विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्दियों में पानी कम पीने वालों के लिए अलर्ट, किडनी में बन सकती है पथरी; एक्सपर्ट्स ने दी चेतावनी

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:41 PM (GMT+05:30)

सर्दियों में कम पानी पीने से डिहाइड्रेशन और पेशाब गाढ़ा होने के कारण किडनी में पथरी का खतरा बढ़ जाता है। 

जयपुर गोल्डन अस्पताल की कंसल्टेंट नेफ्रोलाजिस्ट डॉ. अरुषि नौटियाल। फाइल फोटो: जागरण

जयपुर गोल्डन अस्पताल की कंसल्टेंट नेफ्रोलाजिस्ट डॉ. अरुषि नौटियाल। फाइल फोटो: जागरण

HighLights

  1. सर्दियों में कम पानी से बढ़ता है पथरी का खतरा।

  2. प्यास का इंतजार किए बिना नियमित पानी पिएं।

  3. चाय-कॉफी सीमित करें, फल-सब्जियां खाएं।

अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। सर्दियों में तापमान गिरने के साथ प्यास कम लगती है। ऐसे में लोग पानी पीना घटा देते हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है। डिहाइड्रेशन होने पर पेशाब कम और गाढ़ा होता है। इससे उसमें मौजूद कैल्शियम, आक्सलेट और यूरिक एसिड के क्रिस्टल बनने की आशंका बढ़ती है।

ये क्रिस्टल आपस में जुड़कर पथरी बना सकते हैं। पथरी मूत्रनली में फंसने पर तेज दर्द, पेशाब में खून और संक्रमण जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सर्दियों में चाय-काफी का सेवन बढ़ने से सादा पानी पीने की आदत भी प्रभावित होती है। विशेषज्ञ प्यास का इंतजार किए बिना नियमित अंतराल पर पानी पीने की सलाह देते हैं।

कम पानी से गाढ़ा पेशाब, पथरी का खतरा

सर गंगाराम अस्पताल के नेफ्रोलाजी विभाग के अध्यक्ष डा. एके भल्ला के अनुसार, किडनी के सामान्य कामकाज और शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने के लिए पर्याप्त पानी जरूरी है। पानी की कमी से पेशाब गाढ़ा होता है और पथरी का खतरा बढ़ता है। पहले पथरी हो चुके लोगों में दोबारा पथरी बनने की आशंका भी बढ़ सकती है।

प्यास का इंतजार नहीं, पहचानें पानी की कमी

जयपुर गोल्डन अस्पताल की कंसल्टेंट नेफ्रोलाजिस्ट डॉ. अरुषि नौटियाल के अनुसार, डिहाइड्रेशन के शुरुआती लक्षणों में गहरे पीले रंग का पेशाब, पेशाब कम आना, मुंह सूखना, थकान, चक्कर और सिरदर्द शामिल हैं।

एक बार में अधिक पानी पीने के बजाय दिनभर नियमित अंतराल पर पानी पीना चाहिए। पानी से भरपूर फल और सब्जियां भी मददगार हैं। चाय-काफी सादे पानी का विकल्प नहीं हैं।

चाय-काफी सीमित रखें

सर्दियों में चाय-काफी का सेवन बढ़ जाता है। इनमें मौजूद कैफीन अधिक मात्रा में लेने पर पेशाब की आवृत्ति बढ़ा सकता है, इसलिए इनका सेवन सीमित रखें। हालांकि, किडनी या हृदय रोग से पीड़ित जिन मरीजों को पानी सीमित पीने की सलाह दी गई है, वे अपने उपचार करने वाले डाक्टर के निर्देशों का पालन करें।

पथरी के प्रमुख लक्षण

  • कमर या पेट में तेज दर्द।
  • पेशाब में जलन या खून आना।
  • बार-बार पेशाब लगना।
  • जी मिचलाना और उल्टी होना।
  • बुखार और ठंड लगना।

बचाव के उपाय

  • प्यास लगने का इंतजार किए बिना पानी पीते रहें।
  • पेशाब के रंग और मात्रा पर ध्यान दें।
  • पानी से भरपूर फल और सब्जियां खाएं।
  • चाय-काफी और अधिक नमक का सेवन सीमित रखें।
  • पहले पथरी हो चुकी है तो नियमित जांच कराएं।
  • तेज दर्द, बुखार या पेशाब बंद होने पर तुरंत डाक्टर से संपर्क करें।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में भाई पर चोरी का मुकदमा दर्ज होने से भड़का युवक, विधायक के घर के बाहर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश

यह भी पढ़ें- बाहर से ज्यादा खतरनाक है आपके घर की हवा, दिल्ली में AQI को लेकर स्टडी में बड़ा खुलासा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।