अब अनुपम खेर बोले, 'तीन साल में जीएसटी भरना नहीं आया, दो दिन में सीएए कैसे समझ गए'
अनुपम खे़र ने वीडियो जारी कर कहा है कि जो लोग 72 साल से ट्रैफिक नियम नहीं समझ पाए वो लोग तीन दिन में सीएए और एनआरसी समझने का दावा कर रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। अनुपम खेर लगातार नागरिक संशोधन कानून और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस को लेकर आजकल सोशल मीडिया पर सक्रिय दिख रहे हैं। अक्सर वह ट्विटर के जरिए अपनी बाते रखते हैं। एक बार फिर उन्होंने एनआरसी और सीएए को लेकर बयान दिया है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा है कि जो लोग 72 साल से ट्रैफिक नियम नहीं समझ पाए, वो लोग दो दिन में सीएए और एनआरसी समझने का दावा कर रहे हैं।
अनुपम ट्वीट कर लिखा, 'कभी कभी कुछ लोगों को समझाना ज़रूरी कि जो वो समझ रहे है या समझने की एक्टिंग कर रहें या लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। वो बिल्कुल गलत है। मेरा मतलब CAA और NRC से है। आप तो समझ गए ना!! जय हो!'
उन्होंने इसके साथ एक वीडियो भी शेयर किया। उसमें उन्होंने कहा, 'धन्य हैं मेरे देश के कुछ महानुभाव। उन्हें 72 साल से ट्रैफ़िक नियम समझ नहीं आ रहा है। तीन साल से जीएसटी कैसे भरना है, ये भी समझ में नहीं आ रहा है। खुले में शौच ना करें, ये सिखाने के लिए अरबों का विज्ञापन करना पड़ रहा है। लेकिन नागरिकता संशोधन कानून (CAA) दो दिन में समझ गए और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस आने से पहले ही समझ गए हैं। हैं ना कमाल!'
कभी कभी कुछ लोगों को समझाना ज़रूरी कि जो वो समझ रहे है या समझने की ऐक्टिंग कर रहें या लोगों को समझाने की कोशिश कर रहे है वो बिल्कुल ग़लत है। मेरा मतलब CAA और NRC से है। आप तो समझ गए ना!! जय हो!! 🙏🤓 #shareit pic.twitter.com/DRAqMkn4Tg— Anupam Kher (@AnupamPKher) February 5, 2020
इससे पहले अनुपम खेर तमाम मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखते रहे हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए नसीरुद्दीन शाह को जवाब दिया था। उस वक्त भी उनका ट्वीट ख़ूब वायरल हुआ था। इसके अलावा अनुपम अक्सर ट्विटर पर शायरियां भी करते नज़र आते रहते हैं।
वहीं, वर्कफ्रंट की बात करें, तो अनुपम खेर आखिरी बार देव पटेल के साथ 'होटल मुंबई' में नजर आए थे। फ़िल्म को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी दिखाया गया था। यह उनकी 501वीं फ़िल्म थी। अब फैंस को नई फ़िल्म का इंतज़ार है। हालांकि, अभी तक उन्होंने साल 2020 के लिए किसी भी फ़िल्म की घोषणा नहीं की है।