रियां। फोटो क्रेडिट- एक्स
HighLights
अभिनेत्रियों ने अकेले मां बनने का साहसिक निर्णय लिया
नीना, सुष्मिता, रवीना ने सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती दी
सिंगल मदर बनकर ये अभिनेत्रियां बच्चों की कर रहीं परवरिश
स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई। एक समय था जब किसी अभिनेत्री का विवाह और संतान का अर्थ होता था करियर पूरी तरह खत्म होना। आज तमाम सवाल और पूर्वाग्रहों के बावजूद हिंदी सिनेमा की कई अभिनेत्रियां ऐसी हैं, जो अपने साहस और आत्मनिर्भरता से यह साबित कर रही हैं कि मां की ताकत किसी सामाजिक स्वीकृति की मोहताज नहीं होती।
मां बनना जिंदगी का सबसे खूबसूरत अहसास होता है, लेकिन जब एक महिला अकेले मां बनने और बच्चे की परवरिश करने का फैसला करती है, तो उसकी निजी जिंदगी अक्सर आलोचनाओं के घेरे में आ जाती है। हालांकि, फिल्म इंडस्ट्री की कई अभिनेत्रियों ने इन सामाजिक धारणाओं को चुनौती देते हुए साबित किया है कि एक महिला अकेले भी अपने बच्चे की बेहतरीन परवरिश कर सकती है।
सिंगल मदर्स बनने वाली एक्ट्रेसेस
ऐसे में मदर्स डे (Mother's Day) सिर्फ उन मांओं का जश्न नहीं है जो पारंपरिक पारिवारिक ढांचे में बच्चों की परवरिश करती हैं, बल्कि उन सिंगल मदर्स का भी सम्मान करने का दिन है, जिन्होंने समाज के सवालों, तानों और पूर्वाग्रहों के बीच अपने बच्चों के लिए मजबूत दुनिया बनाई।
बिन शादी मां बनना था मुश्किल
बधाई दो अभिनेत्री नीना गुप्ता (Neena Gupta) के लिए मां बनने बनने का फैसला आसान नहीं था। उन्होंने अपनी ऑटोबायोग्राफी 'सच कहूं तो' में भी इसका जिक्र किया है कि जब वह गर्भवती हुईं, तब वह खुश थीं। हालांकि, कई लोगों ने उन्हें गर्भपात कराने की सलाह दी थी। उन्हें लगा कि बच्चे के जन्म के फैसले पर पिता का भी अधिकार है।
उन्होंने पहले से शाीदशुदा और पूर्व वेस्टइंडीज क्रिकेटर विवियन रिचर्ड से पूछा था कि अगर वह बच्चा नहीं चाहते तो उसे जन्म नहीं देंगी, लेकिन जवाब मिला कि बच्चा होना चाहिए। इसके बाद उन्होंने मां बनने का फैसला लिया। नीना ने कहा था कि सिंगल मदर के तौर पर जिंदगी बेहद कठिन थी। उन्होंने कभी किसी से आर्थिक या भावनात्मक मदद नहीं मांगी। उस समय उनकी जिंदगी में उनके बच्चे के अलावा कोई दूसरी खुशी नहीं थी।
63 वर्षीय अभिनेत्री अब चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक मेहरा (Vivek Mehra) की पत्नी हैं। उन्होंने कहा था कि मैंने सच्चा प्यार सिर्फ मसाबा के लिए महसूस किया है। मैं अपने पति के लिए मैं बहुत कुछ कर सकती हूं, लेकिन ‘सब कुछ’ नहीं, जैसा मैं मसाबा के लिए कर सकती हूं।
रवीना टंडन के गोद लेने पर उठे थे सवाल
अभिनेत्री रवीना टंडन जब सिर्फ 21 साल की थीं, तब उन्होंने दो लड़कियों को गोद लेने का फैसला किया था। गोद ली गई बेटियां पूजा और छाया उनके रिश्ते की बहन की बेटियां हैं। उनकी मां के निधन के बाद रवीना उनकी कानूनी अभिभावक बनीं और पूरी जिम्मेदारी उठाई , क्योंकि उनकी परवरिश उस तरह नहीं हो रही थी जैसी होनी चाहिए थी।
रवीना ने एक साक्षात्कार में कहा था कि मैं अक्सर सुनती थी कि उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जा रहा है और यह बात मुझे अंदर तक तोड़ देती थी। मैं पहले से ही कई अनाथालयों और चैरिटी संस्थाओं के लिए काम कर रही थी, लेकिन यह मामला मेरे अपने घर से जुड़ा था और मैं खुद को असहाय महसूस कर रही थी। जैसे ही उनके पिता ने मुझे उनकी कानूनी अभिभावक बनने की अनुमति दी, मैं तुरंत उन्हें अपने घर ले आई।
हालांकि, बहुत से लोगों ने उनके इस फैसले को लेकर हतोत्साहित भी किया। उनका कहना था कि इस तरह के ‘बोझ’ के साथ कोई भी पुरुष उनसे शादी नहीं करना चाहेगा, लेकिन ‘मोहरा’ अभिनेत्री को विश्वास था कि जो इंसान उनसे प्यार करेगा, वह उनके इस फैसले का सम्मान भी करेगा। जब फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी से उनकी शादी हुई थी, तब पूजा और छाया कार में बैठाकर मंडप तक लेकर गई थीं। दोनों बेटियां अब शादीशुदा हैं और रवीना अब नानी भी बन चुकी हैं।
सुष्मिता सेन हैं सिंगल मदर
पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने भी दो बेटियों को गोद लेकर पापंरिक धारणाओं को तोड़ा। उस समय उन्हें और उनके परिवार को समाज के कई पूर्वाग्रहों का सामना करना पड़ा। उनसे पूछा गया कि बिना शादी के बच्चे की परवरिश कैसे करेंगी और क्या वह सिंगल पैरेंट बनने के लिए तैयार हैं? क्या उन्हें अहसास है कि इस फैसले का प्रोफेशनल और निजी जिंदगी पर क्या असर पड़ेगा?
