विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैमरे के आगे अभिनय का जलवा और पढ़ाई पर पूरा फोकस, बाल दिवस पर मिलिए इन उभरते सितारों से

By Deepesh PandeyEdited By: Surabhi Shukla
Published: Thu, 12 Nov 2026 03:59 PM (IST)

बाल दिवस के अवसर पर बाल कलाकार माही राय और कविशा महंत की कहानी, जो अभिनय के साथ अपनी पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दे रहे हैं।

बाल कलाकार माही राय और कविशा महंता

बाल कलाकार माही राय और कविशा महंता

HighLights

  1. माही राय ने 'ओह माय डॉग' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा

  2. कविशा महंत को 'आकुति' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला

  3. दोनों बाल कलाकार पढ़ाई के साथ अभिनय भी कर रहे

दीपेश पांडेय, मुंबई। अभिनय का शौक तो बाल कलातार माही राय को बचपन से था, लेकिन कैमरे के सामने आने का हौसला उन्हें अपने पिता और फिल्म निर्देशक अमित राय से मिला। फिल्म ओह माय डॉग से अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले माही ने अपने पिता के निर्देशन में ही पहली बार कैमरे का सामना किया।

बचपन से थी एक्टिंग में दिलचस्पी

फिलहाल नौवीं कक्षा में पढ़ रहे माही के लिए यह सफर जितना रोमांचक था, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी। बाल दिवस के मौके पर माही बताते हैं, ‘एक्टिंग में मेरी दिलचस्पी बचपन से ही थी, खिलौनों के साथ भी अक्सर एक्टिंग किया करता था। इस बीच पापा को मेरे अंदर कुछ अलग बात दिखी।

Child

उन्होंने ही मुझे एक्टिंग करने का सुझाव दिया था। उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या तुम यह फिल्म करोगे? तो मैंने हां कर दिया। जब मैं पहली बार कैमरे के सामने आया तो कैमरा देखकर ही बहुत घबरा गया था। आस-पास इतने सारे लोग थे, मुझे कुछ समझ में ही नहीं आ रहा था। डर लग रहा था कि अगर कुछ गलती हो गई, तो लोग चिल्लाएंगे। जब एक बार मैंने काम करना शुरू किया तो मेरा डर खत्म हो गया।

सेट पर लोगों ने मुझे स्टार जैसा फील करवाया

फिर तो मैं कैमरे के सामने ऐसे आता था, जैसे कि वो मेरा रोज का काम हो। सेट पर गीता अग्रवाल मैम और पवन मल्होत्रा सर ने मेरा मार्गदर्शन किया। मेरी फिल्म आने के बाद मैंने अपने आस-पास काफी बदलाव देखा। लोग मुझे स्टार जैसा महसूस करा रहे थे। स्कूल के सारे दोस्तों और टीचर्स ने मुझे बधाइयां दी थी। कुछ लोगों ने मेरे साथ तस्वीरें भी ली। हालांकि, उससे मेरे दोस्तों के बीच कुछ खास बदलाव नहीं हुआ।

अपनी आगे की योजनाओं पर माही कहते हैं, ‘आगे मैं क्या बनूंगा, वो तो समय ही बताएगा। फिलहाल तो मैं सबसे ज्यादा ध्यान अपनी पढ़ाई पर दे रहा हूं। अभी मैं नौवीं कक्षा में हूं। इसके साथ फुटबाल भी खेलता हूं, अपनी टीम के साथ मैंने अपने स्कूल का स्टेट चैंपियनशिप भी जीता है। तो सबसे पहले पढ़ाई पूरी करूंगा, फिर आगे चलकर देखूंगा कि मुझे किस क्षेत्र में जाना है।’ 

Child (5)

अगर एक दिन के लिए पूरे सेट का निर्देशक बना दिया जाए, तो क्या करना चाहेंगें? 

