Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Avengers Endgame Box Office: तीसरे शुक्रवार को इन बॉलीवुड फ़िल्मों को किया चित, अब इतनी कमाई

    By Manoj VashisthEdited By:
    Updated: Sat, 11 May 2019 03:00 PM (IST)

    माना जा रहा है कि आज शनिवार को Avengers Endgame रणबीर कपूर की संजू के ₹342.53 करोड़ के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ देगी।

    Avengers Endgame Box Office: तीसरे शुक्रवार को इन बॉलीवुड फ़िल्मों को किया चित, अब इतनी कमाई

    मुंबई। Avengers Endgame Box Office दुनियाभर में अपनी कमाई से हैरान करने वाली 'एवेंजर्स एंडगेम' भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर अब कमज़ोर पड़ने लगी है, मगर पूरी तरह दम तोड़ने से पहले कमाई का नया इतिहास लिख देगी। 'एंडगेम' ने 15 दिनों में कई बॉलीवुड फ़िल्मों की लाइफ़ टाइम कमाई को पीछे छोड़ दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, रिलीज़ के तीसरे शुक्रवार (10 मई) को लगभग ₹3 करोड़ का कलेक्शन किया है, जिसके साथ इसका 15 दिनों का कलेक्शन ₹341.35 करोड़ हो गया है। जानकार मानते हैं कि आईपीएल के सेमी फाइनल मैचों और टाइगर श्रॉफ की 'स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर 2' की रिलीज़ का असर 'एवेंजर्स एंडगेम' की कमाई पर पड़ा है। 15वें दिन फ़िल्म आमिर ख़ान की 'पीके' (₹339.50 करोड़) और सलमान ख़ान की 'टाइगर ज़िंदा है' (₹339.16 करोड़) को पीछे छोड़ चुकी है। माना जा रहा है कि आज शनिवार को Avengers Endgame रणबीर कपूर की 'संजू' के ₹342.53 करोड़ के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ देगी। इसके बाद एवेंजर्स एंडगेम के सामने सिर्फ़ दंगल की चुनौती रह जाएगी, जिसने ₹387 करोड़ का कलेक्शन किया था।

    300 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली 'एवेंजर्स एंडगेम' पहली हॉलीवुड फ़िल्म है। फ़िल्म ने 10वें दिन यह मुकाम हासिल कर लिया था। बॉलीवुड की अभी सिर्फ़ 7 फ़िल्में इस क्लब में पहुंची हैं। इनमें आमिर ख़ान की 2 (पीके और दंगल), सलमान ख़ान की 3 (सुल्तान, बजरंगी भाईजान और टाइगर ज़िंदा है), रणबीर कपूर की एक (संजू) और रणवीर सिंह की एक (पद्मावत) फ़िल्म शामिल हैं।

    ऐसी रही Avengers Endgame की रफ़्तार-

    पहले दिन- ₹50 करोड़

    दूसरे दिन- ₹100 करोड़

    तीसरे दिन- ₹150 करोड़

    पांचवें दिन- ₹200 करोड़

    सातवें दिन- ₹250 करोड़

    दसवें दिन- ₹300 करोड़

     दूसरे हफ़्ते  में कमाई

    एवेंजर्स एंडगेम अब तीसरे हफ़्ते में चल रही है। शुक्रवार (3 मई) को एवेंजर्स एंडगेम का दूसरा हफ़्ता शुरू हुआ था। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने कलेक्शन ₹12.50 करोड़ जमा किये थे। वहीं, दूसरे शनिवार (4 मई) को ₹18.30 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि रविवार को ₹21.75 करोड़ का कलेक्शन किया था। दूसरे वीकेंड के बाद एवेंजर्स एंडगेम ने सोमवार को ₹8.25 करोड़, मंगलवार को ₹6.75 करोड़, बुधवार को ₹5.50 करोड़ और गुरुवार को ₹4.90 करोड़ जमा किये। इसके साथ दो हफ़्तों बाद फ़िल्म की टोटल कमाई ₹338.35 करोड़ हो गयी थी। 

    पहले हफ़्ते में 260 करोड़ पार

    एवेंजर्स एंडगेम भारत में 26 अप्रैल को 2845 स्क्रींस पर चार भाषाओं अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में उतारी गयी थी। फ़िल्म ने ₹53.60 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी। शनिवार को ₹52.20 करोड़ और रविवार को ₹52.85 करोड़ का कलेक्शन करने के साथ एंड गेम ने ओपनिंग वीकेंड में ही ₹150 करोड़ का आंकड़ा हासिल कर लिया था। वर्किंग वीक में भी छप्परफाड़ कमाई जारी रही। 

