विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिगड़ी दिल्ली की आबोहवा, जहरीली हवा से पैदा हुआ सांसों का संकट

Published: Thu, 26 Nov 2026 01:05 AM (IST)

दिल्ली की हवा लगातार 11वें दिन खराब श्रेणी में बनी हुई है, बुधवार को औसत एक्यूआई 220 दर्ज किया गया। 

दिल्ली की आबोहवा लगातार हो रही खराब ( एआई जेनरेटेड इमेज)

दिल्ली की आबोहवा लगातार हो रही खराब ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. दिल्ली की हवा लगातार 11वें दिन खराब श्रेणी में।

  2. बुधवार को औसत एक्यूआई 220, आनंद विहार में सर्वाधिक।

  3. 28 नवंबर तक हवा 'बहुत खराब' होने की आशंका।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की हवा लगातार 11वें दिन बुधवार को भी खराब श्रेणी में बनी रही। हालांकि, 24 घंटे का औसत एक्यूआई 220 दर्ज किया गया, जो मंगलवार के 227 से सात अंक कम है।

इसके बावजूद मौसम की परिस्थितियां अगले कुछ दिनों में प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम कर रही हैं। मौसम विभाग के वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी तंत्र के अनुसार, अगले दो दिन तक हवा खराब श्रेणी में रहने की आशंका है, जबकि 28 नवंबर को इसके बहुत खराब श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है।

आनंद विहार में सबसे अधिक AQI

बुधवार को 58 निगरानी केंद्रों से मिले आंकड़ों में 30 केंद्रों पर हवा खराब, चार पर बहुत खराब और शेष 24 केंद्रों पर मध्यम श्रेणी में रही। आनंद विहार में सबसे अधिक 357 एक्यूआई दर्ज किया गया।

दिल्ली में 15 नवंबर से हवा लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है। इस दौरान एक्यूआइ 15 नवंबर को 290, 16 नवंबर को 275, 17 नवंबर को 204, 18 नवंबर को 232, 19 नवंबर को 280, 20 नवंबर को 270, 21 नवंबर को 265, 22 नवंबर को 239, 23 नवंबर को 260, मंगलवार को 227 और बुधवार को 220 रहा।

वास्तविक समय के स्रोत विश्लेषण के अनुसार, बुधवार को दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी सबसे अधिक 22.1 प्रतिशत रही।

धुएं से बढ़ रहा सबसे ज्यादा प्रदूषण

इसके ठीक पीछे घरेलू ठोस जैव ईंधन के इस्तेमाल सहित बायोमास जलने से होने वाले धुएं की हिस्सेदारी 21.3 प्रतिशत दर्ज की गई।

द्वितीयक जैविक एरोसोल का योगदान 20.1 प्रतिशत और द्वितीयक अकार्बनिक प्रदूषकों का 15.8 प्रतिशत रहा। अकार्बनिक प्रदूषकों में नाइट्रेट की हिस्सेदारी 6.9 प्रतिशत, अमोनिया की पांच प्रतिशत और सल्फेट की 3.9 प्रतिशत रही।

कचरा जलाने से 7.2 प्रतिशत, पटाखों से 4.7 प्रतिशत, मिश्रित दहन से 3.8 प्रतिशत, औद्योगिक उत्सर्जन से 2.9 प्रतिशत और खनिज धूल व राख से 1.9 प्रतिशत प्रदूषण दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दिनों में प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण प्रदूषकों का फैलाव प्रभावित होगा। हवा की औसत रफ्तार भी 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने की संभावना है। ऐसे में प्रदूषक वातावरण में अधिक समय तक बने रह सकते हैं।

बुधवार को दर्ज की गई सबसे ठंडी सुबह

बुधवार को दिल्ली में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। हालांकि, अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा।

अन्य केंद्रों में पालम का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री, लोधी रोड का 27.6, रिज का 26.8 और आया नगर का 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान पालम में 11, लोधी रोड में 10.1, रिज में 11.7 और आया नगर में 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- बस 20 मिनट की देरी और रांची नगर निगम की संपत्ति कुर्क, ₹9 करोड़ बकाया मामले में एक्शन 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।