Happy Birthday Shreya Ghoshal: संजय लीला भंसाली ने श्रेया घोषाल को दिया था पहला मौका, गायिका के बारे में जाने ये खास बातें
अपनी शानदार आवाज से लाखों दिलों को जीतने वाली हिंदी सिनेमा की खूबसूरत गायिका श्रेया घोषाल अपना जन्मदिन 12 मार्च मनाती हैं। उन्होंने बॉलीवुड की कई बेहत ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। अपनी शानदार आवाज से लाखों दिलों को जीतने वाली हिंदी सिनेमा की खूबसूरत गायिका श्रेया घोषाल अपना जन्मदिन 12 मार्च मनाती हैं। उन्होंने बॉलीवुड की कई बेहतरीन फिल्मों के लिए सुपरहिट गाने गाए हैं। जन्मदिन के मौके पर हम आपको श्रेया घोषाल से जुड़ी खास बातों से रूबरू करवाते हैं। श्रेया घोषाल का जन्म 12 मार्च 1984 को पश्चिम बंगाल में बेहरामपुर के मुर्शिदाबाद में हुआ था।
श्रेया घोषाल ने मुंबई के अणुशक्ति नगर के एटॉमिक एनर्जी सेंट्रल स्कूल से पढ़ाई की। बचपन से ही उन्हें गायकी का शौक था। यही वजह थी जो श्रेया घोषाल ने चार साल ही उम्र से ही संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी। ग्रेजुएशन के लिए उन्होंने एसआईईएस कॉलेज कला संकाय में दाखिला लिया। बॉलीवुड में श्रेया घोषाल को बड़ा मौका मशहूर फिल्मकार संजय लीला भंसाली ने दिया था।
उन्होंने साल 2002 में आई संजय लीला भंसाली की फिल्म 'देवदास' के लिए पहली बार गाना गाया था। इस फिल्म में उन्होंने 'डोला रे' गाना गया, जिसे संगीत प्रेमियों मे खूब पसंद किया। इसके बाद श्रेया घोषाल की आवाज का जादू पूरे बॉलीवुड में चला और उन्होंने कई फिल्मों से लिए एक से बढ़कर एक गाने गाए। उन्होंने 'वादा रहा' (फिल्म- खाकी), 'हम तुमको निगाहों में' (फिल्म- गर्व), 'पीया बोले' (फिल्म-परिनीता), 'तेरी ओर' (फिल्म- सिंह इज किंग) और 'सुन रहा है न तू' (फिल्म- आशिकी 2) सहित और भी कई फिल्मों के लिए बेहतरीन गाने गाए हैं।
हिंदी गानों के अलावा श्रेया घोषाल बंगाली, असमी, मराठी, गुजराती, नेपाली, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा में गाने गाकर दर्शकों के दिलों को जीत चुकी हैं। बेहतरीन गाने के लिए श्रेया घोषाल कई पुरस्कार भी हासिल कर चुकी हैं। वह भारत की पहली ऐसी गायिका हैं जिन्हें महज 26 साल की उम्र में राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा श्रेया फिल्मफेयर और साउथ फिल्मफेयर सहित कई पुरस्कार हासिल कर चुकी हैं।
निजी जिंदगी की बात करें तो अपनी शादी को लेकर श्रेया घोषाल काफी चर्चा में रहीं। लंबे समय के अफेयर के बाद श्रेया ने अपने बचपन से दोस्त शिलादित्य मुखोपाध्याय से साल 2015 गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी। शादी के बाद उन्होंने खुद इस बात की जानकारी ट्वीट करके दी। उनके पति शिलादित्य मुंबई स्थित रेसिलियंट टेक्नोलॉजी कंपनी के मालिक हैं। श्रेया घोषाल जल्द ही मां भी बनने वही हैं। हाल ही में उन्होंने खुद के प्रेग्नेंट होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी थी। श्रेया घोषाल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी एक तस्वीर साझा की थी। इस तस्वीर में उनका बेबी बंप साफ नजर आ रहा था।
इस तस्वीर के साथ श्रेया घोषाल ने अपने पोस्ट में लिखा, 'बेबी श्रेयादित्य आने वाला है! शिलादित्य मुखोपाध्याय और मैं आप सभी के साथ इस खबर को साझा करते हुए काफी खुशी महसूस कर रहे हैं। आपके प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है, क्योंकि हमने अपने जीवन में इस नए चैप्टर के लिए खुद को तैयार किया है।'

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।