विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अयोध्या गईं Kangana Ranaut ने बताया कभी न भूलने वाला एक्सपीरियंस, अनु मलिक के साथ हुआ ये चमत्कार

Published: Sun, 14 Apr 2024 11:13 AM (IST)

22 जनवरी को हुए राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा आयोजन में पूरा बॉलीवुड शामिल हुआ था। यहां कंगना रनौत आलिया भट्ट ...और पढ़ें

अनु मलिक, कंगना रनौत और रणदीप हुड्डा
अनु मलिक, कंगना रनौत और रणदीप हुड्डा

HighLights

  1. अयोध्या गए सितारों ने शेयर किया एक्सपीरियंस
  2. श्रीराम के शौर्य और बाहुबल से प्रभावित हुए रणदीप हुड्डा
  3. कंगना ने अयोध्या को बताया धरती का स्वर्ग

प्रियंका सिंह/दीपेश पांडे, मुंबई। इस बार रामनवमी पर भव्य आयोजन होगा अयोध्या में। इससे पूर्व रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान फिल्मी दुनिया के जो लोग वहां मौजूद TV थे, उनकी आंखों के सामने अब भी वह दृश्य ताजा है। वे मानते हैं कि वहां से दर्शन करके लौटने के बाद जिंदगी में बदलाव आया है। राम नवमी के अवसर पर पढ़ें वह अनुभव, जो उन्हें हुए थे अयोध्या की पावन भूमि पर...

आध्यात्मिक था वह अनुभव

अभिनेता रणदीप हुडा को पत्नी लिन लैशराम के साथ श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने का अवसर मिला था। वह कहते हैं, ‘प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होना मेरे लिए सम्मानजनक अवसर था। हरियाणवी में तो हम राम-राम बोलकर ही अभिवादन करते हैं। जब मैं वेब सीरीज ‘इंस्पेक्टर अविनाश’ की शूटिंग के लिए अयोध्या गया था, तब श्रीराम मंदिर निर्माणाधीन था। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मैं पत्नी के साथ गया था। हमारी पहली बड़ी आउटिंग वही थी। हम दोनों के लिए वह भावुक और आध्यात्मिक अनुभव था। मैं श्रीराम के शौर्य और बाहुबल से बहुत प्रभावित हूं। लंका विजय के बाद पूरी दुनिया को पता चल गया था कि अगर भगवान श्रीराम के साथ कुछ गलत करोगे, तो तुम्हारा हश्र भी रावण जैसा ही होगा।’

संगीत की सेवा का फल

श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन जब गायक-संगीतकार शंकर महादेवन पहुंचे, तो उनकी आंखें नम हो गईं। वह बताते हैं, ‘अयोध्या के श्रीराम मंदिर में उस दिन उपस्थिति मेरे पूरे जीवन की कमाई थी। मैंने संगीत की जो भी सेवा की है, उसका फल उस दिन मिला था। मुझे विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया जाना, रामलला के सामने गाने का मौका मिलना सब श्रीराम की कृपा से हुआ है। जब रामलला की पूजा हो गई तो हेलिकाप्टर से फूल बरसाए जा रहे थे, उस समय आंखों से आंसू नहीं थम रहे थे। उस दिन पूरे भारतवर्ष की ऊर्जा केवल एक भावना पर केंद्रित हो गई थी। मैं रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में मौजूद था, यह मेरे जीवन के इतिहास में लिख दिया गया है।’

चमत्कार हुआ मेरे साथ

रामलला के दर्शन का वह दिन शब्दों में बयां करना संगीतकार और गायक अनु मलिक कठिन मानते हैं। वह कहते हैं, ‘शताब्दियों में कभी ऐसा दुर्लभ दृश्य देखने को मिलता है। उनका बुलावा मेरे लिए एक चमत्कार ही था। इस बार धड़कनें तेज हैं कि रामनवमी पर कैसे रामलला के मंदिर को सजाया जाएगा। मैं चाहता हूं फिर से उनका बुलावा आए और मैं सरयू नदी में डुबकी लगाकर फिर उनके दर्शन करूं। भगवान राम के इतने पास जाकर जब आप कामकाजी दुनिया में लौटते हैं, तो दुनिया को देखने का नजरिया बदल जाता है। जब मैं वहां बैठा हुआ था, तो यही विचार आ रहा था कि मुझे श्रीराम के किन आदर्शों का पालन करना चाहिए।’

नहीं भूलेंगे वह पल

निर्देशक मधुर भंडारकर और अभिनेत्री कंगना रनौत भी उस अवसर पर उपस्थित थे। मधुर कहते हैं, ‘जब पर्दा खुला और पहली बार रामलला की छवि देखी तो अपने आप ही आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उस पल को मैं अपने जीवन में कभी नहीं भूलूंगा। इस साल की राम नवमी हम सभी के लिए बहुत खास होगी।’ उस दिन इंटरनेट मीडिया पर वो तस्वीरें और वीडियो खूब साझा हुए, जिनमें कंगना बाहें फैलाए जय-जयकारा लगा रही हैं।

श्रीराम मंदिर जाने का अनुभव बताते हुए कंगना कहती हैं, ‘उस समय वहां चारों ओर का नजारा देखकर स्वर्ग सी अनुभूति हुई थी। कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहते हैं, मगर उस दिन ऐसा महसूस हुआ कि स्वर्ग तो यहीं अयोध्या में है। श्रीराम के अलावा कुछ नहीं दिख रहा था। ऐसी अनुभूति हुई जैसे भगवान श्रीराम वनवास पूर्ण कर आज ही अयोध्या आ गए हों। भाग्यशाली हूं कि ऐतिहासिक श्रीराम मंदिर में रामलला के पधारने की शुभ घड़ी में भाग लेने का सौभाग्य मिला!’

यह भी पढ़ें: 'बंदूक चलाई, घूंसे मारे', 'भैया जी' बनकर नरसंहार करने को तैयार Manoj Bajpayee, कहा 'जवानी में किसी ने मुझसे...'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।