    पहले सोमवार को फ़िल्म ने ₹31.05 करोड़ की शानदार कमाई की, जबकि मंगलवार को ₹26.10 करोड़ बटोरे।बुधवार को देशभर में मजदूर दिवस की छुट्टी होने के कारण फ़िल्म ने ज़ोरदार उछाल लिया और ₹28.50 करोड़ की कमाई की थी। बुधवार की कमाई के साथ एंड गेम ने 2019 में सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली बॉलीवुड फ़िल्म उरी द सर्जीकल स्ट्राइक्स (₹244.06 करोड़) को पीछे छोड़ दिया था। गुरुवार को ₹16.10 करोड़ के साथ एवेंजर्स एंडगेम ने रिलीज़ का एक हफ़्ता पूरा कर लिया था और नेट कलेक्शन ₹260.40 करोड़ पर पहुंच गया। 

    भारत में TOP 10 Hollywood Films

    ट्रेड जानकार उम्मीद कर रहे हैं कि एवेंजर्स एंडगेम भारत में हॉलीवुड के लिए 400 करोड़ क्लब के दरवाज़े भी खोल सकती है। Top 10 Hollywood Movies In India की लिस्ट तैयार करें तो वो इस प्रकार आती है-

    10. द अमेज़िंग स्पायडरमैन- ₹96 करोड़

    9. स्पायडरमैन 3- ₹100 करोड़

    8. 2012- ₹102 करोड़

    7. एवेंजर्स- एज ऑफ़ अल्ट्रॉन- ₹111 करोड़

    6. जुरासिक वर्ल्ड- ₹152 करोड़

    5. अवतार- ₹145 करोड़

    4. फ्यूरियस 7- ₹172 करोड़

    3. जंगल बुक- ₹188 करोड़

    2. एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर- ₹222.69 करोड़

    1. एवेंजर्स एंडगेम- ₹341 करोड़

    दुनियाभर में कमाई की बात करें तो एवेंजर्स एंडगेम दुनिया की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म बन चुकी है। एवेंजर्स एंडगेम ने सिर्फ़ नौ दिनों 2.19 बिलियन डॉलर की कमाई का रिकॉर्ड बनाया है। जबकि टाइटैनिक ने 2.18 बिलियन डॉलर का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था। एवेंजर्स एंडगेम के निशाने पर अब अवतार है, जो 2.72 बिलियन डॉलर की कमाई के साथ टॉप पर है। 

    थैनोस से निर्णायक जंग के लिए इकट्ठा हुए सुपरहीरोज़

    एवेंजर्स मार्वल यूनिवर्स की कॉन्क्लूडिंग और 22वीं फ़िल्म है, जिसमें सभी सुपरहीरोज़ आयरनमैन (रॉबर्ट डाउनी जूनियर), थॉर (क्रिस हेम्सवर्थ), हल्क (मार्क रफेलो), कैप्टन अमेरिका (क्रिस इवांस), स्टार-लॉर्ड (क्रिस प्रैट), डॉ. स्ट्रेंज (बेनेडिक्ट कंबरबैच), ब्लैक विडो (स्कारलेट जोहेनसन), स्पाइडरमैन (टॉम हौलेंड) और ब्लैक पैंथर (चैडविक बोज़मन) आदि को एक साथ दिखाया गया है। इस जंग में आयरनमैन और ब्लैक विडो मारे जाते हैं, जबकि कैप्टन अमेरिका एवेंजर्स की टीम से रिटायरमेंट ले लेता है। एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर के इस सीक्वल को भी रुसो ब्रदर्स (एंथनी और जो) ने डायरेक्ट किया है। एवेंजर्स एंडगेम में 22 से अधिक सुपरहीरोज़ अंतरिक्ष की गहराइयों से आये शक्तिशाली दुश्मन थैनोस के ख़िलाफ़ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। थैनोस के ख़िलाफ़ एवेंजर्स की टीम को इस बार कैप्टन मार्वल और एंटमैन ने ज्वाइन किया है, जो सबसे शक्तिशाली एवेंजर हैं। 

    मार्वल की सबसे लंबी फ़िल्म Avengers End Game

    एवेंजर्स एंडगेम मार्वल की अब तक की सबसे लंबी अवधि की फ़िल्म है। इसकी अवधि 3 घंटा 2 मिनट है। हॉलीवुड फ़िल्में आम तौर पर डेढ़ से पौने दो घंटे लम्बी होती हैं। 2 घंटे की फ़िल्म को भी वहां लंबा माना जाता है। ऐसे में एवेंजर्स एंडगेम की इस अवधि को एक रिकॉर्ड माना जा रहा है। इसके प्रीक्वल एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर की अवधि 2 घंटा 40 मिनट थी। 

    लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप