गुरुग्राम के सेक्टर-65 में बंद पड़े सीवरेज टैंक में मिला कई दिन पुराना शव, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
गुरुग्राम के सेक्टर 65 में एक सूखे, जर्जर टैंक में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस हत्या की आशंका जता रही है और शव की पहचान व मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
-1795359450912_m.webp)
गुरुग्राम में खाली जमीन पर बने टैंक में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव। प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
सेक्टर 65 गुरुग्राम में सूखे टैंक में मिला शव।
शव की हालत देख हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस, एफएसएल टीम मौके पर जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर 65 थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर खाली पड़ी जमीन में बने एक खराब पड़े टैंक में व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को टैंक में फेंका गया हो सकता है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
सेक्टर 65 थाना पुलिस, एफएसएल व अन्य टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
कई दिनों से बंद था सीवरेज टैंक
बताया जाता है कि यह सीवरेज टैंक है, लेकिन काफी दिनों से बंद पड़ा है और जर्जर अवस्था में है। यह गहरा टैंक है और सूखा पड़ा हुआ है। आसपास खाली जमीन और सूनसान होने के चलते यहां लोगों का आना-जाना कम रहता है। रविवार दोपहर यहां से गुजर रहे कुछ लोगों को टैंक के पास से बदबू आई। शक होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो अंदर शव पड़ा हुआ था।
इसके बाद लोगों ने तुरंत कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर 65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक शव कुछ दिन पुराना है। शव के कुछ हिस्सों से खून निकला हुआ था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच कर रही है कि व्यक्ति की मौत टैंक में गिरने से हुई है या उसे मारकर यहां फेंका गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। सेक्टर 65 थाना पुलिस ने बताया कि कई एंगल पर जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से शव की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। व्यक्ति यहां खुद कैसे आया, या इसे यहां कोई लेकर आया, इस सब चीजों के बारे में जानकारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के बिलासपुर चौक पर खत्म होगी जाम की समस्या, 15 दिसंबर तक दोनों तरफ से दौड़ेंगे वाहन