विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'फॉलोअर्स के दम पर ...', Ramayana की 'कौशल्या' ने कास्टिंग के तरीकों पर की बात; गौरव खन्ना ने बताई टीवी की पावर

By Deepesh PandeyEdited By: Tanya Arora
Published: Fri, 20 Nov 2026 04:10 PM (IST)

टीवी एक्टर गौरव खन्ना और रामायणम् में माता कौशल्या की भूमिका अदा कर चुकीं अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन ने वर्ल्ड टेलीविजन के मौके बदलते कास्टिंग के तौर तरीको पर बात की। 

वर्ल्ड टेलीविजन डे पर बोले टीवी सितारे/ फोटो- इंस्टाग्राम

वर्ल्ड टेलीविजन डे पर बोले टीवी सितारे/ फोटो- इंस्टाग्राम

HighLights

  1. टीवी आज भी प्रतिभा दिखाने का सबसे बड़ा मंच है

  2. फॉलोअर्स के आधार पर हो रही है टीवी की कास्टिंग

  3. गौरव खन्ना ने बताई टीवी की सबसे बड़ी खासियत

दीपेश पांडे, मुंबई। मनोरंजन की दुनिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म और इंटरनेट मीडिया के लगातार बढ़ते प्रभाव के बीच टीवी भी लगातार बदलावों से गुजर रहा है। हालांकि, इसकी पहुंच आज भी बेमिसाल है। समय के साथ टीवी में काम करने का तरीका, दर्शकों की पसंद और कलाकारों का स्टारडम भले ही बदला है, लेकिन इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है। विश्व टेलीविजन दिवस (21 नवंबर) के मौके पर कुछ टीवी सितारों से खास बातचीत।

प्रतिभा दिखाने का सबसे बड़ा मंच है टीवी

हालिया प्रदर्शित फिल्म ‘रामायणम्’ में नजर आईं तथा धारावाहिक ‘गंगा माई की बेटियां’ की अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन कहती हैं, टीवी में काम करते हुए मुझे 27 साल हो गए हैं और मैंने हर साल इस इंडस्ट्री में कुछ न कुछ बड़े बदलाव देखे हैं। कई साल पहले मैंने बी4यू चैनल का एक धारावाहिक ‘किनारे’ किया था, उसी में खुद को पहली बार टीवी पर देखा था। इसके बाद मैंने फिल्मकार अनुराग बासु के साथ जीटीवी के लिए एक धारावाहिक ‘मंजिलें अपनी-अपनी’ किया।

उन्होंने आगे कहा, "टीवी मेरे लिए हमेशा से अपनी प्रतिभा और कौशल को दिखाने का बहुत बड़ा माध्यम रहा है। मुझे याद है कि पहला धारावाहिक करने के बाद जब मैं रोड पर निकलती थी तो लोग अक्सर मुझसे मिलने आते थे। तब टीवी कलाकारों को लेकर लोगों का सोच बिल्कुल अलग था। पहले ‘बुनियाद’, ‘नुक्कड़’ और ‘सर्कस’ जैसे धारावाहिकों से दर्शकों का एक पारिवारिक जुड़ाव हो जाता था। उसके बाद पिछली सदी के नौवें दशक के खत्म होते-होते वैसे धारावाहिक बनने बंद हो गए।

Screenshot 2026-11-20 160539

फॉलोअर्स के हिसाब से हो रही है कास्टिंग

पहले के कलाकार अपने पात्रों के साथ दर्शकों के मन में बस जाते थे। पिछले कुछ वर्षों में वो भी बदल गया है। आज इंटरनेट मीडिया के दौर में कई जगहों पर फॉलोअर्स देखकर कास्टिंग की जा रही है। कई बार मुझे भी कास्ट करते हुए लोगों ने कहा है कि आपके तो फॉलोअर्स बहुत कम हैं। इससे एक चीज यह अच्छी भी हुई है कि चैनल कलाकारों के अच्छे सीन की रील्स के साथ उनको जोड़ते भी हैं, इससे पात्र के साथ-साथ कलाकार की भी पहचान बढ़ती है।

