विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 01, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Samrat Prithviraj: सीएम योगी आदित्‍यनाथ देखेंगे अक्षय कुमार की सम्राट पृथ्वीराज, 2 जून को होगी स्‍पेशल स्‍क्रीनिंग

By Babita KashyapEdited By:
Published: Wed, 01 Jun 2022 10:28 AM (IST)Updated: Wed, 01 Jun 2022 10:31 AM (IST)

Samrat Prithviraj special screening उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ (CM Yogi Adityanath) 2 जून को अपनी कैबिनेट के मंत्रियों ...और पढ़ें

Samrat Prithviraj: अपने मंत्रियों के साथ फिल्म सम्राट पृथ्वीराज देखेंगे योगी आदित्यनाथ
Samrat Prithviraj: अपने मंत्रियों के साथ फिल्म सम्राट पृथ्वीराज देखेंगे योगी आदित्यनाथ

नई दिल्‍ली, जेएनएन। Samrat Prithviraj special screening: बालीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर अभिनीत फिल्‍म सम्राट पृथ्वीराज 3 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। लेकिन इससे पहले 2 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी कैबिनेट फिल्म सम्राट पृथ्वीराज देखेगी। इसके लिए लोकभवन में वीरवार को फिल्‍म की स्पेशल स्क्रीनिंग होगी।

फिल्म सम्राट पृथ्वीराज का निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है। यह फिल्म 3 जून को हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में अभिनेता अक्षय कुमार राजा पृथ्वीराज की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं संयोगिता के किरदार से मानुषी छिल्लर बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं. फिल्म में अक्षय और मानुषी के अलावा सोनू सूद, संजय दत्त, आशुतोष राणा, मानव विज, साक्षी तंवर, ललित तिवारी भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।

क्या पृथ्वीराज बड़ी हिट साबित होगी?

अक्षय कुमार बॉलीवुड में हिट फिल्में देने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनकी पिछली फिल्म बच्चन पांडे ने बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं किया और इससे अभिनेता की ब्रांड वैल्यू भी प्रभावित हुई। इसे देखते हुए उनकी फिल्म का हिट होना बहुत मायने रखता है। पिछली बार उनकी फिल्म के सामने कश्मीर फाइल्स की आंधी चली थी, लेकिन इस बार भी कार्तिक आर्यन की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पहले से मौजूद है। फिलहाल दोनों फिल्मों का कॉन्सेप्ट काफी अलग है। पृथ्वीराज एक ऐतिहासिक फिल्म है, जबकि भूल भुलैया 2 एक हॉरर कॉमेडी है, लेकिन फिर भी 'भूल भुलैया 2' ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। इसे देखते हुए और फिल्म के मेगा बजट के हिसाब से पृथ्वीराज को बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करना पड़ सकता है। फिलहाल पृथ्वीराज के मेकर्स ने एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। उम्मीद की जा रही है कि टिकट की एडवांस बुकिंग 10 से 12 करोड़ रुपये के आसपास होगी।

फिल्‍म में किस अभिनेता को कितनी मिली फीस

अभिनेता अक्षय कुमार ने फिल्म में पृथ्वीराज चौहान का किरदार निभाने के लिए मोटी फीस ली है। जानकारी के मुताबिक उन्होंने इस फिल्म के लिए 60 करोड़ रुपए फीस के तौर पर लिए हैं, वहीं बॉलीवुड में डेब्यू कर रही मानुषी छिल्लर ने रानी संयोगिता के रोल के लिए करीब 1 करोड़ रुपए चार्ज किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, संजय दत्त ने काका कान्ह के किरदार के लिए 5 करोड़ रुपए चार्ज किए हैं और चांदबरदाई के किरदार के लिए सोनू सूद ने करीब 3 करोड़ रुपए चार्ज लिए हैं।

पानी की तरह बहाया गया पैसा

अन्य फिल्मों की तुलना में इतिहास या राजा महाराजा से जुड़ी किसी भी फिल्म पर काफी पैसा खर्च किया जाता है, फिल्मों में भव्यता के कारण सेट, राजसी वेशभूषा, गहने और अन्य चीजों पर भी काफी बजट लगाया जाता है। फिल्म पृथ्वीराज पर मेकर्स ने काफी पैसा भी खर्च किया है। जानकारी के मुताबिक 12वीं सदी की दिल्ली, अजमेर और कन्नौज को फिर से उसी रूप में दिखाने के लिए एक विशाल सेट बनाया गया है, जिस पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस विशाल सेट को बनाने में 900 मजदूरों ने करीब आठ महीने की मेहनत की। पूरी फिल्म का बजट 300 करोड़ बताया जा रहा है।

जानें क्‍या है फिल्‍म की स्‍टोरी

अक्षय कुमार की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज, पृथ्वीराज रासो पुस्तक पर आधारित है, जिसे राजा पृथ्वीराज चौहान के जीवन और वीरता का दस्तावेज माना जाता है। फिल्म में पृथ्वीराज की वीरता के साथ-साथ रानी संयोगिता के साथ उनकी प्रेम कहानी को भी खूबसूरती से दिखाया जाएगा। इसके अलावा फिल्म में पृथ्वीराज चौहान और मोहम्मद गौरी के बीच के युद्ध को प्रमुखता से दर्शाया गया है।