विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PM Modi Surajpur Rally: 'भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही संवारेगी', सूरजपुर के चुनावी रैली में गरजे पीएम मोदी

By Jagran NewsEdited By: Shalini Kumari
Published: Tue, 07 Nov 2023 11:30 AM (IST)Updated: Tue, 07 Nov 2023 11:49 AM (IST)

आज छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान जारी है इसी बीच दूसरे चरण के चुनावी प्रचार में तेजी आ गई ...और पढ़ें

सूरजपुर में पीएम मोदी चुनावी रैली को किया संबोधित
सूरजपुर में पीएम मोदी चुनावी रैली को किया संबोधित

ऑनलाइन डेस्क, रायपुर। आज छत्तीसगढ़ में पहले चरण का मतदान जारी है, इसी बीच दूसरे चरण के चुनावी प्रचार में तेजी आ गई है। दरअसल, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सूरजपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज, पूरा छत्तीसगढ़ कह रहा है, 'भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही संवारेगी'।

भाजपा ने सबकी आकांक्षाओं को समझा

रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "सरगुजा ने दिलीप सिंह जूदेव जी जैसा समर्पित नेतृत्व दिया था। भाजपा का ऐसा ही नेतृत्व रहा है, जिसने हमेशा गरीब, शोषित, वंचित, पिछड़े और आदिवासी समाज की आकांक्षाओं को समझा है।"

उन्होंने कहा, "भाजपा ने ही अटल जी के नेतृत्व में आप सभी के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया था। इसलिए आज पूरा छत्तीसगढ़ कह रहा है, भाजपा ने बनाया है, भाजपा ही संवारेगी। आज हर तरफ एक ही गूंज है, भाजपा आवत है।"

पहले चरण के चुनाव का किया जिक्र

पहले चरण के चुनाव का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज छत्तीसगढ़ में पहले चरण का चुनाव भी हो रहा है, मुझे मिली खबर के अनुसार बड़े उत्साह और उमंग के साथ भारी मतदान हो रहा है। सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि बिना डरे, बिना हिचके मतदान अवश्य करें।"

उन्होंने कहा, "भारत में हमारे आदिवासी भाई-बहनों की आबादी 9-10 करोड़ के आसपास है, लेकिन आजादी के बाद, दशकों तक कांग्रेस के लिए आदिवासियों का कोई वजूद ही नहीं था, उन्हें उनके नसीब पर छोड़ दिया गया था। कांग्रेस ने कभी आपकी चिंता नहीं की, आपके बच्चों के बारे में नहीं सोचा। जबकि भाजपा ने हमेशा आदिवासी कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।"

आदिवासी क्षेत्रों में बनवाएं एकलव्य मॉडल स्कूल

पीएम मोदी ने कहा, "आदिवासी समाज के लिए केंद्र सरकार का बजट हमने 5 गुना बढ़ा दिया है। आपके बच्चों की अच्छी पढ़ाई हो, इसलिए आदिवासी क्षेत्रों में 500 नए एकलव्य मॉडल स्कूल भी बनाए जा रहे हैं।" उन्होंने कहा, "पिछले 9 वर्षों में भाजपा सरकार आदिवासी परिवारों को लाखों नए पट्टे दे चुकी है। 9 साल पहले तक जहां मात्र 23 हजार सामुदायिक पट्टे दिए गए थे, वहीं हमने उन्हें 80 हजार से अधिक नए सामुदायिक पट्टे दिए हैं। इसीलिए हर छत्तीसगढ़ी एक ही बात कहता है, भाजपा आवत है।"

कांग्रेस पर जमकर बरसे पीएम मोदी

कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा, "जब-जब कांग्रेस सरकार में आती है, तब-तब देश में आतंकवादियों और नक्सलियों के हौंसले बढ़ जाते हैं। जिस जिस राज्य में कांग्रेस सत्ता में होती है, वहां अपराध और लूटपाट का राज ही चलता है। कांग्रेस सरकार नक्सल हिंसा को काबू करने में असफल रही है। कांग्रेस की विदाई पक्की है।"

महादेव ऐप को लेकर कांग्रेस को घेरा

महादेव ऐप का जिक्र करते हुए कहा, "आपको कांग्रेस ने सिर्फ विश्वासघात दिया है। उन्होंने तो महादेव के नाम पर भी घोटाला कर दिया। महादेव सट्टेबाजी की चर्चा आज देश-निदेश में हो रही है। आपके बच्चों से सट्टेबाजी करा के कांग्रेस ने अपनी जेब भरी है। यह सब जिसके इशारों पर हुआ, उसे सजा होनी चाहिए।"

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: PM मोदी आज सीधी में उम्मीदवारों को देंगे जीत का मंत्र, BJP अध्यक्ष नड्डा इंदौर में करेंगे रैली

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: गांधी परिवार पर जमकर बरसे सीएम शिवराज, बोले- कांग्रेस चालू और बेईमान पार्टी; नेता दे रहे बहनों को धमकियां