Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पितृ देवो भव:

    By Edited By:
    Updated: Wed, 25 Jan 2012 12:00 AM (IST)

    पिता शब्द 'पा रक्षणे' धातु से निष्पन्न होता है। इसका निर्वचन है- 'य: पाति स पिता' अर्थात जो रक्षा करता है वह पिता है। माता के बाद संसार में यदि कोई वंदनीय है तो वह है पिता? पितृ शब्द का व्यापक अर्थ है। इसके अंतर्गत माता और पिता के अलावा समस्त पूर्वज भी आते हैं। पुत्र की प्राप्ति पर हर गृहस्थ अत्यंत प्रसन्न होता है, क्योंकि वह उसे अपना प्रतिरूप समझता है व उसके अंग-प्रत्यंग में अपना ही दर्शन करता है। साम ब्राह्मण में कहा गया है- हे पुत्र! तू अंग-अंग से उत्पन्न हुए तेज और हृदय से उत्पन्न हुआ है, इसलिए तू मेरी आत्मा है। वह उसके सौ वर्ष तक जीवित रहने की कामना करता है। वह पुत्र को प्राप्त करके अपने को धन्य समझता है और उसे अपना प्रतिनिधि मानता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अथर्ववेद में कहा गया है- 'अनुव्रत: पितु: पुत्रो माता भवति संमना:' अर्थात पुत्र पिता का आज्ञाकारी हो और माता में श्रद्धा रखे। पुत्र शब्द का प्रयोग संतान के लिए होता है। संतान से न केवल आज्ञाकारी होने बल्कि पिता के व्रतों और सुनियमों और सद्गुणों का पालन करने वाली होने की कामना की गई है। हर पिता चाहता है कि उसकी संतान धन-धान्य और पद में उससे अधिक ऊंचा स्थान प्राप्त करे। पुत्र या पुत्री की अपनी तुलना में अधिक प्रगति देखकर पिता को ईष्र्या नहीं होती बल्कि अत्यंत प्रसन्नता होती है। माता-पिता अपनी संतान का पालन-पोषण बिना किसी स्वार्थ के करते हैं, इसलिए माता के साथ पिता को भी देवता माना गया है। संतान पर अपने पूर्वजों का ऋण चुकाने का दायित्व बनता है। संतान का कर्तव्य है कि वह माता-पिता, दादा-दादी आदि बुजुर्गो की जीवनपर्यन्त सेवा और सुश्रुषा करती रहे। यह हमारी सांस्कृतिक परंपरा की ऐसी बेल है जो पीढ़ी दर पीढ़ी पुष्पित होते हुए फलदायी बनी रहती है। एक ओर हम अपनी संतान का पालन बिना किसी फल प्राप्ति की भावना से करते हैं। दूसरे अपने माता-पिता की सेवा भी आदर व स्नेह भाव से करते हैं और उनको अपने हृदय में देव तुल्य स्थान पर रखते हुए उनके बताये मार्ग पर चलते हैं। इसीलिए कहा गया है- 'पितृदेवो भव:।'

    [कृष्णकांत वैदिक]

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

    comedy show banner
    comedy show banner