10 साल की मासूम से दरिंदगी...आरोपी ने बना लिया था हत्या का प्लान भी, फिर मौके पर ही लोगों ने दबोच लिया
दिल्ली के भारत नगर स्थित इस्माइल खान पार्क में स्कूल से लौट रही 10 वर्षीय बच्ची से एक नशेड़ी ने दुष्कर्म किया। आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया; वह आदतन अपराधी है और पहले भी ऐसे ही मामले में जेल जा चुका है।

पार्कमें मासूम से दुष्कर्म ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
दिल्ली के इस्माइल खान पार्क में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म।
स्कूल से लौट रही बच्ची को नशेड़ी ने बनाया शिकार।
आरोपी आदतन अपराधी, पहले भी दुष्कर्म मामले में जेल गया था।
राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। राजधानी के पार्कों में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस के तमाम बड़े-बड़े दावे एक बार फिर खोखले साबित हुए हैं।
उत्तर-पश्चिम जिले के भारत नगर थानाक्षेत्र स्थित इस्माइल खान पार्क में मंगलवार दोपहर नशे में धुत 40 वर्षीय एक हैवान ने स्कूल से लौट रही 10 वर्षीय मासूम को झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया।
गनीमत रही कि बच्ची की चीख सुनकर पार्क में मौजूद लोगों ने आरोपित को समय रहते दबोच लिया, वरना वह वारदात के बाद बच्ची की हत्या करने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।
दो माह में दूसरी बड़ी घटना, सुरक्षा पर सवाल
करीब दो माह पहले 21 सितंबर की शाम कालकाजी मंदिर से सटे आस्था कुंज पार्क में पुलिसकर्मी बनकर तीन युवकों ने 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की थी।
उस घटना के बाद पुलिस ने राजधानी के सभी पार्कों में महिला पुलिसकर्मियों की नियमित गश्त, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त रोशनी के बड़े-बड़े दावे किए थे। लेकिन, ठीक दो माह बाद दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की फिर पोल खोल दी है।
पुलिस के अनुसार, चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 10 वर्षीय पीड़ित बच्ची इस्माइल खान पार्क के पास ही अपने परिवार के साथ रहती है। मंगलवार को वह रोज की तरह सहपाठियों के साथ स्कूल गई थी। घर से निकलते समय उसने माता-पिता को बताया था कि छुट्टी के बाद वह पार्क के दूसरी तरफ स्थित अपने मामा के घर जाएगी।
लोगों ने आरोपी को लिया दबोच
दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने पर जब वह अकेले पार्क के रास्ते मामा के घर जा रही थी, तभी वहां पहले से मौजूद नशे में धुत आरोपित ने उसे रोक लिया। आरोपित ने पहले बच्ची का नाम पूछा और फिर पीठ पर हाथ रखकर बात करते हुए उसे पार्क के एक सुनसान कोने में झाड़ियों के पीछे ले गया और अपनी हवस का शिकार बनाया।
घटना के दौरान बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पार्क में टहल रहे लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों ने आरोपित को तुरंत दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई करने के बाद पार्क के निजी सुरक्षा गार्ड के हवाले कर दिया।
गार्ड की सूचना पर पहुंची भारत नगर थाना पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
सात साल जेल काटकर हाल ही में आया था बाहर
डीसीपी उत्तर-पश्चिम जिला आकांक्षा यादव का कहना है कि आरोपित 40 वर्षीय राजेश चंद्रावल नगर का रहने वाला है और पेशे से कारपेंटर भी है और नशे का आदी है।
पूछताछ में आरोपित ने कबूला कि दुष्कर्म के बाद उसका इरादा बच्ची की जान लेने का था। जांच में पता चला है कि राजेश आदतन अपराधी है। कई साल पहले भी उसने स्वरूप नगर थानाक्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म किया था, जिसमें उसे सात साल कैद की सजा हुई थी।
सजा पूरी कर वह कुछ महीने पहले ही जेल से बाहर आया था। उसकी हरकतों के कारण स्वजन ने भी उसे घर से बेदखल कर दिया था, जिसके बाद से वह अलग रह रहा था।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर के तिलहर में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, बीड़ी मंगवाने के बहाने बुलाया घर, तलाश में जुटी पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।