यमुनापार में दम घोंट रही टूटी सड़कों की धूल, फेल हो रहे प्रदूषण नियंत्रण के दावे
यमुनापार के कई इलाकों में टूटी सड़कें और मिट्टी के ढेर प्रदूषण का कारण बन रहे हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही और तेज हवा से धूल उड़ती है।

यमुनापार के कई इलाकों में सड़कें बदहाल। जागरण
HighLights
यमुनापार में टूटी सड़कें और मिट्टी के ढेर प्रदूषण बढ़ा रहे।
वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ती, हवा में फैलती है।
पीडब्ल्यूडी ने जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया, समाधान की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में प्रदूषण कम करने के दावे तो खूब किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। कहीं सड़कें टूटी पड़ी हैं तो कहीं किनारों पर मिट्टी के ढेर जमा हैं।
इन सड़कों से गुजरते वाहनों के साथ धूल के गुबार उठ रहे हैं और तेज हवा चलने पर यही मिट्टी आसपास के वातावरण में फैल रही है। स्वामी दयानंद मार्ग से लेकर नंद नगरी, दिलशाद गार्डन और कड़कड़डूमा तक यही स्थिति है। सड़कों की धूल तक नहीं थम रही तो प्रदूषण पर लगाम लगाने के दावों पर सवाल उठ रहे हैं।
कहां-कहां टूटी हैं सड़कें
स्वामी दयानंद मार्ग पर सड़क के किनारे जगह-जगह मिट्टी जमा है। सफाई के अभाव में यह मिट्टी सूखकर धूल बन जाती है और हवा के साथ उड़ती रहती है। सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण भी धूल का गुबार उठता है। नंद नगरी में कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय के पास सड़क टूटी हुई है। यहां वाहन गुजरने के दौरान सड़क की उखड़ी सतह से धूल उड़ती है। आसपास आवासीय क्षेत्र और लोगों की आवाजाही होने से समस्या और बढ़ जाती है।
दिलशाद गार्डन औद्योगिक क्षेत्र के पास भी सड़क की हालत ठीक नहीं है। सड़क पर जगह-जगह टूट-फूट होने से वाहनों के गुजरने के साथ धूल उड़ती है। वहीं कड़कड़डूमा के पास सड़क और फुटपाथ के क्षतिग्रस्त हिस्सों से भी धूल फैल रही है।
फुटपाथ की खराब हालत से लोग परेशान
फुटपाथ की हालत खराब होने और सड़क किनारे मिट्टी जमा रहने से पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए सड़कों की नियमित सफाई के साथ उनकी मरम्मत और किनारों पर जमा मिट्टी हटाना जरूरी है। टूटी सड़कें और खुले हिस्सों में जमा धूल वाहनों की आवाजाही के साथ दोबारा हवा में पहुंचती है।
ऐसे में केवल पानी छिड़कने या सफाई अभियान चलाने के बजाय सड़क की बदहाल सतह को दुरुस्त करने और नियमित रखरखाव पर ध्यान देना भी जरूरी है।
छिड़काव को नहीं हो रहा असर: तमाम क्षेत्रों में पानी की छिड़काव तो किया जा रहा है लेकिन धूल इतनी अधिक है कि यह प्रयास भी पूरी तरह से फेल नजर आ रहा है। खास तौर पर कालोनियों के अंदरूनी मुख्य मार्गों की मरम्मत के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
मुख्य मार्गाों की तो मरम्मत कर दी जाती है लेकिन सर्विस रोड के हालात खराब हैं। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना है कि टूटी सड़कों को चिह्नित किया गया है। जल्द ही मरम्मत कार्य किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में लापता हुए दो बच्चे सकुशल मिले, पुलिस ढाई साल के मासूम को कुछ घंटों में खोज निकाला
यह भी पढ़ें- जीते-जी कराएं अंतिम संस्कार की बुकिंग, दिल्ली के व्यापार मेले में 30 हजार से 1.5 लाख तक का पैकेज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।