Move to Jagran APP

कितनी बदल गईं हैं डिंपल कपाड़िया, देखें लेटेस्ट तस्वीरें

डिंपल कपाड़िया ने बहुत कुछ देखा, झेला है पर उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने चार दशक लंबे सिने करियर में लगभग 75 फ़िल्मों में अभिनय किया है।

By Hirendra JEdited By: Published: Thu, 27 Sep 2018 04:00 PM (IST)Updated: Wed, 24 Oct 2018 07:22 AM (IST)
कितनी बदल गईं हैं डिंपल कपाड़िया, देखें लेटेस्ट तस्वीरें
कितनी बदल गईं हैं डिंपल कपाड़िया, देखें लेटेस्ट तस्वीरें

मुंबई। डिंपल कपाड़िया को आज की पीढ़ी ट्विंकल खन्ना की मां या अक्षय कुमार की सासू मां के रूप में ज्यादा जानती है। लेकिन, डिंपल अपने दौर की बेहतरीन अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं और डिंपल की लोकप्रियता का आलम यह कि राजेश खन्ना जैसे सुपरस्टार तक उनकी खूबसूरती के दीवाने हो गए थे। 

loksabha election banner

साल 1972 में राजकपूर अपनी ड्रीम प्रोजेक्ट फ़िल्म 'मेरा नाम जोकर' लेकर आये थे। यह फ़िल्म नहीं चल पायी थी। उसके बाद राजकपूर बहुत परेशान हुए और क़र्ज़ में डूब गए। उन्हें जल्द से जल्द उस क़र्ज़ और सदमे से बाहर आना था। ऐसे में उनकी नज़र डिंपल कपाड़िया पर पड़ी और 16 साल की डिंपल में न जाने देश के सबसे बड़े शोमैन राजकपूर ने ऐसा क्या देख लिया कि उन्होंने अपने टैलेंटेड बेटे ऋषि कपूर और डिंपल को लेकर फ़िल्म 'बॉबी' की शूटिंग शुरू कर दी। 'बॉबी' एक ज़बरदस्त हिट साबित हुई। ऋषि कपूर को इस फ़िल्म के लिए फ़िल्मफेयर से बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला था। बहरहाल, इसी फ़िल्म के लिए डिंपल को बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार भी मिला था। उस साल यह पुरस्कार डिंपल के साथ संयुक्त रूप से जया बच्चन (अभिमान) को भी दिया गया था। बॉबी की सफलता के बाद डिंपल को कई फ़िल्मों में काम करने के लिए कई ऑफर मिले लेकिन उन्होंने इन सभी प्रस्तावों को ठुकरा दिया और अभिनेता राजेश खन्ना से शादी कर फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया। आगे बढ़ने से पहले देखिये कि कभी टॉक ऑफ़ दी नेशन रहीं डिंपल आज कैसी दिखती हैं।

आज बॉलीवुड में कई ऐसी एक्ट्रेसेस हैं जो बहुत ही कम उम्र में कामयाबी के शिखर पर पहुंच गयीं हैं और हर तरफ उनका ही जलवा है। आलिया भट्ट से लेकर श्रद्धा कपूर और परिणीति चोपड़ा से लेकर दिशा पटानी तक ऐसी अभिनेत्रियों की एक लम्बी लिस्ट है। लेकिन, क्या आप जानते हैं आज से 45 साल पहले एक एक्ट्रेस ऐसी भी थी जिसने मात्र 16 साल की उम्र में अपनी कांफिडेंस, टैलेंट और अभिनय के बल पर वो स्टारडम हासिल कर लिया था कि हिंदी सिनेमा का पहला सुपरस्टार तक उससे शादी करने के लिए अपनी उम्र के फासले को भूल कर बेचैन हो उठा! शादी के वक्त डिंपल की उम्र राजेश से लगभग आधी थी।

