बाहर से ज्यादा खतरनाक है आपके घर की हवा, दिल्ली में AQI को लेकर स्टडी में बड़ा खुलासा
एक अध्ययन के अनुसार, दक्षिण दिल्ली के खराब वेंटिलेशन वाले घरों में हवा में बारीक कणों (PM2.5) का स्तर बाहर की तुलना में लगभग 50% अधिक पाया गया है।

दिल्ली के इंडिया गेट की तस्वीर। फाइल फोटो: जागरण
HighLights
खराब वेंटिलेशन वाले घरों में हवा 50% अधिक प्रदूषित पाई गई।
दक्षिण दिल्ली के 24 घरों में हवा की गुणवत्ता का आकलन हुआ।
वेंटिलेशन सुधारने और प्रदूषण स्रोत घटाने से हवा बेहतर होगी।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। राजधानी दिल्ली में यदि आप सोच रहे हैं कि घरों में रहकर जहरीली हवा से बचा जा सकता है, तो यह अब केवल भ्रम है।
एक अध्ययन से पता चला है कि दक्षिण दिल्ली के जिन घरों में हवा की आवाजाही (वेंटिलेशन) ठीक नहीं है, वहां हवा में मौजूद बारीक कणों का स्तर बाहर की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक है।
24 घरों में AQI खराब
दक्षिण दिल्ली के शाहीन बाग, जसोला विहार, बाटला हाउस और ओखला विहार के 24 घरों में हवा की गुणवत्ता का आकलन करने वाले इस अध्ययन में पाया कि खराब वेंटिलेशन वाले घरों में पीएम-2.5 का औसत स्तर 119.17 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था, जो बाहर के औसत स्तर 79.34 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से लगभग 50 प्रतिशत अधिक रहा।
फरवरी से अप्रैल 2023 के बीच हवा की गुणवत्ता की निगरानी पर आधारित यह अध्ययन 2025 में डिस्कवर एनवायरनमेंट जर्नल में प्रकाशित हुआ था। शोधकर्ताओं ने बताया कि वेंटिलेशन के तरीकों में सुधार, एग्जास्ट सिस्टम का सही रखरखाव और घरों के अंदर प्रदूषण के स्रोतों को कम करने से घरों में हवा की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है।
अलग-अलग स्रोतों से मापा गया प्रदूषण के स्तर
हालांकि, शोधकर्ताओं ने प्रदूषण के स्तर में खाना पकाने, ट्रैफिक या धूल जैसे अलग-अलग स्रोतों के योगदान को स्पष्ट रूप से नहीं मापा है। सभी 24 घरों में अंदर पीएम-2.5 का औसत स्तर 98.25 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था, जो बाहर के औसत स्तर 67.74 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से लगभग 45 प्रतिशत अधिक है।
वहीं घर में पीएम-10 का औसत स्तर 114.07 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था, जो बाहर के स्तर 78 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से लगभग 46 प्रतिशत अधिक है। इन नतीजों से पता चलता है कि भले ही बेहतर वेंटिलेशन होने पर घर के अंदर पार्टिकुलेट मैटर (धूल-कणों) का स्तर कम रहता है, फिर भी अच्छी हवा-आवाजाही वाले घरों में भी यह स्तर बाहर की तुलना में अधिक ही पाया गया।
अध्ययन जामिया मिलिया इस्लामिया, सऊदी अरब की जाजान यूनिवर्सिटी और जम्मू-कश्मीर के राजौरी स्थित बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं की टीम ने संयुक्त रूप से किया है।
घर के भीतर प्रदूषण का स्तर बढ़ने की वजहें
- घर के अंदर होने वाली गतिविधियां, वेंटिलेशन की कमी और बाहर के प्रदूषकों का घरों के अंदर आना।
- खाना पकाना, साफ-सफाई करना, धूम्रपान करना और अगरबत्ती जलाना जैसी गतिविधियां घर के अंदर पार्टिकुलेट मैटर बढ़ाने का कर सकती हैं काम।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के लोगों को मिली प्रदूषण से थोड़ी राहत, अब AQI 222, जरा जान लीजिए अपने इलाके का सूरतेहाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।