Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Election 2020: DUSU के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह भाजपा में शामिल, लड़ सकते हैं चुनाव

    By Mangal YadavEdited By:
    Updated: Sun, 12 Jan 2020 03:21 PM (IST)

    Delhi Election 2020 दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष शक्ति सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। मनोज तिवारी ने उन्हें सदस्यता दिलाई।

    Delhi Election 2020: DUSU के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह भाजपा में शामिल, लड़ सकते हैं चुनाव

    नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Election 2020: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह ने रविवार को समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ले ली। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की उपस्थिति में सदस्यता लेने के बाद उन्होंने युवाओं को भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा उन्हें तिमारपुर या चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र से टिकट दे सकती है। हालांकि, पार्टी ने स्पष्ट कहा है कि टिकट का फैसला संसदीय बोर्ड ही लेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा प्रदेश कार्यालय में शक्ति सिंह की सदस्यता दिलाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि उनकी सोच भी विकासवाद और राष्ट्रवाद से प्रेरित है। वह दिल्ली की समस्याओं को सुलझाने में मदद करने को अग्रसर हैं। भाजपा युवा सोच का सम्मान और स्वागत करती है। शक्ति सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की की राह पर है और युवा इसमें अपना योगदान दे रहे हैं।

    शक्ति सिंह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में एबीवीपी के पैनल से उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी। लेकिन अध्यक्ष चुने गए अंकिव बैसोया की फर्जी डिग्री का मामला उजागर होने के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद डूसू प्रशासन ने उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिल गई थी।

    बता दें कि इससे पहले भी भाजपा डूसू के कई पूर्व अध्यक्षों को भी विधानसभा चुनाव लड़ा चुकी है। पूर्व डूसू अध्यक्ष नकुल भारद्वाज पटपड़गंज से चुनाव लड़ चुके हैं। जबकि अनिल झा चुनाव जीत कर विधायक भी रह चुके हैं।

    दिल्ली यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष आप में शामिल

    बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव आठ फरवरी को होगा। चुनाव के मद्देनजर नेता पाला बदलने में लगे हुए हैं। स्थानीय नेता एक पार्टी से दूसरी पार्टी में जा रहे हैं। इससे दिल्ली यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव समर्थकों के साथ शनिवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इन्हें अपने निवास पर पार्टी की सदस्यता दिलाई। जगदीश यादव दिल्ली ओबीसी कमीशन के पूर्व चेयरमैन और दिल्ली यादव महासभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

    वर्तमान में वह कांग्रेस की चुनाव घोषणापत्र समिति और चुनाव समिति के सदस्य थे। उनके साथ ही कांग्रेस के विजय विहार ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास यादव, भाजपा के शास्त्री नगर से मंडल महामंत्री रह चुके बंसी डोगरा और कांग्रेस के सुमित सिक्का ने भी आप का दामन थामा। इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि आप सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर अन्य राजनीतिक दलों के नेता आप में शामिल हो रहे हैं।

     दिल्ली चुनाव की खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

    दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक