इंडियन एयर क्राफ्ट्स पर क्यों लिखा होता है 'VT'? आखिर क्या है इस कोड का मतलब
क्या आपने कभी गौर किया है कि सभी भारतीय हवाई जहाज पर VT लिखा होता है ( VT on Indian Aircraft)? अगर आपने कभी ध्यान नहीं दिया है तो अगली पर इस पर गौर कीजिएगा। हर भारतीय एयर क्राफ्ट के ऊपर VT कोड लिखा हुआ होता है। लेकिन क्या आप इसका मतलब जानते हैं? आइए जानें क्यों हर भारतीय हवाई जहाज पर यह कोड लिखा होता है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आपने कभी हवाई जहाज से ट्रैवल किया है या इन विमानों को ध्यान से देखा है, तो आपने उन पर 'VT' लिखा हुआ नोटिस किया होगा (VT on Indian Aircraft)। यह कोड हर भारतीय एयर क्राफ्ट के पिछले हिस्से या खिड़कियों के पास बड़े अक्षरों में लिखा हुआ होता है।
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस 'VT' कोड (Indian Aircraft VT Code) का मतलब क्या है और यह हर एयर क्राफ्ट पर क्यों लिखा होता है? आइए जानते हैं इसकी वजह (Why VT is Written on Planes) पर।
'VT' कोड का मतलब क्या है?
आपको शायद जानकर हैरानी होगी, लेकिन यह 'VT' कोड ब्रिटिश राज से जुड़ा हुआ है। 'VT' का मतलब "Victorian Territory" या "Viceroy Territory" माना जाता है। यह कोड भारतीय विमानों के रेजिस्ट्रेशन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय किया गया है। अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के नियमों के अनुसार, हर देश के विमानों का एक अलग रेजिस्ट्रेशन कोड होता है, जिससे उनकी पहचान की जा सके।
यह भी पढ़ें: टेक-ऑफ से पहले क्यों Airplane Mode पर रखते हैं मोबाइल, क्या आपको पता है इसकी वजह?
ब्रिटिश राज की विरासत
1929 में, ब्रिटिश सरकार ने भारत सहित अपने सभी कोलोनीज के विमानों के लिए 'V' से शुरू होने वाले कोड निर्धारित किए। उस समय भारत को 'VT' कोड दिया गया, जबकि पाकिस्तान को 'AP', श्रीलंका को '4R' और नेपाल को '9N' अलॉट किया गया। आजादी के बाद भी भारत ने इस कोड को बदलने का कोशिश नहीं की गई, जबकि कई अन्य देशों ने अपने नए कोड अपना लिए।
'VT' कोड बदलने की मांग
कई लोगों का मानना है कि 'VT' कोड गुलामी को दर्शाता है और यह भारत की स्वतंत्र पहचान के लिए ठीक नहीं है। इसी वजह से कई बार इस कोड को बदलने की मांग उठाई गई है-
- 2004 में पहली कोशिश- नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने ICAO से 'VT' कोड बदलने का अनुरोध किया, लेकिन इस पर कोई फैसला नहीं हुआ।
- 2021 में बॉम्बे हाई कोर्ट में अपील- व्यापारी विजयपत सिंघानिया और विजय सेठी ने 'VT' कोड बदलने की मांग की, लेकिन याचिका खारिज कर दी गई।
- 2022 में दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका- अश्विनी उपाध्याय ने एक जनहित याचिका दायर कर कहा कि 'VT' कोड गुलामी का प्रतीक है और इसे बदला जाना चाहिए।
सरकार का रुख
दिसंबर 2021 में, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जनरल (रिटायर्ड) विजय कुमार सिंह ने राज्यसभा में बताया कि 'VT' कोड 1927 के वाशिंगटन अंतर्राष्ट्रीय रेडियोटेलीग्राफ सम्मेलन में भारत को अलॉट किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि 'VT' का मतलब "Viceroy Territory" नहीं है और भारत के लिए अन्य कोड जैसे I, IN, B, BH, BM या HT पहले से ही अन्य देशों को अलॉट किए जा चुके हैं।
कोड बदलने में क्या परेशानियां हैं?
'VT' कोड बदलना आसान नहीं है, क्योंकि इसके लिए बड़े पैमाने पर बदलाव करने होंगे, जैसे-
- सभी एयर क्राफ्ट को दोबारा पेंट करना पड़ेगा।
- एविएशन डॉक्युमेंट्स और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड को अपडेट करना होगा।
- इस प्रक्रिया में भारी खर्च आएगा और विमान सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें: एक थर्मामीटर से हो सकता है प्लेन क्रैश! क्यों हवाई जहाज में बैन है Thermometer
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।