Bihar Election 2025: पश्चिम चंपारण की विधानसभाओं में बाहरी-स्थानीय का मुद्दा गरमाया, जनता की नजर विकास पर
पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र की बगहा वाल्मीकिनगर और रामनगर विधानसभा सीटों पर बाहरी बनाम स्थानीय का मुद्दा गरमा रहा है। विधायकों के अपने क्षेत्र का मूल निवासी न होने से बहस छिड़ी है। स्थानीय लोग चाहते हैं कि उनका नेता उनकी समस्याओं को समझे। वहीं भाजपा नेता रितु जायसवाल का कहना है कि विकास सबसे बड़ा मुद्दा है न कि कोई बाहरी है या स्थानीय।

विनोद राव, बगहा। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र की तीन प्रमुख विधानसभा सीटें बगहा, वाल्मीकिनगर और रामनगर इन दिनों चर्चा में हैं। सबसे अधिक चर्चा बगहा विधानसभा को लेकर है। इन सीटों से जो विधायक हैं, वे उस विधानसभा क्षेत्र के मूल निवासी नहीं हैं। यही वजह है कि विधानसभा चुनाव में एक बार फिर बाहरी बनाम स्थानीय का मुद्दा हावी रहेगा।
बगहा के विधायक राम सिंह रामनगर विधानसभा के भावल के मूल निवासी हैं। आज भी वह अपने पैतृक गांव में ही निवास करते हैं। रामनगर की विधायक भागीरथी देवी नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र की रहने वाली हैं। नरकटियागंज ब्लॉक रोड पर उनका आवास है। वहीं से वह अपने विधानसभा क्षेत्र का संचालन करती हैं।
वाल्मीकिनगर के विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह मूलरूप से बगहा विधानसभा के बनचहरी के रहने वाले हैं। धीरेंद्र प्रताप सिंह ने जिस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा, वहीं निवास बना लिया है। उनका वाल्मीकिनगर में आवास है और वे वहीं के मतदाता भी हैं। इसके चलते उन्हें बाहरी होने का आरोप झेलना नहीं पड़ता।
स्थानीय ही क्षेत्र की नब्ज पकड़ेगा
स्थानीय का मुद्दा इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है। क्योंकि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां के लोग अपनी जमीनी समस्याओं के लिए किसी अपने प्रतिनिधि से अधिक अपेक्षा रखते हैं।
लोग मानते हैं कि जो नेता स्थानीय होगा। वही क्षेत्र की सच्ची नब्ज समझ पाएगा । राजनीति में यह पहला मौका नहीं है। जब बाहरी बनाम स्थानीय का सवाल उठा हो, लेकिन क्षेत्रीय असंतोष और पहचान की भावना को देखते हुए यह बहस अब एक बार फिर जोर पकड़ रही है। आगामी चुनावों में यह मुद्दा हावी रहेगा।
जनता को विकास चाहिए, न कि बाहरी-स्थानीय की बहस
बगहा विधानसभा क्षेत्र में चल रही बाहरी की बात पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रितु जायसवाल कहते हैं कि कि जनता के लिए सबसे बड़ा मुद्दा विकास है, न कि यह कि कोई विधायक स्थानीय है या बाहरी।
उन्होंने बगहा विधायक राम सिंह को बाहरी कहे जाने को अनुचित बताया। कहा कि विधायक जिले के ही निवासी हैं। बगहा तथा रामनगर विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं आपस में जुड़ी हुई हैं। ऐसे में किसी को बाहरी कह देना तर्कसंगत नहीं है।
उन्होंने कहा कि जनता का फोकस अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर है। नेताओं को भी चाहिए कि वे इस तरह की बहसों में उलझने के बजाय क्षेत्र के विकास पर ध्यान दें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।