‘फटेला जेब’ गाने के लिए अरुण बख्शी को नहीं मिली कोई फीस, गाना सुपरहिट हुआ तो निर्माताओं ने दिए दोगुने पैसे
अभिनेता अरुण बख्शी ने अपने चार दशक से अधिक के करियर और 'फटेला जेब' गाने से जुड़ी दिलचस्प कहानी शेयर की।

आनंद बख्शी ने गाया था फटेला जेब गाना
HighLights
अरुण बख्शी ने 'फटेला जेब' गाने का किस्सा साझा किया
सुपरहिट गाने के लिए पहले नहीं मिले पैसे
फिल्मकार अब कलाकारों को अच्छे रोल दे रहे हैं
दीपेश पांडेय, मुंबई। हिंदी सिनेमा में चार दशकों से ज्यादा समय से सक्रिय अभिनेता अरुण बख्शी (Arun Bakshi) ने अपने इतने लंबे पेशेवर सफर में 100 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय के साथ साढ़े तीन सौ से ज्यादा
गाने भी गाए हैं।
बदल रहा फिल्मकारों का नजरिया
पिछली सदी के आठवें और नौवें दशक में अरुण एक हद तक पुलिस अधिकारी की भूमिका में टाइपकास्ट किए जा चुके थे। इस मामले में वर्तमान में फिल्मकारों के नजरिए में बदलाव को लेकर वह कहते हैं, ‘आजकल लोगों की सोच बड़ी हो गई है, अब बड़े दिल वाले लोग हैं। वो आपके पिछले कामों और पृष्ठभूमि को नहीं देखते हैं। वो आपको देखते हैं और आपकी कला के हिसाब से अच्छे-अच्छे रोल आफर करते हैं।
-1795921003737.webp)
हाल ही में मैं दिल्ली में एक नाटक में रावण का जो रोल करके आया, पहले के दौर में तो मैं सोच भी नहीं सकता था कि मैं कभी रावण बनूंगा। आजकल फिल्मकार कलाकारों को बिना किसी सांचे में बांधे उनको अच्छे रोल दे रहे हैं। मैं स्वयं भी आगे कुछ बहुत अच्छे रोल कर रहा हूं।’
हिंदी सिनेमा में अभिनय और गायन दोनों करने वाले अरुण शुरुआत में अभिनेता बनने के इरादे से आए थे या गायक?
इस पर वह कहते हैं, ‘तब पता नहीं था कि अभिनेता बनेंगे या गायक। पृथ्वी थिएटर में हम एक नाटक करते थे जिसका नाम था ‘बकरी’। उसमें कोई 22 गाने थे। एक दूसरा नाटक था ‘सफेद कुंडली’। उसमें कुछ 55 गाने थे। वो सब गाने हम कलाकार ही अभिनय के साथ गाते भी थे।
उसके लिए हमें तब सिर्फ पांच रुपये मिलते थे। फिर हमने नारेबाजी की तो उन्होंने पैसे हमारे बढ़ा दिए। हमको फिर 10 रुपये मिलने शुरू हो गए, आज समझ में आता है कि उन 10 रुपयों की क्या अहमियत थी।
तब हमारे अंदर कला को लेकर एक अलग जुनून था, जो आज के दौर में नहीं दिखता है। अभिनय के साथ गाने की आदत वहीं से पड़ी। फिर फिल्मों में मौका मिला तो वहां भी गाने गा लिए।’
साल 2002 में गाया था हिट गाना
साल 2002 में प्रदर्शित फिल्म ‘आंखें’ का गाना ‘फटेला जेब...’ अरुण द्वारा गाए सबसे हिट गानों में से एक है। इससे अरुण के जुड़ने की कहानी काफी दिलचस्प है। पूछने पर अरुण पहले मस्ती में वह गाना गाते हैं और फिर बताते हैं, ‘इस गाने में पूरा पागलपन है और पागलपन करना चाहिए। हर सफल गाने के पीछे कुछ कहानी होती है।
फिल्म के निर्माताओं की तरफ से मुझे एक शाम फोन आया कि अरुण जी कल सुबह 11 बजे आपको आना है। मैंने पूछा कि क्या काम है? तो उन्होंने बताया कि ‘आंखें’ का एक गीत गाना है। मैंने हां कह दिया। उस समय मैं जयपुर में था। वहां मैं एमजी रोड पर अपनी पसंदीदा पान की दुकान पर पान चबा रहा था। फिर वहां से मैंने रात की फ्लाइट ली और मुंबई आ गया।
-1795921021291.webp)
गाने के लिए नहीं मिले थे कोई पैसे?
सुबह 11 बजे मैं रिकार्डिंग स्टूडियो पहुंच गया। दोपहर दो बजे से लेकर लगभग पांच बजे तक गाने की रिकार्डिंग हुई। रिकार्डिंग के बाद मैं निकलने लगा तो उन्होंने मुझे कोई पैसे ही नहीं दिए। फिर भी मैंने उनको बोला कि ये गाना सुपरहिट है यार और मैं वापस चला गया। उसके बाद जब गाना रिलीज हुआ तो सुपरहिट हो गया। फिर उन्होंने मुझे बधाई दी और कहा कि अरुण जी आपका कहना सच हो गया। आपके मुंह में सरस्वती बैठी थी।
इस पर मैंने तंज मारते हुए कहा कि लेकिन मैंने तो सुना ही नहीं है, कौन सा गाना? फिर उन्हें ख्याल आया कि इसके लिए उन्होंने मुझे पैसे ही नहीं दिए थे। उसके बाद उन्होंने मुझे दोगुने पैसे दिए।’
अपने आगामी प्रोजेक्ट्स के बारे में अरुण बताते हैं, ‘अभी तो बहुत सीचीजें आने वाली हैं। कुछ फिल्में हैं, वेब सीरीज हैं और गाने वगैरह सब कुछ हैं। फिलहाल मेरे पास 10 गाने हैं, जिन्हें रिलीज करना है। अभी मैं देख रहा हूं कि उन्हें कब लाना है।’
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।