राजेश-डिंपल की शादी की एक छोटी-सी फिल्म उस समय देश भर के थिएटर्स में फ़िल्म शुरू होने के पहले दिखाई गई थी। डिंपल फिर सिनेमा के परदे से दूर हो गयी। लेकिन, बॉबी के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड उन्हें ही मिला। शादी के बाद वो लगभग दस साल तक सिनेमा से दूर रहीं। इसी दौरान ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना का जन्म हुआ, राजेश खन्ना का करियर अब ढलान पर था, उनका गुस्सा, चिड़चिड़ापन बढ़ने लगा और अंततः बॉलीवुड की सबसे चर्चित शादी खतरे में पड़ गयी, फिर दोनों अलग हो गए, हालांकि दोनों ने तलाक नहीं लिया।

राजेश खन्ना से अलग होने के बाद डिंपल ने एक बार फिर फ़िल्मी पर्दे का रुख किया। दस साल के ब्रेक और दो बच्चों के बावजूद दुनिया उस समय दंग रह गयी जब 1985 में फ़िल्म 'सागर' में उसने डिंपल कपाड़िया को देखा। इसमें एक बार फिर डिंपल के साथ ऋषि कपूर ही थे। क्या आप यकीन करेंगे, इस फ़िल्म के लिए भी डिंपल को फ़िल्मफ़ेयर अवार्ड मिला था? वाकई, डिंपल की कहानी किसी परी कथा सी लगती है, है न? रमेश सिप्पी के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म में डिंपल ने अपनी बोल्ड इमेज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सागर 'के बाद डिंपल की छवि इंडस्ट्री में एक बोल्ड अभिनेत्री के रूप में बन गई। 1986 में प्रदर्शित 'जांबाज' इसका दूसरा उदाहरण बनी। वर्ष 1988 में प्रदर्शित 'जख्मी औरत' डिंपल कपाडिया की महत्वपूर्ण फ़िल्मों में शुमार की जाती है। जिसमें उन्होंने एक महिला इंस्पेक्टर का किरदार निभाया था जिसका बलात्कार हो जाता है और वह अपराधियों से अपना बदला लेती है।

वर्ष 1991 में प्रदर्शित 'लेकिन' डिंपल कपाड़िया की महत्वपूर्ण फ़िल्म साबित हुई। इस फ़िल्म से जुड़ा रोचक तथ्य यह है कि गायिक लता मंगेशकर ने इस फ़िल्म का निर्माण किया था। वर्ष 1993 में प्रदर्शित फिल्म 'रूदाली' डिंपल कपाड़िया की महत्वपूर्ण फ़िल्मों में एक है। राजस्थान की पृष्ठभूमि पर बनी इस फ़िल्म में उन्होंने शनिचरी नामक एक ऐसी युवती का किरदार निभाया जो तमाम दुख के बाद भी नहीं रो पाती है। हालांकि यह फ़िल्म टिकट खिड़की पर असफल साबित हुई लेकिन अपने दमदार अभिनय से डिंपल ने दर्शकों के साथ ही समीक्षकों को भी दिल जीत लिया। 'रुदाली' के लिए डिंपल को नेशनल अवार्ड भी दिया गया।

डिंपल कपाड़िया ने बहुत कुछ देखा, झेला है पर उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने चार दशक लंबे सिने करियर में लगभग 75 फ़िल्मों में अभिनय किया है। डिंपल के करियर की उल्लेखनीय फ़िल्मों मे कुछ है- अर्जुन, एतबार, काश, राम लखन, बीस साल बाद बंटबारा, प्रहार, अजूबा, नरसिम्हा, गर्दिश क्रांतिवीर, दिल चाहता है, बीइंग सायरस, दबंग, कॉकटेल, पाटियाला हाउस आदि शामिल हैं। हाल के वर्षों में वो वो 'फाइंडिंग फैनी' और 'वेलकम बैक' जैसी फ़िल्मों में नज़र आयीं हैं, वो लगातार काम कर रही हैं। ट्विंकल खन्ना और दामाद अक्षय कुमार के साथ डिंपल अक्सर किसी फंक्शन या यात्रा में नज़र आ जाती हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.