टीवी की सबसे बड़ी ताकत मैं इसलिए मानती हूं कि इससे कलाकार को हर दिन दर्शकों से जुड़ने की स्वतंत्रता मिलती है। टेलीविजन के कारण ही मुझे काम में निरंतरता मिलती रही है। टीवी मेरे लिए सिर्फ रोजी-रोटी नहीं, बल्कि परफॉर्म करने और अपना कौशल दिखाने का सबसे बड़ा मंच है। आज अगर मैं किसी फिल्म के ऑडिशन के लिए कहीं जाती हूं तो वहां टेलीविजन में किए अपने अच्छे काम ही ऑडिशन के तौर पर दिखाती हूं।

Screenshot 2026-11-20 160618

हर रोज लोगों के घर पहुंचा रहा है टीवी

आगामी धारावाहिक ‘दिल की बेवफाइयां’ के अभिनेता गौरव खन्ना कहते हैं, "पिछले एक-दो साल से मैं अपने काम के जरिए यही बता रहा हूं कि टेलीविजन की ताकत क्या है? एक सामान्य परिवार दो-तीन महीने में एक बार साथ फिल्म देखने जाता होगा या यूं कहें कि साल में चार-पांच या छह फिल्में देख लेता होगा। हालांकि, टेलीविजन हर परिवार रोज अपने घर पर देखता है। अगर मैं टेलीविजन पर हूं तो मैं रोज उनके घर पहुंच रहा हूं। मेरा पात्र उनके घर का हिस्सा और उनके परिवार का एक सदस्य बन जाता है। यही टेलीविजन की ताकत है।"

गौरव खन्ना ने आगे कहा, "मैं इस इंडस्ट्री का बहुत शुक्रगुजार हूं, क्योंकि मुझे सब कुछ टीवी ने दिया है। ‘बिग बॉस’ में अगर सलमान सर कहते हैं कि उन्होंने मेरे शो देखे हैं, उनकी मां ने मेरे शो देखे हैं तो यह टेलीविजन की ताकत दिखाता है। मैं कभी सोच नहीं सकता था कि एक दिन बालीवुड के सुपरस्टार कहेंगे कि मैं इस व्यक्ति को जानता हूं।"

Untitled Design - 2026-11-20T160710.981

टीवी को दर्शकों के मुताबिक बदलना होगा

कलाकारों की पहचान और स्टारडम के मामले में भी हमारे इस नए धारावाहिक में एक नई चीज दिखी है। इसके शुरुआती टीजर में हमने कहानी, शो के नाम या शो के बारे में कुछ नहीं बताया था। सिर्फ यह कहा था कि गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या साथ आ रहे हैं। मैंने अलग-अलग चैनलों पर इतने शो किए हैं, लेकिन पहले कभी ऐसा नहीं हुआ था, जिसमें मेरे नाम से बताया जा रहा हो कि गौरव खन्ना जल्द आ रहे हैं। एक अभिनेता के लिए यह बहुत बड़ी बात है। शुरू में ही मैं समझ गया था कि वे कुछ अलग शुरू करना चाहते हैं। आज टीवी के दर्शक बदले हैं। इसलिए उसकी प्रस्तुति भी उसी के मुताबिक बदलनी होगी।

यह भी पढ़ें- श्रद्धा आर्या ने गौरव खन्ना के सामने उड़ाया उनकी बीवी आकांक्षा का मजाक? 'दिल की बेवफाइयां' के बहाने कसा तंज

यह भी पढ़ें- गौरव खन्ना-श्रद्धा आर्या के शो 'दिल की बेवफाइयां' के प्रोमो ने बढ़ाया फैंस का उत्साह, पहली बार दिखेगी ये जोड़ी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।