दीपिका की डेब्यू हॉलीवुड फ़िल्म xXx ने की है ताबड़तोड़ कमाई
भारतीय फ़िल्म क्रिटिक्स को ये एक्शन पैक्ड फ़िल्म इंप्रेस नहीं कर सकी, लेकिन दुनियाभर में विन डीज़ल की फ़ैन फॉलोइंग के चलते इसने अच्छा बिजनेस किया है।
मुंबई। दीपिका पादुकोण की डेब्यू हॉलीवुड फ़िल्म xXx: Return Of Xander Cage को देश में भले ही ख़ास रिस्पांस ना मिला हो, लेकिन दुनियाभर में फ़िल्म ने ज़बर्दस्त कमाई की है। फ़िल्म से जुड़े सूत्रों की मानें तो फ़िल्म 308 मिलियन डॉलर (लगभग 206 करोड़ रुपए) जमा कर चुकी है और अब तक 2017 की हाईएस्ट ग्लोबल ग्रॉसर बन चुकी है।
फ़िल्म में विन डीज़ल ने लीड रोल निभाया है और xXx सीरीज़ के ये तीसरी फ़िल्म है। रिटर्न ऑफ़ ज़ेंडर केज में दीपिका ने सेरेना नाम का किरदार निभाया था, जो एक ख़ास मिशन में ज़ेंडर के साथ जुड़ती है। फ़िल्म में दीपिका काफी एक्शन करती हुई दिखाई दीं। दीपिका के इस हॉलीवुड डेब्यू को काफी प्रचारित और प्रसारित किया गया था। फ़िल्म के प्रमोशन के लिए ख़ुद विन डीज़ल इंडिया भी आए थे। हालांकि भारतीय फ़िल्म क्रिटिक्स को ये एक्शन पैक्ड फ़िल्म इंप्रेस नहीं कर सकी, लेकिन दुनियाभर में विन डीज़ल की फ़ैन फॉलोइंग के चलते इसने अच्छा बिजनेस किया है। फ़िल्म भारत में 14 जनवरी को रिलीज़ हुई थी।
इसे भी पढ़ें- हॉलीवुड फ़िल्ममेकर स्टीवन स्पिलबर्ग की 97 वर्षीय मां का निधन
आईएएनएस के मुताबिक़, फ़िल्म ने 10 फरवरी के वीकेंड में फ़िल्म ने वर्ल्डवाइड 70 मिलियन डॉलर (लगभग 47 करोड़ रुपए) जमा किए हैं, जिसमें से 60 मिलियन डॉलर (लगभग 40 करोड़ रुपए) की कमाई सिर्फ़ चाइनीज़ बॉक्स ऑफ़िस पर हुई है, जहां फ़िल्म को बेहद शानदार रिस्पांस मिला है। यहां फ़िल्म 6600 स्क्रींस पर रिलीज़ हुई है। फ़िल्म को डीजे करूसो ने डायरेक्ट किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।