विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Box Office: रणबीर कपूर की ‘संजू’ रिलीज़ , पहले दिन हो सकती है इतनी कमाई

By Manoj KhadilkarEdited By:
Published: Wed, 27 Jun 2018 04:02 PM (IST)Updated: Sat, 30 Jun 2018 09:14 AM (IST)

जिस तरह से संजू को लेकर बाज़ार गर्म है ये माना जा रहा है कि इस फिल्म को पहले दिन इतने करोड़ रूपये की ओपनिंग लग सकती है।

Box Office: रणबीर कपूर की ‘संजू’ रिलीज़ , पहले दिन हो सकती है इतनी कमाई
Box Office: रणबीर कपूर की ‘संजू’ रिलीज़ , पहले दिन हो सकती है इतनी कमाई

मुंबई। आमतौर पर हिंदी फिल्मों का एक ट्रेंड रहा है। भेड़चाल l जब से बायोपिक का दौर आया है नामी हस्तियों की ज़िंदगी को बड़े परदे पर उतारने का सिलसिला बुलेट ट्रेन की स्पीड से चल पड़ा है। आज शुक्रवार को भी एक बायोपिक रिलीज़ हुई है। पर एक फ़र्क है। अब तक ऐसे लोगों की ज़िंदगी पर फिल्में बनी जो दूसरों को प्रेरणा देने वाली थीं। इस बार ऐसी ज़िंदगी है, जिससे सिर्फ़ सबक लेना होगा। नामी होने का मतलब बदनाम और बिगड़ैलपन पर परदा नहीं डाला जा सकता।

हम बात कर रहे हैं फिल्म संजू की। आज यानि 29 जून को देश- दुनिया पर संजय दत्त की ज़िंदगी के कुछ पन्ने खुल रहे हैं । वैसे ये किताब कभी बंद नहीं थी लेकिन निर्देशन राजकुमार हिरानी ने इसकी पेशकश को ‘खुली किताब’ की तरह दिखाने का दावा किया है। बहुत ही ज़ल्दी दूसरों के हाव-भाव और भावनाओं को पकड़ने में बहुत ही कम उम्र में उस्ताद बन गए रणबीर कपूर, संजू बाबा की लाइफ़ को करीब दो घंटे 35 मिनट में बड़े परदे पर उतारेंगे। अब तक के प्रमोशन में इस बात को ताल ठोक कर कहा गया है कि ये संजय दत्त के जीवन के हर अच्छे- बुरे दौर की फिल्म है।

आज की युवा पीढ़ी को संजय दत्त के भटके हुए जीवन से सीख दिलाने का प्रयास है। कहानी संजय दत्त के पुणे के येरवडा जेल की कैद से बाहर निकलने से लेकर, ड्रग्स लेने, ए के 56 राइफल रखने और उन तीन या साढ़े तीन सौ गर्लफ्रेंड तक की है। पिता सुनील दत्त से रिश्ते, माँ नर्गिस का प्यार, तीन पत्नियों संग निर्वाह। हिरानी, डिटेलिंग के माहिर हैं तो उनसे वैसी ही उम्मीद भी की जा सकती है। यही कारण रहा कि फिल्म लम्बी न हो इसलिए हिरानी ने अपने एक प्रिय गाने का भी बलिदान दे दिया।

