सोशल मीडिया का सदुपयोग
कोई भी चीज अच्छी या बुरी नहीं होती। हम उसका उपयोग किस प्रकार करते हैं यह व्यक्ति पर निर्भर करता है।
कोई भी चीज अच्छी या बुरी नहीं होती। हम उसका उपयोग किस प्रकार करते हैं यह व्यक्ति पर निर्भर करता है। आज कल सोशल मीडिया का चलन जोरों पर है। बड़ी संख्या में लोग व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर सरीखे सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर सक्रिय हैं। सोशल मीडिया पर मौजूद लोग, खासकर युवा जहां एक ओर शिक्षा, खेल, मनोरंजन और जीवन की चुनौतियों से मुकाबिल होने के मंत्र साझा करते हैं, वहीं कुछ भटके लोग नकारात्मक क्रिया कलापों में व्यस्त रहते हैं। एक वर्ग मानता है कि सोशल मीडिया का सदुपयोग कम हो रहा है। इन साइट्स की चर्चा इनके दुरुपयोग को लेकर प्राय: होती रहती है। एक जमाना था जब लोगों के पास अपनी बात कहने के लिए रेडियो, टीवी और समाचार पत्र ही माध्यम बनते थे। स्वाभाविक है कि हर किसी की पहुंच इन माध्यमों तक नहीं हो पाती थी, लेकिन आज अपनी बात, विचार व्यक्त करने के लिए सोशल मीडिया सशक्त माध्यम बन कर प्रस्तुत हुआ है।
सोशल मीडिया के सदुपयोग का अनूठा उदाहरण बुधवार को हापुड़ में एक युवती ने प्रस्तुत किया। उसे बदमाशों के आने की भनक लगी तो व्हाट्सएप पर उसने अपनों को संदेश प्रेषित कर दिया। यह सुनिश्चित होने पर कि लोग जल्द ही वहां पहुंचने वाले हैं युवती बदमाशों से भिड़ गई। बदमाश भाग पाते इससे पहले ही आसपास के लोग आ धमके और बदमाश पकड़े गए। बेशक यह घटना मामूली नजर आती हो, लेकिन इसके पीछे बड़ा संदेश छिपा है। किसी भी संकट या आपदा के समय एक लघु संदेश से ही मदद प्राप्त की जा सकती है। किसी की जान भी बचाई जा सकती है। इन माध्यमों का उपयोग तमाम संगठन शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में कर रहे हैं, जिसका लाभ करोड़ों लोगों को मिलता है। वास्तविक सूचना का आदान-प्रदान कर लोगों में जागरूकता लाई जा सकती है। हम किसी ज्वलंत मुद्दे पर राय व्यक्त करके सजग नागरिक होने का उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं तो सोशल मीडिया का दुरुपयोग हमें सलाखों के पीछे भी पहुंचा सकता है। यह एक उभरता हुआ मंच है। इसका उपयोग पूरे विवेक से करना चाहिए। अन्ना आंदोलन से लेकर दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के गठन तक सोशल मीडिया ने उपयोगिता साबित की है। शायद नई पीढ़ी इससे सबक लेना चाहेगी।
[स्थानीय संपादकीय: उत्तर प्रदेश]
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।