नई दिल्ली, जेएनएन। अनुपम खेर ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक शानदार फ़िल्मों में काम किया है। अनुपम का करियर बड़े ही दिलचस्प अंदाज़ में शुरू हुआ था। उन्होंने महेश भट्ट की फ़िल्म सारांश में एक बुजुर्ग का किरदार निभाया था। करियर की शुरुआत में अनुपम ने ऐसे कई किरदार निभाये, जो उनकी वास्तविक उम्र से कहीं बड़े थे। आपको जानकर हैरानी होगी कि अनुपम हिंदी सिनेमा की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी के पिता और राजेश खन्ना के ससुर का किरदार भी निभा चुके हैं।
अनुपम खेर ने अपनी एल्बम से एक पुरानी तस्वीर साझा की है, जो यश चोपड़ा निर्देशित फ़िल्म विजय के शूटिंग के समय की है। इस तस्वीर में हिंदी सिनेमा के तमाम दिग्गज कलाकार नज़र आ रहे हैं। राजेश खन्ना, हेमा मालिनी, अनिल कपूर, ऋषि कपूर यश चोपड़ा के साथ हैं। इस तस्वीर के परिचय में अनुपम ने लिखा- यश चोपड़ा जी की फ़िल्म विजय का समूह चित्र। मैं 33 साल का था। मैंने हेमा मालिनी के पिता, राजेश खन्ना के ससुर और ऋषि कपूर व अनिल कपूर के दादा का रोल निभाया था। पहले यह किरदार भारतीय सिनेमा के थेस्पियन दिलीप कुमार निभाने वाले थे।
Group pic of #YashChopraJi’s VIJAY. I was 33years old. I played @dreamgirlhema’s father. #RajeshKhanna’s father-in-law. @chintskap & @AnilKapoor’s grandfather. Originally my role was supposed to be played by the true thespian of Indian cinema @TheDilipKumar. 😍🤓 #throwback pic.twitter.com/pPTBV7fjWI
— Anupam Kher (@AnupamPKher) December 3, 2019
जैसा कि अनुपम खेर ने बताया, विजय की शूटिंग के वक़्त उनकी उम्र 33 साल थी, जबकि हेमा मालिनी 40 के पड़ाव पर थीं। वहीं, ऋषि कपूर 36 साल के थे। जबकि राजेश खन्ना की उम्र 46 साल थी। हिंदी सिनेमा के प्रेमियों के लिए यह तस्वीर वाकई लाजवाब है। वहीं, अनुपम खेर के करियर की विविधता को ज़ाहिर करती है। विजय 1988 में आयी रोमांटिक एक्शन फ़िल्म थी, जो मल्टीस्टारर थी।
उपरोक्त कलाकारों के अलावा फ़िल्म में मीनाक्षी शेषाद्रि, सोनम, मौसमी चैटर्जी, राज बब्बर और सईद जाफरी अहम भूमिकाओं में दिखे थे। इस फ़िल्म से वेटरन गायक मुकेश के पोते नील नितिन मुकेश ने बतौर चाइल्ड एक्टर डेब्यू किया था। उन्होंने ऋषि कपूर के किरदार के बचपन वाले हिस्से को निभाया था।
अनुपम खेर इन दिनों होटल मुबंई में नज़र आ रहे हैं, जो 29 नवंबर को सिनेमाघरों में पहुंची थी। यह फ़िल्म मुंबई पर हुए 26/11 आतंकी हमलों पर बनी है। फ़िल्म में अनुपम एक शेफ़ के किरदार में हैं।
Posted By: Manoj Vashisth
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप