400 कंप्यूटर, 8 लाख घंटे की मेहनत... 31 साल पहले बनी थी सिनेमा की पहली एनिमिटेड फिल्म, Oscar में मचाई थी धूम
90s में पहली कंप्यूटर-एनिमेटेड फीचर फिल्म बनी थी जिसमें सभी सीन्स कंप्यूटर के जरिए क्रिएट किए गए थे। यह अब तक की सबसे बेहतरीन एनिमेटेड फिल्म है।

दुनिया की पहली कंप्यूटर एनिमेटेड फीचर फिल्म। फोटो क्रेडिट- एक्स
HighLights
सिनेमा की पहली कंप्यूटर एनिमेटेड फिल्म
बेजान खिलौनों की दिखाई गई थी कहानी
ऑस्कर्स की तीन कैटेगरी में हुई थी नॉमिनेट
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। एनिमेशन आज के वक्त में कोई बड़ी बात नहीं है। लगभग हर फिल्मों में एनिमेशन का इस्तेमाल किया जाता है। फिल्मी दुनिया में तो कई फिल्में बन चुकी हैं जो पूरी तरह से एनिमेटेड हैं। मगर क्या आपको पता है कि पहली एनिमेटेड फिल्म कौन सी है?
31 साल पहले पहली कंप्यूटर एनिमेटेड फीचर फिल्म बनाई गई थी। फिल्म के हर सीन्, कैरेक्टर्स और सेट, सबकुछ कंप्यूटर एनिमेशन के जरिए दिखाया गया था। यह एक ऐसी फिल्म थी, जिसने खिलौनों की एक नई दुनिया को उजागर किया था। कई बार रिजेक्ट हुई यह फिल्म जब बनकर तैयार हुई तो दुनियाभर में छा गई। सबसे कमाऊ फिल्म बन गई, ऑस्कर्स (Oscars) में भी सफलता के झंडे गाड़े।
जानिए सिनेमा की पहली कंप्यूटर एनिमेटेड फीचर फिल्म के बारे में जिसकी फ्रेंचाइजी तीन दशक के बाद भी दर्शकों का मनोरंजन कर रही है...
पहली एनिमेटेड फिल्म
बचपन में हम सभी खिलौनों से खूब खेलते हैं। हम उन्हें एक बेजान सामान मानते हैं, जिन्हें खेलने या मन बहलाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। अगर खिलौनों में भी जान हो? उनकी भी अपनी एक दुनिया हो? इस खिलौनों की जिंदगी को 'टॉय स्टोरी' (Toy Story) के जरिए जीवंत करते हुए बड़े पर्दे पर दिखाया गया।

खिलौनों की फीलिंग्स को दिखाया गया
1995 में रिलीज हुई एनिमेटेड कॉमेडी फिल्म 'टॉय स्टोरी' पिक्सर एनीमेशन स्टूडियो द्वारा वॉल्ट डिज्नी पिक्चर्स के लिए बनाई गई पहली फीचर फिल्म है। जब 1988 में 'टिन टॉय' नाम की शॉर्ट फिल्म सफल हुई तो डिज्नी ने पिक्सर से एक ऐसी फिल्म बनाने के लिए अप्रोच किया जिसमें खिलौनों के नजरिए से दुनिया दिखाई जाए, उसमें खिलौनों की फीलिंग्स को दिखाया जाए और ऐसा ही हुआ।
सबसे ज्यादा पॉपुलर हुए थे ये खिलौने
'टॉय स्टोरी' के निर्देशक जॉन लैसेटर ने जॉस वेडन, एंड्रयू स्टैंटन, जोएल कोहेन और एलेक सोकोलोव के साथ कहानी लिखनी शुरू की। फिल्म बनी, टॉम हैंक्स, टिम एलेन, एनी पॉट्स, जॉन रैटजेनबर्गर, डॉन रिकल्स, वालेस शॉन और जिम वर्नी जैसे कलाकार खिलौनों की आवाज बने। सबसे ज्यादा जो कैरेक्टर पॉपुलर हुए, वे वूडी (टॉम) और बज लाइटईयर (टिम एलन) थे। लाइटईयर नाम से तो एक स्पिन ऑफ फिल्म भी बन चुकी है।

फिल्म की कहानी काउब्वॉय नाम के डॉल की है जो 'स्पेसमेन' नाम के खिलौने से इस वजह से चिढ़ने लगता है क्योंकि वह उसके मालिक यानी लड़के का सबसे पसंदीदा खिलौना बन जाता है।
8 लाख घंटे में बने थे एनिमेशन
किसी को नहीं पता था कि कोई फिल्म सिर्फ और सिर्फ कंप्यूटर एनिमेशन के जरिए बनकर तैयार होगी। आपको जानकर हैरानी होगी कि फिल्म में खिलौनों को असली जैसा दिखाने के लिए मेकर्स ने 400 कंप्यूटर मॉडल तैयार किए थे। सिर्फ इतना ही नहीं, फिल्म के सीन्स को कंप्यूटर के जरिए तैयार करने में करीब 8 लाख घंटे लगे थे। फिल्म में वुडी के कपड़ों की सिलवटों से लेकर बज लाइटइयर के चमकदार स्पेस सूट तक, हर चीज को कंप्यूटर पर तैयार किया गया था।
बॉक्स ऑफिस पर रही थी सुपरहिट
खिलौनों के इमोशंस और हाव-भाव को इतनी बारीकी से दिखाया गया था कि लगता है कि नहीं वे खिलौने हैं। अलग-अलग तकनीकों का इस्तेमाल करके कंप्यूटर के जरिए पूरी फिल्म ऐसे बनकर तैयार हो गई कि इसने बॉक्स ऑफिस पर भी इतिहास रच दिया था।

यह फिल्म 1995 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाऊ फिल्म बन गई थी। इसने पहले वीकेंड सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड बनाया था। बॉक्स ऑफिस मोजो के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में 230 मिलयन डॉलर के करीब कारोबार किया था।
ऑस्कर्स में गाड़े सफलता के झंडे
फिल्म को क्रिटिक्स और ऑडियंस से भी खूब सराहा गया। यहां तक कि इस फिल्म को एकेडमी अवॉर्ड्स (Oscar) में तीन नॉमिनेशन मिले थे। फिल्म को ओरिजिनल स्क्रीनप्ले, म्यूजिक और गाने के लिए ऑस्कर के नॉमिनेशन में जगह मिली थी। इस फिल्म के लिए ऑस्कर के मंच पर डायरेक्टर जॉन लेसटर को स्पेशल अचीवमेंट से सम्मानित किया गया था।

टॉय स्टोरी की कितनी फिल्में आ चुकी हैं?
'टॉय स्टोरी' आज के समय में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली एनिमेटेड फ्रेंचाइजी है जिसकी सभी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर राज किया है।
- टॉय स्टोरी- 1995
- टॉय स्टोरी 2- 1999
- टॉय स्टोरी 3- 2010
- टॉय स्टोरी 4- 2019
- टॉय स्टोरी 5- 2026
साल 2022 में 'टॉय स्टोरी' की स्पिन-ऑफ फिल्म 'लाइटईयर' रिलीज हुई थी जिसकी कहानी बज लाइटईयर के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें क्रिस इवान ने यह किरदार निभाया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।