विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम के बिलासपुर चौक पर खत्म होगी जाम की समस्या, 15 दिसंबर तक दोनों तरफ से दौड़ेंगे वाहन 

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:05 PM (IST)

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बिलासपुर चौक से गुजरने वाले यात्रियों को जल्द राहत मिल सकता है। बिलासपुर फ्लाईओवर को 15 दिसंबर तक यातायात के लिए खुलने की उम्मीद है, जिससे लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

गुरुग्राम के बिलासपुर चौक को जल्द ही जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। फोटो-जागरण आर्काइव

गुरुग्राम के बिलासपुर चौक को जल्द ही जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। फोटो-जागरण आर्काइव

आदित्य राज, गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बिलासपुर चौक से गुजरने वाले वाहन चालकों को जल्द ही जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। बिलासपुर फ्लाईओवर को 15 दिसंबर तक यातायात के लिए चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके लिए फ्लाईओवर के दोनों हिस्सों को जोड़ने वाले रैंप का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्माण कार्य पूरा करने के साथ ही यातायात शुरू कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

30 नवंबर तक पूरा होगा पहला लक्ष्य

पहले चरण में 30 नवंबर तक दिल्ली-जयपुर दिशा वाले हिस्से को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद दूसरे हिस्से को भी यातायात के लिए खोलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

फ्लाईओवर के रैंप का निर्माण पूरा होने के बाद तकनीकी जांच और ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान सड़क की स्थिति, वाहनों की आवाजाही, सुरक्षा इंतजाम और अन्य व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। ट्रायल के दौरान किसी तरह की तकनीकी खामी सामने नहीं आने पर वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।

अधिकारियों का प्रयास है कि 15 दिसंबर तक फ्लाईओवर को चालू कर दिया जाए, ताकि हाईवे पर रोजाना लगने वाले जाम से वाहन चालकों को राहत मिल सके।

घंटों तक जाम में फंसते हैं लोग

बिलासपुर चौक दिल्ली-जयपुर हाईवे के सबसे व्यस्त जंक्शनों में शामिल है। यहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों, मानेसर और ग्रामीण इलाकों की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव भी इसी चौक पर रहता है। इसके चलते सुबह और शाम के व्यस्त समय में यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है।

स्थिति यह है कि सामान्य परिस्थितियों में जिस चौक को पार करने में दो मिनट लगने चाहिए, वहां वाहन चालकों को आधे से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। फ्लाईओवर चालू होने के बाद हाईवे के मुख्य यातायात को ऊपर से निकाला जा सकेगा। इससे चौक पर वाहनों का दबाव कम होगा और स्थानीय सड़कों पर भी आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।

लगातार ट्रैफिक के बीच निर्माण करना बड़ी चुनौती

बिलासपुर चौक पर फ्लाईओवर निर्माण में सबसे बड़ी चुनौती हाईवे पर लगातार बना रहने वाला वाहनों का दबाव है। दिनभर वाहनों की आवाजाही के कारण निर्माण एजेंसी को काम करने के लिए पर्याप्त जगह और समय नहीं मिल पाता।

यातायात को बाधित किए बिना निर्माण गतिविधियां संचालित करनी पड़ती हैं। यही वजह है कि परियोजना के काम की रफ्तार कई बार प्रभावित हुई है।

NHAI के परियोजना निदेशक ने दी जानकारी

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के परियोजना निदेशक योगेश तिलक का कहना है कि बिलासपुर चौक पर यातायात का दबाव काफी अधिक है। इस वजह से निर्माण कार्य में चुनौतियां आ रही हैं। इसके बावजूद फ्लाईओवर को जल्द चालू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

30 नवंबर तक दिल्ली-जयपुर साइड को खोलने का लक्ष्य है, जबकि 15 दिसंबर तक फ्लाईओवर को पूरी तरह चालू करने की योजना है।

यह भी पढ़ें- कैथल एनकाउंटर में दो बदमाश घायल, रोहतक से गुरुग्राम तक फैला है नेटवर्क; अब 'सुपारी' देने वालों की तलाश में पुलिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।