फिल्म संजू को सेंसर बोर्ड ने यू/ए सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है। फिल्म में कोई कट नहीं किया गया लेकिन मेकर्स से कहा गया कि फिल्म के ‘सौन्दर्यबोध’ को बनाये रखने के लिए हो सके तो टॉयलेट ओवरफ्लो सीन को हटाने की कोशिश करें। फिल्म संजू करीब 40 करोड़ रूपये में बनी है l भारत में 4000 और करीब 65 देशों में 1300 स्क्रीन्स में रिलीज़ की गई है। ये राजकुमार हिरानी और रणबीर कपूर की अब तक की सबसे बड़ी (स्क्रीन्स के मामले में) रिलीज़ है l विधु विनोद चोपड़ा और राजकुमार हिरानी फिल्मस के साथ फॉक्स स्टार स्टूडियो की इस पेशकश को लेकर बहुत बड़ा बज़ है। माना जा रहा है कि संजू को पहले दिन 27 से 30 करोड़ रूपये की ओपनिंग लग सकती है। अगर पहले दिन के फिगर 32 से 35 करोड़ तक भी गए तो हैरानी की बात नहीं है। ट्रेड पंडितों के मुताबिक ये रणबीर के करियर का भी बड़ा दांव है लेकिन जिस तरह से राजकुमार हिरानी की फिल्मों ने अब तक अपना जलवा दिखाया है संजू 230 करोड़ रूपये तक लाइफ़ टाइम करे तो सरप्राइज़ नहीं होगा।

राज कुमार हिरानी की फिल्मों का पहला दिन –

3 इडियट्स (साल 2009) – 12 करोड़ 78 लाख रूपये

पीके (साल 2014 ) – 26 करोड़ 63 लाख रूपये

रणबीर कपूर की फिल्मों का पहला दिन- 

जग्गा जासूस (साल 2017 ) आठ करोड़ 57 लाख रुपये

ऐ दिल है मुश्किल (साल 2016) 13 करोड़ 30 लाख रूपये

तमाशा ( साल 2015 ) 10 करोड़ 94 लाख रूपये

किसने क्या कहा है-

विधु विनोद चोपड़ा “ मुझे लगा रणबीर कपूर रोल में फिट नहीं होंगे। रणवीर सिंह जैसे स्टार को कास्ट करना चाहिए। रणवीर इमोशनल डेप्थ वाले किरदार और खुद को पूरी तरह से संजय दत्त में ढालने के लिए तैयार रहेंगे। लेकिन राजू हिरानी नहीं माने। उन्होंने शूटिंग शुरू की और रणबीर कपूर को काम करते देखा तो महसूस मैं गलत था"।

राजू हिरानी  "कौन सा स्टार है जो ये मानेगा कि हां मेरी 308 गर्ल फ्रेंड थी। मैं उन निर्देशकों में से तो हरगिज नहीं हूं जो कि अपने करियर के तीन साल किसी का नाम क्लीयर करने में लगा दें। अगर मैं बुरी और इमेज मेकिंग फिल्म बनाता तो मुझे ही लोग कहते कि आप तो अच्छी फिल्म बनाते थे अभी क्या हुआ। ये क्लीन चिट नहीं है”।

रणबीर कपूर “ पता था कि मेरी तुलना संजय दत्त से की जाएगी जिसके चलते l मुझे लगता है लोग चाहे मुझे 40 साल के संजय दत्त के रूप में देखें या 20 साल का उन्हें ऐसी फीलिंग आनी चाहिए कि वह एक कलाकार को देख रहे हैं जो कि संजय दत्त की भूमिका निभा रहा हैl मैं दूसरा संजय दत्त नहीं बन सकता”।

संजय दत्त का पूरा जीवन परदे पर उतरने के लिए राजकुमार हिरानी को कई कलाकारों के जरुरत थी। पिता सुनील दत्त के रूप में उन्होंने परेश रावल को चुना तो माँ नर्गिस के लिए मनीषा कोइराला को। अभी की बीवी मान्यता दीया मिर्ज़ा को बनाया और दोस्त विक्की कौशल को। गर्लफ्रेंड सोनम कपूर और बायोग्राफर अनुष्का शर्मा जैसे बड़े नाम हैं। करिश्मा तन्ना संभवतः माधुरी दीक्षित, जिम सर्भ सलमान खान और सयाजी शिंदे डॉन बने हैं। अदिति गौतम प्रिय दत्त और अश्नूर कौर नम्रता दत्त हैं। बमन ईरानी , तब्बू, महेश मांजरेकर और अरशद वारसी, जैसे हैं वैसे ही दिखाए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।