Lok Sabha Election 2019 : मुख्तार अब्बास नकवी बोले, राजनीतिक असहिष्णुता के सबसे बड़े शिकार हैं नरेंद्र मोदी
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीतिक असहिष्णुता के सबसे बड़े शिकार हैं।
नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने शानिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'राजनीतिक असहिष्णुता के सबसे बड़े शिकार' हैं। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने कहा कि कुछ कांग्रेस नेता तो पाकिस्तान भी गए और और पड़ोसी देश से नरेंद्र मोदी को हटाने की गुहार लगाई। इन सबके बावजूद लोगों का विश्वास हर दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में बढ़ता गया।
नकवी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि लगभग पांच साल पहले भी कुछ तथाकथित बुद्धजीवियों ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमेरिका और यूरोपिय यूनियन को पत्र लिखा था। यहां तक कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के सत्ता में आने के बाद कुछ तथाकथित समाजिक कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखी थी और कहा था कि देश का संविधान खतरे में है। इन लोगों ने दावा किया था कि देश में मोदी सरकार के शासन में असहिष्णुता का माहौल है। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि इन तमाम नकारात्मक प्रचार के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी कर्मठता से देश को विकास और समृद्धि के रास्ते पर आगे ले गए हैं।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री की यह टिप्पणी कलाकारों समेत उन लोगों के बयानों के बीच आई है, जिनमें मौजूदा लोकसभा चुनाव में कथित तौर पर भाजपा को सत्ता से हटाने की अपील की गई है। भाजपा ने भी इस अपील की काट और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए बुद्धजीवियों और कलाकारों का सहारा लिया है।