सोशल मीडिया की चकाचौंध से दूर सितारों का जश्न, अगस्त्य नंदा, टिस्का और अदा शर्मा कैसे मनाते हैं 'सिंपल दीवाली'
अगस्त्य नंदा, टिस्का चोपड़ा और अदा शर्मा ने हाल ही में ये खुलासा किया है कि ये तीनों अन्य फिल्मी सितारों की तुलना में दीवाली कैसे मनाते हैं।
-1794226275702_m.webp)
टिस्का चोपड़ा, अगस्त्य नंदा और अदा शर्मा (फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम)
HighLights
बॉलीवुड में मना दीवाली का जश्न
इन फिल्मी सितारों ने बताई प्लानिंग
अदा शर्मा का दीवाली सेलिब्रेशन है यूनिक
प्रियंका सिंह, मुंबई: दीवाली का पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और खुशियों की सौगात लेकर आता है। आम इंसान हो या फिल्मी सितारे, यह त्योहार सभी को अपनों के करीब लेकर आता है।
जहां एक तरफ इंटरनेट मीडिया पर सितारों की खूबसूरत तस्वीरों, रील्स और पोस्ट्स की होड़ लगी रहती है, वहीं दूसरी तरफ असल जिंदगी में उनकी दीवाली काफी हद तक आम लोगों जैसी ही होती है। सेलिब्रिटीज भी परिवार के साथ सुकून से समय बिताना चाहते हैं और फुर्सत मिलने पर ही इन खुशियों की एक छोटी सी झलक सोशल मीडिया पर साझा करते हैं।
आम लोगों की तरह ही मनेगी दीवाली- अगस्त्य नंदा
बच्चन परिवार की दिवाली और होली हमेशा से चर्चा का विषय रही हैं। हिंदी सिनेमामहानायक अमिताभ बच्चन के नाती और द आर्चीज व इक्कीस फिल्मों के अभिनेता अगस्त्य नंदा हाल ही में इंस्टाग्राम पर आए हैं। ऐसे में वह इसे समझ रहे हैं कि कैसे वहां त्योहार की झलक दिखाएंगे। वह कहते हैं कि मैं इंस्टाग्राम पर नया हूं, मेरे बहुत ज्यादा फालोअर्स नहीं हैं, तो मुझे नहीं लगता है कि मैं वहां पर जो पोस्ट करूंगा, उससे कोई फर्क पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- दीवाली परंपराओं पर आयुष्मान खुराना की राय, बचपन में छोटे भाई संग ऐसे मनाते थे त्योहार
-1794226516786.webp)
न ही वह मुझसे बहुत ज्यादा प्रभावित होंगे। मैं वैसे भी अपनी ज्यादा तस्वीरें पोस्ट नहीं करता हूं। इसलिए दीवाली को लेकर मैंने ऐसी कोई खास रणनीति नहीं बनाई है कि ऐसा क्या पहनूं की उसे पोस्ट कर पाऊं। मैं थोड़ा सा प्राइवेट इंसान हूं। मैं फोन के साथ इतना अच्छा नहीं हूं, मुझे सेल्फी लेना नहीं आता है। मुझे लगता है कि मैं उतना मनोरंजक नहीं हूं, तो बहुत ज्यादा इंटरनेट मीडिया पर रहता नहीं हूं।

बाकी मेरी दीवाली भी वैसी ही होती है, जैसी किसी आम इंसान की होती है। कई लोगों को लगता है कि यह तो कलाकार हैं, फिल्मों में काम करते हैं, तो इनकी दीवाली आम लोगों से अलग होगी, लेकिन ऐसा होता नहीं है। हमारे यहां भी पूरा परिवार साथ में मिलकर बैठते हैं, पूजा-पाठ करते हैं, कुर्ता-पायजामा पहनते हैं। साथ खाना खाते हैं। दीवाली पूरे देश के लिए ही बहुत शुभ दिन होताहै। दीवाली पर आपको अपने परिवार के साथ रहने का मौका मिलता है।
मन होता है, तो पोस्ट कर देती हूं- टिस्का चोपड़ा
अभिनेत्री व निर्देशिका टिस्का चोपड़ा दीवाली पर दिल्ली में अपने ससुराल में हैं। वह अपनी फिल्मों का काम निपटाकर दीवाली परिवार के बीच मना रही हैं। टिस्का इंटरनेट मीडिया पर काफी सक्रिय हैं, लेकिन वह केवल वहां पोस्ट करने के लिए त्योहार नहीं मनाती हैं। उनके लिए दीवाली एक उत्सव है, जिसका अर्थ है। वह कहती हैं कि मुझे लगता है कि जिंदगी नीरस सी हो जाती है, अगर त्योहार न हों।

