विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PM Modi Sidhi Rally Live: सीधी में पीएम मोदी की चुनावी रैली, सभा स्थल पर दिखा प्रशंसकों का उत्साह

By Jagran NewsEdited By: Shalini Kumari
Published: Tue, 07 Nov 2023 01:42 PM (IST)Updated: Tue, 07 Nov 2023 02:02 PM (IST)

मध्य प्रदेश चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक पार्टियों का दौरा काफी तेज हो गया है। भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन ...और पढ़ें

सीधी में पीएम मोदी की जनसभा रैली
सीधी में पीएम मोदी की जनसभा रैली

ऑनलाइन डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक पार्टियों का दौरा काफी तेज हो गया है। भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश के सीधी पहुंचे हैं, जहां वह जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी के आगमन से पहले ही यहां पर उनके प्रशंसकों का सभास्थल पर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला है।

पीएम मोदी ने रैली को किया संबोधित

सीधी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आपके इस प्यार और उत्साह से साफ है कि MP में फिर एक बार भाजपा सरकार। आज यहां के लोग कह रहे हैं कि MP के मन में मोदी और मोदी के मन में MP यानी ईश्वर के रूप में आप सब लोग मोदी के मन में हैं।"

कांग्रेस के शासन काल पर तंज करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "केंद्र में हमसे पहले 10 वर्ष तक कांग्रेस ने सरकार चलाई, लेकिन उसमें उसने गरीब और मध्यम वर्ग को लूटने का ही काम किया था। आपके सेवक मोदी ने करीब 10 साल जो सरकार चलाई है, उसमें पूरी लगन से कार्य किए हैं। इन 10 वर्षों में घोटाले बंद हुए हैं, गरीब और मध्यम वर्ग की बचत हुई है, उन्हें अधिक सुविधा मिली है।"

पीएम मोदी ने कहा, "टेलीकॉम घोटाला और कोयला घोटाला करके कांग्रेस ने आपके लाखों-करोड़ रुपये लूट लिए। जबकि भाजपा सरकार में वो लाखों करोड़ रुपये के घोटाले बंद हो चुके हैं। जो पैसा घोटालों से हम बचा रहे हैं, वो पैसा हम गरीब और मध्यम वर्ग के हित में लगा रहे हैं।"

मुफ्त राशन योजना का किया जिक्र

मुफ्त राशन योजना का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आप सबके आशीर्वाद से अब हमने मुफ्त राशन की इस योजना को आने वाले 5 साल के लिए बढ़ाने का निश्चय कर लिया है। गरीब का पैसा गरीब के पास जाए, उसके लिए खर्च हो और कोई बिचौलिया बीच में उस पैसे को लूट न पाए, यही मोदी की विशेषता है।"

उन्होंने कहा, "गरीब कल्याण अन्न योजना पर अब तक केंद्र सरकार 2 लाख करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। इससे 80 करोड़ देशवासियों को कोरोना के संकटकाल से लेकर अब तक मुफ्त राशन सुनिश्चित हुआ, गरीब के घर का चूल्हा जलता रहा। ये मोदी की गारंटी है कि देश का कोई भी गरीब परिवार भूखा नहीं रहेगा।"

उन्होंने कहा, "देश भर के गरीब परिवारों को अपना पक्का घर मिले, ये गारंटी भी मोदी ने दी है। इस पीएम आवास योजना पर अभी तक 4 लाख करोड़ रुपये सरकार खर्च कर चुकी है।"

कांग्रेस पर भाजपा का तंज

कांग्रेस पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा, "जहां एक बार कांग्रेस गई वहां, दोबारा जनता ने उसे घुसने नहीं दिया है। आज एमपी में भी पिछले दो दशक से कांग्रेस बहुमत के लिए तरस गई है। यहां के लोग समझ गए हैं कि कांग्रेस उनका उम्मीदवार नहीं है। कांग्रेस एक काम कभी नहीं भूलती, वो काम सुबह-शाम मोदी को गालियां देना।"

उन्होंने कहा, "आदिवासी बेटी को देश की राष्ट्रपति बनाया, तो कांग्रेस ने उसका भी विरोध किया, लेकिन भाजपा सबको अधिकार देती है। चीफ इंफोर्मेशन कमिश्नर के रूप में भी हमने राजस्थान के दलित को पहली बार उसका अध्यक्ष बनाया। जब कांग्रेस को पता चला, तो कांग्रेस ने मीटिंग का ही बहिष्कार कर दिया। कांग्रेस में इस समय कपड़े फाड़ प्रत्योगिता हो रही है।"

भाजपा सरकार ने सबके लिए बनाई योजनाएं

पीएम मोदी ने कहा, "भाजपा सरकार की योजनाओं के जो भी लाभार्थी हैं, उनमें से अधिकतर हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी परिवार हैं। कांग्रेस के लंबे शासन काल में सबसे बुरी स्थिति दलित और आदिवासी बस्तियों की ही थी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का सबसे अधिक लाभ हमारे गरीब और दलित भाई बहनों को ही हुआ है। भाजपा सरकार शत-प्रतिशत बस्तियों को सड़क से जोड़ने के लक्ष्य के बहुत करीब है।"

यह भी पढ़ें: PM Modi Surajpur Rally: 'भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही संवारेगी', सूरजपुर के चुनावी रैली में गरजे पीएम मोदी

यह भी पढ़ें: 'अशोक गहलोत जादूगर हैं, उन्होंने जादू से राजस्थान की बिजली गुल कर दी', अमित शाह का कांग्रेस सरकार पर निशाना