विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेटा के गुरुग्राम ऑफिस पर यूथ कांग्रेस ने जड़ा ताला, अध्यक्ष और प्रभारी का इंस्टाग्राम बंद होने पर हंगामा

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:48 PM (IST)

भारतीय युवा कांग्रेस ने गुरुग्राम में मेटा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट बंद किए जाने के विरोध में था।

गुरुग्राम में मेटा के ऑफिस पर यूथ कांग्रेस का हंगामा। फोटो: जागरण

गुरुग्राम में मेटा के ऑफिस पर यूथ कांग्रेस का हंगामा। फोटो: जागरण

HighLights

  1. युवा कांग्रेस ने मेटा कार्यालय पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया।

  2. राजनीतिक दबाव में विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया गया।

  3. अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार के हनन पर सवाल उठाए।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट बंद किए जाने के विरोध में हरियाणा युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया।

प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मेटा के कार्यालय पर ताला जड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

राजनीतिक दबाव में आवाज दबाने का आरोप

निशित कटारिया ने कहा कि देश में जो भी सरकार से सवाल पूछता है और युवाओं के रोजगार, महंगाई तथा बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाता है, उसकी आवाज दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अब इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म भी इस तरह की कार्रवाई करेंगे तो लोकतंत्र में आम नागरिक अपनी बात कहां रखेगा? उन्होंने सवाल किया कि आखिर उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट किसके आदेश पर बंद किए गए?

यदि मेटा ने अपने नियमों के तहत कार्रवाई की है तो कंपनी को उसके स्पष्ट कारण सार्वजनिक करने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय युवा कांग्रेस और विभिन्न प्रदेशों के युवा कांग्रेस के इंटरनेट मीडिया पेजों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सरकार और भाजपा की नीतियों की आलोचना करने वाली पोस्ट हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। कई बार एक साथ 10 से 15 पोस्ट तक डिलीट कर दी जाती हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इंटरनेट मीडिया पर केवल सत्ता पक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार है और विपक्ष को सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने की आजादी नहीं है?

निष्पक्ष कार्रवाई और पारदर्शिता की मांग

कटारिया ने कहा कि मेटा भारत में कारोबार करने वाली अंतरराष्ट्रीय कंपनी है। उसका दायित्व निष्पक्ष और पारदर्शी डिजिटल मंच उपलब्ध कराना है।

संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। सरकार की आलोचना करना और जनता के मुद्दे उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है।

उन्होंने कंपनी से दोनों नेताओं के अकाउंट बंद करने के कारण, हटाई गई पोस्ट का विवरण और कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही प्रभावित अकाउंट धारकों को निष्पक्ष अपील का अवसर देने की बात कही।

सड़क से अदालत तक लड़ाई जारी रखने की चेतावनी

निशित कटारिया ने कहा कि यह संघर्ष केवल दो नेताओं के इंटरनेट मीडिया अकाउंट तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं, पत्रकारों और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा है।

मेटा ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो युवा कांग्रेस सड़क से अदालत तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी और उपलब्ध कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करेगी।

प्रदर्शन में अभिषेक यादव, जिला अध्यक्ष गुड़गांव, अमरजीत गुर्जर, जिला अध्यक्ष गुड़गांव ग्रामीण, मोहित तंवर, जिला उपाध्यक्ष, गौतम यादव, जिला उपाध्यक्ष, करुण तंवर और ओजस्वी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के नाइट क्लब में बाउंसरों की गुंडागर्दी, दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर समेत तीन युवकों को बेरहमी से पीटा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।