एक अलग नजरिए से देखें, तो यह हमारे देश में कामर्स को आगे बढ़ाने का भी जरिया है। कितने लोगों को काम मिल रहा है, कोई दीया बनाता है, तो पटाखे और लाइट्स। त्योहार हमारे देश की नींव हैं। यह ऐसा समय होता है, जब सब प्रयास करते हैं कि छुट्टी लेकर परिवार और दोस्तों के साथ वक्त बिताया जाए। मैं इस वक्त खुद दिल्ली में अपने ससुराल में हूं। उससे पहले तक मैं आखिरी दिन तक काम कर रही थी। वर्क-लाइफ बैलेंस अब सीख रही हूं कि अगर यह संतुलन नहीं तलाशा तो मैं थक जाऊंगी। इंस्टाग्राम का तनाव तो मैं लेती ही नहीं हूं।
-1794226562780.webp)
मैंने अपने लिए इन चीजों को आसान रखा है कि जब मन करता है, कुछ अच्छा लगता है, तो पोस्ट करती हूं। मेरी टीम मुझे कहती रहती है कि पोस्ट करो। वहां पर बहुत समय लगाने की बजाय स्वदेशी और लोकल चीजें लेने पर ध्यान होता है। हमारा देश क्राफ्ट-प्रधान देश है, हाथ का काम, हैंडलूम यह सब बहुत आर्थिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है। पूरा गांव बसा है, जो कला और शिल्प का काम करता है। मैं हैंडलूम और सिल्क के साथ बहुत करीबी से जुड़ी हुई हूं। आधुनिक कपड़े पहनती हूं, लेकिन भारतीय परिधान पूरी तैयारी से पहनती हूं।
छोटे-बड़े भारतीय डिजाइनर को सपोर्ट करती हूं। उनकी कला को इंस्टाग्राम पर भी पहुंचा देती हूं, क्योंकि वह भी अहम है। दीवाली के सबसे खास तोहफे की बात करते हुए आगे टिस्का कहती हैं कि मेरे माता- पिता, जो दोनों टीचर्स थे, तो वह हमारे साथ दीवाली की छुट्टयों में ही समय बिता पाते थे। वह सबसे कीमती तोहफा हुआ करता था। इस साल मैं अपने कुछ खास दोस्तों को ब्रास का बना नंदी गिफ्ट कर रही हूं।
रिश्ते मायने रखते हैं, उन्हें भी समय दें
दीवाली पर अपना समय इंटरनेट मीडिया पर बिताने की बजाय, वहां अपनी जिंदगी को दिखाने की बजाय जरूरी है कि वह काम किया जाए, जो परिवार के साथ अच्छे पल दे। यह मानना है अभिनेत्री अदा शर्मा का, जिन्हें दीवाली पर शूटिंग से पूरे डेढ़ दिन की छुट्टी मिली है। अदा कहती हैं कि मैं एक हारर फिल्म की शूटिंग कर रही हूं। रात की शूटिंग है, जिसमें खून-खराबा है, डरावना माहौल है।
-1794226597488.webp)
ऐसे में दीवाली एक अच्छा ब्रेक है। मैं तमिल हूं, तो हम नारियल और गुड़ की मिठाई बनाते हैं। मैं और मां साथ बैठकर कोलम लगाएंगे। कोलम एक तरह की रंगोली होती है, जो चावल के आटे से बनती है। उसका एक खास डिजाइन होता है, हम दोनों बना रहे हैं, तो पता नहीं कैसे बनेगा, लेकिन हम हर साल बनाते हैं। इस रंगोली की खासियत यह होती है कि उसे चिड़िया आकर खाती है, क्योंकि वह चावल के आटे की रंगोली होती है। दिन खत्म होने के साथ रंगोली मिटेगी नहीं, बल्कि चिड़िया उसे खा लेंगे। अब ऐसे क्रिएटिव माहौल में इंस्टाग्राम पर बहुत समय नहीं देती हूं।
वहां जितना पोस्ट करना होगा, कर दूंगी, बाकी हम सब घर पर ही होंगे। मेरे लिए रिश्ते बहुत मायने रखते हैं, वे बहुत कीमती होते हैं, जो समय आप लोगों के साथ बिताते हैं, वह अहम होता है। पैसा देकर इन पलों को खरीदा नहीं जा सकता है, इसलिए साथ समय बिताएं, न की इंस्टाग्राम पर। नए कपड़े पहनूंगी, लेकिन मुंबई में गर्मी है, तो मुलायम काटन की कुर्ती पहन लूंगी। फिल्मों में वैसे भी हमें तैयार होकर रहना पड़ता है, वास्तविक जीवन में पसंद है कि सिंपल रहूं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।