विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Telangana Election: कांग्रेस ने जारी किया 'अल्पसंख्यक घोषणापत्र', कल्याण के लिए 4000 करोड़ रुपये के बजट का वादा

By AgencyEdited By: Amit Singh
Published: Fri, 10 Nov 2023 01:59 PM (IST)

कांग्रेस ने अल्पसंख्यक घोषणापत्र में कल्याणकारी योजनाओं के लिए 4000 करोड़ के सालाना बजट का वादा किया गया है। घोषणापत्र ...और पढ़ें

अल्पसंख्यक कल्याण के लिए 4000 करोड़ रुपये के बजट का वादा
अल्पसंख्यक कल्याण के लिए 4000 करोड़ रुपये के बजट का वादा

पीटीआई, हैदराबाद। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर तेलंगाना में सियासत गर्म है। प्रदेश की सत्ता पर कब्जा हासिल करने के लिए अब कांग्रेस ने Minority कार्ड खेला है। पार्टी की ओर से जारी 'अल्पसंख्यक घोषणापत्र' में कल्याणकारी योजनाओं के लिए 4000 करोड़ के सालाना बजट का वादा किया गया है। घोषणापत्र में कहा गया है कि 30 नवंबर में होने वाले चुनावों में अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो छह महीने के भीतर जाति जनगणना कराई जाएगी। साथ ही अल्पसंख्यक कल्याण के लिए बजट को सालाना 4,000 करोड़ रुपये तक बढ़ाया जाएगा।

इसके अलावा कांग्रेस ने बेरोजगार अल्पसंख्यक युवाओं और महिलाओं को रियायती ऋण प्रदान करने के लिए प्रति वर्ष 1,000 करोड़ रुपये का वादा किया है। गुरुवार को जारी अल्पसंख्यक घोषणा पत्र में कहा गया है कि पार्टी रोजगार, शिक्षा और सरकारी योजनाओं में अल्पसंख्यकों सहित सभी पिछड़े वर्गों के लिए उचित आरक्षण सुनिश्चित करेगी।

कांग्रेस ने वादा किया है कि अब्दुल कलाम तौफा-ए-तालीम योजना के तहत वह मुस्लिम, ईसाई, सिख और अन्य अल्पसंख्यक युवाओं को एम.फिल और पीएचडी पूरी करने पर पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। साथ ही इमाम, मुअज्जिन, खादिम, पादरी और ग्रंथी सहित सभी धर्मों के पुजारियों के लिए 10,000 से 12,000 रुपये का मासिक मानदेय देने की बात कही गई है।

कांग्रेस ने उर्दू के शिक्षकों को भर्ती करने के लिए विशेष भर्ती आयोजित करने के अलावा तेलंगाना सिख अल्पसंख्यक वित्त निगम स्थापित करने का भी वादा किया है। वहीं बेघर अल्पसंख्यक समुदायों को घर बनाने के लिए जगह और 5 लाख रुपये भी उपलब्ध कराए जाएंगे। घोषणा में कहा गया है कि अल्पसंख्यक समुदाय के नवविवाहित जोड़ों को 1.6 लाख रुपये दिए जाएंगे।