भाजपा अध्यक्ष का सवाल- मायावती कौन सी फैक्ट्री चलातीं जो देती हैं 46 करोड़ रुपये का टैक्स
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मायावती और अखिलेश यादव पर आरोप लगाया। बोला कोई फैक्ट्री नहीं है फिर भी मायावती 46 करोड़ सालाना टैक्स देती हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा.महेंद्रनाथ पांडेय ने बसपा सुप्रीमो मायावती व सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ लालच, लोभ, जात-पात, धर्म, संप्रदाय के नाम वोट पाकर सत्ता हासिल करने वालों का चरित्र है। उप्र में सपा-बसपा का महा मिलावटी गठबंधन बना है। उन्होंने सवाल किया कि मायावती कौन सी फैक्ट्री चलाती हैं कि हर साल 46 करोड़ रुपये टैक्स देती हैं।
2012 से 2017 तक मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव ने कौन सा रोजगार किया कि लखनऊ में 300 कमरों का होटल बनवा लिया। जनता यह जानना चाहती है। यह सब राजनीति भ्रष्टाचार के रास्ते से हासिल किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देवरिया में जीआइसी प्रांगण में भाजपा महिला मोर्चा व साइबर योद्धा (आइटी विभाग) की तरफ से आयोजित विजय संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के नेता नरेंद्र मोदी के लिए 130 करोड़ व सीएम योगी के लिए 23 करोड़ जनता ही परिवार है। परिवारवाद व भ्रष्टाचार की राजनीति खत्म करनी होगी। अखिलेश की सरकार ने पाप किया। केंद्र के धन को रोककर रखा।
केंद्र की मोदी सरकार ने पांच साल में आवास से लेकर बहुत कुछ दिया। योगी सरकार के शासन में 18 लाख गरीबों को आवास दिया। भाजपा ने अपने संकल्प में 75 लक्ष्य तय किए हैं। संकल्प पत्र से नए भारत का निर्माण होगा। प्रथम चरण के मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर दलितों ने भाजपा के पक्ष में उत्साह से मतदान किया।
उन्होंने खुद को पिंडी गांव का मूल निवासी बताकर देवरिया से नाता जोड़ा। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। बावजूद इसके पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों को हाशिए पर ला दिया, लेकिन भाजपा सरकार में किसानों का सम्मान बढ़ा है। जनधन खाता, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला गैस आदि योजनाओं से हर वर्ग लाभांवित है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने किसानों के चेहरे पर खुशहाली लाने का कार्य किया है।
चुनाव की विस्तृत जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें