Move to Jagran APP

MP Polls 2023: 'दिल्ली-पंजाब की तरह मध्य प्रदेश में भी करेंगे शानदार काम', चाचौला में बोले अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीनागंज में भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमने दिल्ली में पांच साल में जो काम कर दिए ये दोनों पार्टियां 75 साल में भी नहीं कर पाईं क्योंकि इनकी नीयत खराब थी। हमारी सरकार बनती है तो मध्य प्रदेश में धनिया क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए उद्योग खोलेंगे और लंबित पार्वती सिंचाई योजना को पूरा करेंगे।

By Jagran NewsEdited By: Anurag GuptaWed, 08 Nov 2023 10:43 PM (IST)
MP Polls 2023: 'दिल्ली-पंजाब की तरह मध्य प्रदेश में भी करेंगे शानदार काम', चाचौला में बोले अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (फोटो: @AamAadmiParty)

डिजिटल डेस्क, भोपाल। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को मध्य प्रदेश के चाचौड़ा स्थित बीनागंज में पार्टी प्रत्याशी ममता मीणा के पक्ष में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार मध्य प्रदेश की जनता AAP को मौका दे, हम दिल्ली और पंजाब की तरह ही यहां भी शानदार काम करके दिखाएंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में सारे सरकारी स्कूल और अस्पताल हमने शानदार बना दिए, अब पंजाब में भी कर रहे हैं। दिल्ली-पंजाब में मुफ्त और 24 घंटे बिजली आती है। ये सब मध्य प्रदेश में भी हो सकता है और इसकी चाभी आपके हाथ में है।

क्या कुछ बोले अरविंद केजरीवाल?

भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली में पांच साल में जो काम कर दिए, ये दोनों पार्टियां 75 साल में भी नहीं कर पाईं, क्योंकि इनकी नीयत खराब थी। हमारी सरकार बनती है तो मध्य प्रदेश में धनिया क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए उद्योग खोलेंगे और लंबित पार्वती सिंचाई योजना को पूरा करेंगे। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव डॉ. संदीप पाठक भी मौजूद रहे।

भाजपा और कांग्रेस दोनों पर बरसे केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में तमाम समस्याएं हैं, लेकिन यह समस्याएं केवल मध्य प्रदेश की नहीं है, बल्कि पूरे देश की है। देश को आजाद हुए 75 साल हो चुके हैं। इन 75 सालों में मोटे तौर पर ये दो ही पार्टियां थीं। इन दोनों पार्टियों और नेताओं ने मिलकर अपना घर भरने के सिवाय कोई काम नहीं किया। अगर ये लोग कुछ काम कर देते तो हमें आम आदमी पार्टी बनाने की जरूरत ही क्यों पड़ती?

उन्होंने कहा कि 10-12 साल पहले हमें कोई नहीं जानता था। दिल्ली रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना आंदोलन हुआ। यह आजाद भारत का भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ा आंदोलन हुआ था। उस आंदोलन से आम आदमी पार्टी निकली है। आज हमारे कट्टर विरोधी भी मानते हैं कि आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार और देशभक्तों की पार्टी है। हम लोग मर जाएंगे, कट जाएंगे, लेकिन अपने देश के साथ गद्दारी और बेइमानी नहीं कर सकते।

यह भी पढ़ें: 'शिव' भक्त ही बने रहना चाहती है बुधनी, 'हनुमान' नहीं दिखा पा रहे करिश्मा

कौन हैं ममता मीणा?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ममता मीणा जब अपनी पार्टी को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं तो मैंने इनके बारे में पता किया। ममता मीणा 2013 से 2018 तक विधायक रहीं, तब इन्होंने ढेरों सड़कें बनवाई हैं। कई स्कूल-कॉलेज और छात्रावास बनवाए। बिजली के कई सब स्टेशन बनवाए। इनके काम को देखकर मुझे लगा कि ये अभी तक गलत पार्टी में थीं, अब सही पार्टी में आ गई हैं। काम करने वाली पार्टी तो आम आदमी पार्टी ही है, बाकी दोनों पार्टियां लूट खसोट करने वाली हैं।

वहीं, भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी को लेकर मध्य प्रदेश की जनता में जो जोश और जुनून है, पौने दो साल पहले पंजाब में देखा था। मध्य प्रदेश के लोगों के अंदर सिस्टम के खिलाफ भारी गुस्सा है। अंग्रेजों ने 200 साल इकट्ठे देश को लूटा और ये पांच-पांच की किश्तों में लूट रहे हैं। अंग्रेजों और इनमें कोई फर्क नहीं है। इस बार इनकी पांच-पांच साल की बारियों को तोड़ दो।

यह भी पढ़ें: 'दिल्ली में बंद हो गईं जनरेटर और इनवर्टर की दुकानें, 24 घंटे दे रहे बिजली', छत्तीसगढ़ में बोले अरविंद केजरीवाल