लेकिन उन्होंने अपने दिल की बात सुनी। यह उनके जीवन का सबसे बेहतरीन फैसला साबित हुआ, इतना गहरा कि बाद में दूसरी बेटी अलीशा को भी अपनाया। उनके फैसले में उनके पिता उनके साथ खड़े रहे। सुष्मिता ने बताया था कि गोद लेने की प्रक्रिया के दौरान एक जज ने उनके पिता से कहा था कि उन्हें आर्थिक जिम्मेदारी साबित करनी होगी और अपनी आधी संपत्ति बच्चे के नाम करनी होगी। इस पर उनके पिता ने जवाब दिया था कि वह अपनी पूरी संपत्ति बेटी और उसके बच्चे के नाम करने के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़ें- 'बस यही चाहिए था...' 66 साल की उम्र में प्रेग्नेंट हैं Neena Gupta? एक्ट्रेस ने आखिरकार तोड़ी चुप्पी
एकता कपूर को भी मिले थे ताने
इसी तरह फिल्म निर्माता एकता कपूर ने 43 साल की उम्र में सरोगेसी के जरिए अपने बेटे रवि का स्वागत किया। एकता ने खुलकर कहा है कि उन्हें लंबे समय से मां बनने की इच्छा थी, लेकिन यह तय नहीं था कि वह शादी करेंगी या नहीं। उन्होंने 36 साल की उम्र में अपने एग्स फ्रीज कराए थे।
उन्हें अपने अभिनेता भाई तुषार कपूर के सिंगल पैरेंट बनने के फैसले से भी प्रेरणा मिली। उनके इस फैसले पर भी कई उुंगलियां उठीं, लेकिन उन्होंने उसे ज्यादा महत्व नहीं दिया। उनका मानना है कि आज भी समाज में स्वीकृति की कमी है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना है बिना किसी को नुकसान पहुंचाए ताकि दूसरे लोग भी अपनी जिंदगी जीने से पहले दो बार न सोचें।
वह मानती हैं कि बच्चों को जिंदगी की सच्चाइयों के साथ बड़ा करना जरूरी है, इसलिए वह अपने बेटे को हर सच ईमानदारी से बताना चाहती हैं।
साक्षी तंवर ने बेटी के लिए बनाया रूल
साक्षी तंवर ने 45 साल की उम्र में बेटी दित्या को गोद लिया। वह सिंगल मदरहुड को खुशहाल लेकिन चुनौतीपूर्ण अनुभव मानती हैं। उनके अनुसार, एक महिला के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने सपनों, करियर और बच्चे के बीच संतुलन बनाना होता है। उनका काम एक सामान्य नौकरी की तरह नहीं है, इसलिए वह अपनी शूटिंग का शेड्यूल जरूरत के अनुसार तय कर सकती हैं।
इसी वजह से उन्होंने फैसला किया कि वह साल में सिर्फ 50 से 65 दिन ही काम करेंगी ताकि बेटी के साथ ज्यादा समय बिता सकें। उनके मुताबिक, हर दिन नई चुनौतियां लेकर आता है और बच्चों की परवरिश के लिए कोई तय नियम नहीं होता। बहरहाल, तमाम सवाल और पूर्वाग्रहों के बावजूद इन अभिनेत्रियों ने अपने साहस और आत्मनिर्भरता से यह दिखाया है कि मां की ताकत किसी सामाजिक स्वीकृति की मोहताज नहीं होती।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।