Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rajasthan: बीजेपी नेता कैलाश मेघवाल ने केंद्रीय मंत्री के खिलाफ खोला मोर्चा, भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

    By Jagran NewsEdited By: Manish Negi
    Updated: Fri, 01 Sep 2023 04:41 PM (IST)

    बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश मेघवाल ने केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। कैलाश मेघवाल ने केंद्रीय मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी को चिट्ठी भी लिखूंगा। सार्वजनिक रूप से यह बताऊंगा कि अर्जुन राम के खिलाफ क्या-क्या घोटाले हैं। बता दें कि कैलाश पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हैं।

    Hero Image
    बीजेपी नेता कैलाश मेघवाल ने केंद्रीय मंत्री के खिलाफ खोला मोर्चा (फाइल फोटो)

    जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ निकाले जाने वाली परिवर्तन यात्रा के ठीक पूर्व भाजपा में बगावत के स्वर उठने लगे हैं। प्रदेश भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पर भ्रष्टाचार के आरोपों को दोहराया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मेघवाल ने कहा कि मैं इन आरोपों को सार्वजनिक करूंगा। सार्वजनिक रूप से यह बताऊंगा कि अर्जुन राम के खिलाफ क्या-क्या घोटाले हैं। मेघवाल ने आगे कहा कि भाजपा चाहे तो चुनाव में टिकट दे, लेकिन मैं मांगने नहीं जाऊंगा। चुनाव अवश्य लड़ूंगा।

    मैंने अर्जुन राम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। प्रदेश भाजपा की अनुशासन समिति ने मुझे नोटिस दिया है। मैं नोटिस का जवाब दूंगा, लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के दूंगा। मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं।

    पीएम मोदी को लिखूंगा चिट्ठी

    उन्होंने आगे कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तथ्यों के साथ पत्र लिख रहा हूं। अर्जुन राम के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप जुटा रहा हूं। सभी तथ्य प्रमाणिक होंगे। उन्होंने कहा, यदि अर्जुन राम को मंत्रिमंडल से नहीं हटाया गया तो पार्टी को नुकसान हो सकता है।

    कैलाश मेघवाल ने कहा कि चूरू में जिला कलेक्टर रहते हुए अर्जुन राम ने भ्रष्टाचार किया था। राज्य भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में शिकायत हुई थी। कार्रवाई से बचने के लिए अर्जुन राम नौकरी छोड़कर राजनीति में आ गए थे। उधर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अर्जुन राम पर कैलाश मेघवाल द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। गहलोत ने अर्जुन राम पर चूरू जिला कलक्टर रहते हुए लगे आरोपों की जानकारी जुटाने के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी को जिम्मा सौंपा है। सूत्रों के अनुसार गहलोत इस बारे में अगले कुछ दिनों में बड़ा कदम उठा सकते हैं।

    भाजपा की दुविधा

    भाजपा की दुविधा यह है कि वह एक तरफ तो गहलोत सरकार के खिलाफ लाल डायरी का मुद्दा उठा रही है। वहीं दूसरी तरफ उसी की पार्टी के वरिष्ठ नेता ने केंद्रीय मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगा दिए। अब वह जनता के बीच इसका क्या जवाब देगी। साथ ही कैलाश मेघवाल दिग्गज दलित नेता हैं। पूर्व उप राष्ट्रपति स्व. भैरोंसिंह शेखावत के काफी निकट रहे हैं। मेघवाल 1967 में जनसंघ और फिर भाजपा से जुड़े थे। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई दलित समाज में नुकसान हो सकता है। हालांकि अर्जुन राम भी दलित हैं। साथ ही कैलाश मेघवाल के गहलोत व कांग्रेस के अन्य नेताओं से मधुर संबंध है।

    कार्रवाई होने पर वे भाजपा में भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने साल 2007 में वसुंधरा पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। हालांकि बाद में उन्हीं के साथ हो गए थे। अनुशासन समिति के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने कहा कि कैलाश मेघवाल को 10 दिन का समय दिया गया है। जवाब आने पर प्रदेशाध्यक्ष को सौंपा जाएगा, उसके बाद अगला कदम उठाया जाएगा।