विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली: यमुनापार में धड़ल्ले से बिक रही गांजा-स्मैक की पुड़िया, चेयरमैन ने पूछा- तस्करों पर क्या हुई कार्रवाई?

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:40 AM (IST)

पूर्वी दिल्ली के यमुनापार इलाकों में गांजा, स्मैक और हेरोइन की धड़ल्ले से बिक्री जारी है, जिससे हालात चिंताजनक हैं। जिलाधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए।

उत्तर पूर्वी जिला विकास समिति के चेयरमैन जितेंद्र महाजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस व प्रशासन समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जागरण

उत्तर पूर्वी जिला विकास समिति के चेयरमैन जितेंद्र महाजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस व प्रशासन समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जागरण

HighLights

  1. यमुनापार में गांजा, स्मैक, हेरोइन की धड़ल्ले से बिक्री।

  2. पुलिस की कार्यप्रणाली पर बैठक में गंभीर सवाल।

  3. बड़े तस्करों पर कार्रवाई न होने के आरोप।

शुजाउद्दीन, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार के कई इलाकों में नशीले पदार्थों की बिक्री धड़ल्ले से जारी है, जिससे स्थानीय हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं। नंद नगरी स्थित जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय में ड्रग्स कंट्रोल विभाग की आयोजित बैठक में इस गंभीर समस्या पर दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कड़े सवाल उठाए गए। उत्तर पूर्वी जिला विकास समिति के चेयरमैन जितेंद्र महाजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस व प्रशासन समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

पिछली बैठक में चेयरमैन जितेंद्र महाजन अपने साथ गांजा और स्मैक की पुड़िया लेकर पहुंचे थे, जिसे उन्होंने रिहायशी क्षेत्रों से खरीदा था। ताजा बैठक में पुलिस अधिकारी यह जवाब नहीं दे सके कि कलंदर कॉलोनी, पुरानी सीमापुरी और कोढ़ी कॉलोनी के पास से खरीदे गए इन नशीले पदार्थों के मामले में क्या ठोस कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कानूनी खामियों का हवाला देते हुए मजबूरी जताई कि तस्करों की गिरफ्तारी के बाद अक्सर रिमांड नहीं मिल पाता, जिससे नशे के पूरे नेटवर्क (चेन) तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

प्रमुख हॉटस्पॉट और मिलीभगत के आरोप

यमुनापार में कलंदर कॉलोनी, सीलमपुर झुग्गियां, वेलकम की जनता कॉलोनी, कोढ़ी कॉलोनी और सनलाइट कॉलोनी नशे के बड़े हॉटस्पॉट बन चुके हैं, जहां गांजा, स्मैक और हेरोइन आसानी से उपलब्ध हैं। स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि पुलिस के कुछ कर्मियों—जिनमें स्पेशल स्टाफ, नारकोटिक्स और थानों की क्रैक टीम के सदस्य शामिल हैं—की सांठगांठ से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। शिकायतों के बाद कार्रवाई के नाम पर केवल बीट कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया जाता है, जबकि थानाध्यक्ष या एसीपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं होती।

DM-delhi1

बड़े तस्कर पुलिस की पकड़ से बाहर

सीलमपुर, वेलकम, विवेक विहार, नंद नगरी, शास्त्री पार्क और सीमापुरी थाना क्षेत्रों में नशे का कारोबार बड़े पैमाने पर फैला है। सूत्रों के अनुसार, कुख्यात गैंगस्टर छेनू पहलवान, नंद नगरी का घोषित बदमाश अमित कल्याण, सीमापुरी क्षेत्र से पिंकी, टोनी, जाने आलम, सलीम पहलवान, केपी और सुंदर नगरी से सत्ते जैसे बड़े नाम इस धंधे से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोप है कि पुलिस केवल छोटी पुड़िया बेचने वालों को पकड़कर अपनी पीठ थपथपा लेती है, लेकिन बड़े तस्करों पर शिकंजा कसने में विफल रही है।

स्कूलों के पास तंबाकू बिक्री पर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश

बैठक के दौरान चेयरमैन ने शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि नियमों के तहत स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में सिगरेट और तंबाकू बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद कई स्कूलों के पास इनकी बिक्री हो रही है। उन्होंने नगर निगम, पुलिस और प्रशासन को संयुक्त टीम बनाकर इस पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- दिल्ली: 7 साल की सजा काटकर बाहर आते ही फिर की दरिंदगी, 10 साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न के आरोप में युवक गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर गुलामी रैकेट का किया भंडाफोड़, 164 विदेशी नागरिक रेस्क्यू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।