'बड़ी फिल्में शो निगल....', Manoj Bajpayee ने बताई बॉलीवुड की बदकिस्मती; Hanuman Ansh की सफलता पर दी बेबाक राय
अभिनेता मनोज बाजपेयी ने आईएमडीबी रिपोर्ट, 'हनुमान अंश' की सफलता और हिंदी सिनेमा के सामने खड़ी चुनौतियों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।

मनोज बाजपेयी से खास बातचीत/ फोटो- इंस्टाग्राम
HighLights
बड़ी फिल्में छोटी फिल्मों के शोज को निगल जाती हैं
हनुमान अंश की सफलता आस्था और भक्ति के कारण है
हिंदी सिनेमा को सरकार से कभी कोई समर्थन नहीं मिला
स्मिता श्रीवास्तव, मुंबई। अभिनेता मनोज बाजपेयी इन दिनों खासी चर्चा में हैं। हाल ही में जी 5 पर रिलीज फिल्म 'द लास्ट मैन इन टावर' में मास्टरजी की भूमिका में सराहे गए हैं। आइएमबीडी की '10 इयर्स ऑफ स्ट्रीमिंग इन इंडिया' रिपोर्ट में भी उन्हें 'फ्रेंचाइजी फेसेज' श्रेणी में शामिल किया गया।
मनोज बाजपेयी ने बातचीत में इस रिपोर्ट, 'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस सफलता, छोटी फिल्मों के लिए सिनेमाघरों में कम शोज और हिंदी सिनेमा के सामने खड़ी चुनौतियों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।
आईएमडीबी की रिपोर्ट में आपका जिक्र 'द फ्रेंचाइजी फेसेज' श्रेणी में किया गया है...
मैं काम कर रहा हूं, क्योंकि काम मिल रहा है। मैं तो कहता हूं, टॉप किसी को भी बना दीजिए, काम मुझे देते रहिए। मेरा काम को लेकर यही नजरिया है कि अच्छे काम मिले और लोगों को मेरा काम पसंद आए। लोग 31 दिसंबर के बाद नया कैलेंडर लगा लेंगे। मैं नया काम कहां से लाऊंगा? तो इसलिए जरूरी है कि आपको साल दर साल ऐसी ही चुनौतीपूर्ण काम मिलते रहे। मैंने कभी नहीं चाहा मीडिया या इंटरनेट मीडिया के जरिए अपने आप को प्रमोट करूं और बिना किसी कारण मेरी चर्चा हो। काम को लेकर बात करना ज्यादा सही होगा।

हनुमान अंश के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को केस स्टडी के तौर पर देखा जा रहा है। आप इसे कैसे देखते हैं?
हनुमान अंश को हम पूरी तरह से सत्य मान करके चलेंगे,एक मापदंड मान के चलेंगे तो वो हो नहीं पाएगा। हनुमान अंश एक आध्यात्मिक महापुरुष के बारे में है,जिनके प्रति श्रद्धा और भक्ति करोड़ों लोगों की रही है। मैं खुद कैंची धाम गया हूं। मैंने और मेरे परिवार ने ध्यान भी लगाया है। उस तरह की आस्था की तुलना किसी से नहीं हो सकती है।
अभी का समय कठिन है। इस कठिन समय में अगर आप देखेंगे, तो आसपास के कई लोग आध्यात्मिक हो रहे हैं। ऐसे में इस तरह की फिल्में बहुत ही स्वाभाविक तौर पर लोगों को आकर्षित करेगी। यह अनिश्चितताओं का दौर है,जिसमें वो अध्यात्म की तरफ भागता है। दूसरा कारण शोले जब ब्लॉकबस्टर हुई थी,तो उसी समय दूसरे थिएटर में जय संतोषी मां फिल्म भी चल रही थी। वो भी ब्लॉकबस्टर थी। शोले बाद में हिट हुई थी।
भारतीयों के जीवन में अध्यात्म और भगवान हमेशा बड़े अहम अंग रहे हैं। इसलिए उसकी सफलता को या असफलता को मैं मान के नहीं चलता,क्योंकि वो हमारी आस्था और विश्वास से जुड़ी हुई चीज है। जहां लास्ट मैन इन टावर की बात है,तो इस दौर में अगर इस फिल्म को कम से कम 400 शोज रखे जाएं और तीन हफ्ते तक फिल्म चल जाए,तो कुछ निकल के आएगा। हमारे शोज कम थे, क्योंकि आजकल बड़ी फिल्मों के सामने ये छोटी फिल्में टिक नहीं पा रही हैं। फिल्म को बहुत तारीफ मिली है। फिर लगा इसे ओटीटी पर जाना चाहिए।

