विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Muzaffarpur News: SIR में 61 हजार नए मतदाताओं ने नाम जोड़ने के लिए भरा फार्म, कुल 94 हजार 422 फार्म हुए प्राप्त

Published: Sat, 13 Sep 2025 02:04 PM (GMT+05:30)

मुजफ्फरपुर में विशेष पुनरीक्षण अवधि में 94 हजार से अधिक मतदाताओं ने फॉर्म जमा किए हैं। 61 हजार से ज्यादा ...और पढ़ें

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. 61 हजार नए मतदाताओं ने किया आवेदन |
  2. मतदाता सूची में संशोधन जारी |
  3. जागरूकता अभियान में तेजी |

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur News: विशेष गहन पुनरीक्षण अवधि में 94,422 मतदाताओं ने विभिन्न प्रारूप में फार्म भरकर जमा कराया है। निर्वाचन कार्यों में लगे कर्मी व पदाधिकारी इसका सत्यापन कर निष्पादन कर रहे हैं।

इसमें से 61,231 नए मतदाताओं ने नाम जोड़ने के लिए फार्म छह भरकर जमा किया है। इसमें से 40 हजार से अधिक का सत्यापन किया गया है। वहीं, नाम विलोपन के 11,055 और नाम संशोधन के 22,136 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम सुब्रत कुमार सेन ने शुक्रवार को सभी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कहा कि कोई भी योग्य मतदाता नहीं छूटे, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए।

उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को मिशन मोड में कार्य कर प्रखंड विकास पदाधिकारी व बीएलओ से समन्वय स्थापित करने और प्रत्येक आवेदन/दस्तावेज का समय से निष्पादन करने को कहा।

बताया गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार, दावा/आपत्ति में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की अंतिम तिथि 25 सितंबर तय की गई है। इसके बाद 30 सितंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिले में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन के माध्यम से अब तक 2069 जगहों पर भ्रमण कर 23,205 मतदाताओं को ईवीएम वीवीपैट की जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है।

स्वीप गतिविधियों को मिली गति

जिले में मतदाता जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने स्वीप कार्यक्रम तेज किया है। इस कड़ी में 13 से 27 सितंबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाने की रूपरेखा तय की है।

इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, जीविका दीदी, स्कूली छात्र-छात्राएं, एएनएम व पंचायत कर्मियों को सक्रिय किया गया है। इस दौरान साइकिल रैली, मोटरसाइकिल रैली, प्रभातफेरी, संध्या चौपाल, ग्रीटिंग कार्ड फार वोटिंग, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली, स्लोगन राइटिंग, शपथ ग्रहण व गृह भ्रमण कार्यक्रम किए जाएंगे।

प्रतिदिन होगा विशेष आयोजन

जिले में मतदाता जागरूकता को और प्रभावी बनाने के लिए 27 सितंबर के बाद प्रत्येक दिवस के लिए विशेष कार्यक्रम करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत सोमवार को रैली एवं प्रभात फेरी, मंगलवार को शपथ कार्यक्रम, बुधवार को गृह भ्रमण एवं महिला मतदाताओं को जागरूक करना, शुक्रवार को मेहंदी प्रतियोगिता, शनिवार को चौपाल एवं रंगोली का आयोजन होगा।

इन कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ आइसीडीएस, डीपीएम जीविका सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है।