CG Election 2023: दो करोड़ मतदाता का जादुई आंकड़ा छुएगा छत्तीसगढ़, जानिए क्या है पुनरीक्षण; यहां समझें पूरा गणित
CG Election 2023 प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। 98.5 लाख महिला मतदाता व पुरुष मतदाताओं की संख्या 98.2 लाख है। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक लिंगापुपात 1003 से बढ़कर 1005 हो चुका है। भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारी छत्तीसगढ़ में महिला मतदाताओं की जागरूकता की तारीफ कर चुके हैं। प्रदेश में हर विधानसभा चुनाव में 15 लाख से अधिक मतदाताओं की वृद्धि हो रही है।
रायपुर, जेएनएन। लोकतंत्र के महाउत्सव में छत्तीसगढ़ दो करोड़ मतदाताओं का जादुई आंकड़ा छू सकता है। वर्तमान में मतदाताओं की संख्या 1.97 करोड़ हैं,लेकिन अक्टूबर तक प्रदेश में कुल मतदाताओें की संख्या 2 करोड़ से पार होने की संभावना है। ऐसा इसलिए क्योंकि निर्वाचन कार्यालय में वर्तमान में मतदाता सूची संबंधित आठ लाख आवेदनों पर कार्यवाही जारी हैं। इनमें फार्म-6 यानि नए मतदाता बनने के लिए चार लाख आवेदनों की मजूरी प्रक्रियाधीन हैं। बाकी फार्म-8 आदि हैं, जिसमें नाम और स्थान परिवर्तन शामिल हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में 1.85 लाख मतदाताओं में से 76 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था। निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों के मुताबिक इस वर्ष मतदाताओं की संख्या रिकार्ड वृद्धि हुई है, साथ ही विधानसभा चुनाव में भी रिकार्ड मतदान हो सकता है।
हर वर्ष 15 लाख से अधिक की वृद्धि
प्रदेश में हर विधानसभा चुनाव में 15 लाख से अधिक मतदाताओं की वृद्धि हो रही है। वर्ष 2013 के मुकाबले में वर्ष 2018 में मतदाताओं की संख्या में 16 लाख की वृद्धि हुई थी। 2018 के मुकाबले 2023 के बीच मतदाताओं की संख्या में वृद्धि पर गौर करें तो इसकी संख्या 18 लाख से अधिक हो सकती है।
100 वर्ष से अधिक 2948 मतदाता
प्रदेश में 100 वर्ष से अधिक मतदाताओं की संख्या 2948 हैं, वहीं विधानसभा के इस चुनावी महासमर में 80 वर्ष से अधिक उम्र वाले 2 लाख से अधिक मतदाता, मतदान करेगे। निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य 11 सितंबर तक आगे बढ़ा दिया है। इससे पहले 31 अगस्त अंतिम तारीख तय की गई थी।
पुरुष से ज्यादा महिला मतदाता
प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। 98.5 लाख महिला मतदाता व पुरुष मतदाताओं की संख्या 98.2 लाख है। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक लिंगापुपात 1003 से बढ़कर 1005 हो चुका है। भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारी छत्तीसगढ़ में महिला मतदाताओं की जागरूकता की तारीफ कर चुके हैं। बस्तर सहित आदिवासी जिलों की स्थिति पर गौर करें तो अन्य जिलों के मुकाबले यहां भी नए मतदाताओं की संख्या में रिकार्ड वृद्धि हुई है।
क्या है मतदाता पुनरीक्षण
मतदाता सूची में नाम ना दर्ज होने पर आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
नाम, पता, स्थान की गलत प्रविष्टि होने पर सुधार किया जा सकता है।
मृत अथवा स्थानांतरित व्यक्तियों का नाम हटवाया जा सकता है।
नवीन फोटोयुक्त मतदाता परिचय पत्र प्राप्त करने के लिए आवेदन किया जा सकता है।
आधार नंबर को मतदाता परिचय पत्र के साथ जोड़ा जा सकता है।
दिव्यांग मतदाता के रूप में स्वयं को चिन्हित करवाया जा सकता है।
1 अक्टूबर को 2023 को 18 वर्ष पूर्ण होने की स्थिति में फार्म-6 भरना होगा।
अलग-अलग फार्म
फार्म-6- नवीन मतदाता बनने के लिए।
फार्म-6बी-आधार से मतदाता पत्र जोड़ने के लिए।
फार्म-7- मृत या स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का नाम हटाने के लिए।
फार्म-8-संशोधन, स्थानांतरण के लिए।
वर्तमान में मतदाताओं की संख्या पर एक नजर
कुल मतदाता- 1.97 करोड़
महिला-98.5 लाख
पुरुष- 98.2 लाख
ट्रांसजेंडर-762
80 वर्ष से अधिक उम्र वाले- 2.02 लाख
सर्विस मतदाता- 19, 854
प्रक्रियाधीन आवेदन- 8 लाख
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।