आपको लगता है कि दक्षिण भारत की तरह, यहां भी टिकट की कीमत तय होनी चाहिए?
तय कीमत से फायदा तो हो ही जाएगा, लेकिन फिल्म का बजट भी अहम होता है। अगर मेनस्ट्रीम की कोई बड़े बजट की फिल्म तकनीक को लेकर एक बहुत बड़ा सपना साकार करना चाह रही है, जैसा विदेशी फिल्मों में देखने को मिलता है, तो वो मिलेगा नहीं आपको क्योंकि सस्ते में वो तकनीक उपलब्ध ही नहीं होगी। तो दोनों तरफ से आप फंसे हुए हैं।
हिंदी फिल्म की बदकिस्मती यह रही है कि हमें सरकार से कभी कोई सपोर्ट मिला नहीं। एंटरटेनमेंट टैक्स भी बहुत ज्यादा है। छोटी फिल्मों के कम से कम से दो-तीन शो होना चाहिए। जैसे मराठी सिनेमा को प्राप्त है, वो हिंदी सिनेमा के पास नहीं। कम से कम छोटी फिल्मों को दर्शकों तक तो पहुंचना चाहिए। अगर ये किसी तरह से सुनिश्चित हो जाए और नए-नए छोटे थिएटर बने तो फिर कुछ होगा। नहीं तो बड़ी फिल्में आएंगी और सारे शोज निगल लेंगी।

आपने कहा था कि आपकी प्रतिभा का केवल 25% ही इस्तेमाल हुआ है। तो 75% में क्या चीजें रह गई हैं, जो लोग समझ नहीं पाए हैं?
जब भी कोई चुनौतीपूर्ण रोल आता है,तो मैं जी-जान लगा देता हूं। कई बार लगता है कि पता नहीं कर पाऊंगा या नहीं। लेकिन जब कर लेता हूं, तब लगता है कि यार ऐसे चुनौतीपूर्ण फिल्में तो और भी कर सकता हूं। बढ़ती उम्र के साथ लगता है कि जितने रोल कर सकें कर लें। आपके अंदर काबिलियत है कि आप और भी काम कर लें। लेकिन समय भाग रहा है।
कई निर्देशक हैं, तो उतने की लेखक और कलाकार हैं। कोई जरूरी नहीं है कि सारे रोल आपको मिल जाए। ऐसे में मुझे लगता है कि मेरे अंदर और भी बहुत सारी संभावनाएं हैं, मेहनत करने की ताकि मैं और भी अच्छे रोल कर सकूं।
आप राम गोपाल वर्मा के साथ पुलिस स्टेशन में भूत फिल्म भी कर रहे हैं...
हां, हाल में मैंने उसका ट्रेलर देखा। गर्व हुआ कि मैं फिल्म का हिस्सा हूं। रिलीज तारीख का इंतजार है। रामू उसके पोस्ट प्रोडक्शन पर काम करने के साथ अपनी दूसरी फिल्म की शूटिंग भी कर रहे हैं।

खुद को कैसे प्रासंगिक रखते हैं?
मैंने खुद को प्रासंगिक रखने की कोशिश नहीं की। सिवाय इसके कि अच्छे-अच्छे कपड़े मेरी टीम जो देती है, पहन लेता हूं। दूसरा मेरी बेटी छोटी हैं, तो उनकी सोच से डील करने में, समझने में आप रेलेवेंट रहते हैं। उनसे काफी कुछ सीखने को मिलता है। तीसरा आप लगातार काम अच्छा करने की कोशिश कर रहे हैं।
इस पीढ़ी में जो अच्छी बात है कि जो काम अच्छा है, जो उनकी सोच के साथ मेल खाती है, वह पसंद करते हैं। मैं किसी भी स्कूल या कॉलेज में जब जाता हूं, जिस तरह के सवाल बच्चे कर रहे हैं और जिस तरह की फिल्में या मेरा काम देख रहे हैं, वह हैरान करने वाला है। बच्चे विदेशी कंटेंट भी देख रहे हैं, उन्हें उल्लू नहीं बना सकते हैं। अगर उम्मीद से मैच नहीं कर पाएंगे, तो प्रासंगिक नहीं रहेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।