इसके जवाब में माही कहते हैं कि मैं सबसे पहले सेट पर खूब सफाई रखने का ध्यान दूंगा। मैंने देखा है कि सेट पर कई लोग बहुत गंदगी फैलाते हैं। इसके साथ लोगों के बीच बातचीत को बेहतर और आसान बनाना चाहूंगा। मैंने यह भी देखा है कि लोग बोलते कुछ हैं और दूसरे छोर पर पहुंचते-पहुंचते बात कुछ और हो जाती है।’


पहले डाक्टर बनना है, फिर एक्टिंग भी करनी है : कविशा महंत

महज पांच साल की उम्र में अभिनय शुरू करने वाली नौ वर्षीय कविशा महंत को उनकी पहली फिल्म आकुति के लिए हाल ही में संपन्न हुए जागरण फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवार्ड दिया गया। इससे पहले उनकी फिल्म आकुति न्यू यार्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल समेत कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित हो चुकी है। जहां उन्हें सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार के लिए भी नामित किया जा चुका है।

Child (4)

भले ही वह अभी से अभिनय की दुनिया में नाम कमा रही हैं, लेकिन उन्हें बड़ी होकर डाक्टर बनना है। कविशा बताती हैं, ‘मैंने पांच साल की उम्र से एक्टिंग करना शुरू किया था। इस फिल्म से पहले मैंने बाली घर नामक एक असमी धारावाहिक किया था। एक्टिंग में मेरी दिलचस्पी हमेशा से रही है। मेरी मम्मी दीपांडिता महंत भी अभिनेत्री हैं और पापा स्क्रीनराइटर हैं।

शूटिंग के लिए काफी दिन बाहर रहना पड़ा

मम्मी असमी धारावाहिकों में काम करती हैं। तो एक्टिंग कैसे करनी है यह मैं अपनी मम्मी से सीखती हूं। पापा के किसी दोस्त ने उनसे बताया था कि किसी फिल्म के लिए आठ साल की बच्ची का आडिशन हो रहा है, लेकिन तब मेरी उम्र सिर्फ छह साल थी। फिर भी पापा ने फिल्म वालों से बात की, हमने घर से ही आडिशन बनाकर उन्हें भेज दिया।

फिल्म के निर्देशक और निर्माता को मेरा काम पसंद आया। हम लोग गुवाहाटी में रहते हैं, फिल्म की शूटिंग वहां से काफी दूर होनी थी। शूटिंग के लिए वहां करीब 45 दिनों तक रहना पड़ा था। इसके लिए स्कूल ने भी फटाफट परमिशन दे दी।

म्यूजिक वीडियो में भी कर चुकी हैं काम

उसके बाद मम्मी मुझे साथ लेकर शूटिंग के लिए गई। जब तक मेरी शूटिंग चली मम्मी ने कोई दूसरा काम नहीं किया।’ अभिनय के साथ-साथ कविशा पढ़ाई भी पूरा ध्यान लगाकर करती हैं। वह बताती हैं,‘आकुति के बाद मैंने एक शार्ट फिल्म और म्यूजिक वीडियो भी किया है। अभी मैं कक्षा चार में पढ़ती हूं। मेरे दोस्त मुझे बहुत स्पेशल फील कराते हैं। सभी मेरे साथ फोटो भी लेते हैं। मुझे बड़े होकर डाक्टर बनना है। उसके बाद अगर मौका मिला तो एक्टिंग भी करनी है।

यह भी पढ़ें- Kaali Kheti Trailer: देहाती भूत का खौफनाक ट्रेलर लेकर आए जैकी श्रॉफ, गांव की रहस्यमयी कहानी देख कांप उठेंगे दर्शक

यह भी पढ़ें- 'मैं नास्तिक हूं पर...', Dhurandhar 2 के बाद Ramayana के मुरीद हुए राम गोपाल वर्मा; रणबीर की मूवी का किया रिव्यू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।