गुरुग्राम में एक दिन में कटे 15986 चालान, 57.78 लाख रुपये का लगाया जुर्माना; सबसे ज्यादा केस गलत पार्किंग के
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने 21 नवंबर को नियमों का उल्लंघन करने वाले 15,986 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 57.78 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

एकदिवसीय अभियान के तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कुल 57 लाख 78 हजार 600 रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
गुरुग्राम में एक दिन में 15,986 चालान काटे गए।
कुल 57.78 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया।
गलत पार्किंग और लेन उल्लंघन पर सर्वाधिक कार्रवाई हुई।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुरुग्राम यातायात पुलिस लगातार विशेष निगरानी और प्रवर्तन अभियान चला रही है। इसी क्रम में 21 नवंबर को नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 15,986 चालान जारी किए गए। इस एकदिवसीय अभियान के तहत उल्लंघनकर्ताओं पर कुल 57 लाख 78 हजार 600 रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है।
गलत पार्किंग और लेन उल्लंघन पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न यातायात अपराधों पर शिकंजा कसा। आंकड़ों के अनुसार, गलत पार्किंग करने वाले चालकों के सबसे अधिक 3,069 चालान काटे गए, जबकि निर्धारित लेन नियमों का उल्लंघन करने पर 1,007 और गलत दिशा (रांग साइड) में वाहन चलाने पर 855 चालान किए गए। इसके अलावा, बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे 154 वाहनों को पुलिस ने जब्त (इंपाउंड) भी किया।
सड़क सुरक्षा और जाम से मुक्ति के लिए पुलिस की अपील
गुरुग्राम यातायात पुलिस का कहना है कि यह सख्ती सड़क पर अनुशासनहीनता रोकने और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने के निरंतर प्रयास का हिस्सा है। गलत पार्किंग से जाम लगता है और रांग साइड ड्राइविंग से हादसों की आशंका बढ़ती है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों को अपनी जिम्मेदारी समझें, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, अपनी लेन में चलें और वाहनों पर नियमानुसार नंबर प्लेट लगवाएं।