थप्पड़ विवाद : सड़क की गुणवत्ता से शुरू हुआ मामला थाने से प्रदर्शन तक पहुंचा, क्यों आमने-सामने आए AAP-BJP?
तिलक नगर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक प्रदर्शन और पुलिस थाने तक पहुंच ...और पढ़ें

आउटर रिंग रोड पर सोमवार को भारी सुरक्षा इंतजाम किया गया। जागरण
HighLights
सड़क निर्माण गुणवत्ता विवाद थप्पड़ कांड के बाद गरमाया।
आप कार्यकर्ताओं ने मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्रदर्शन किया।
अरविंद केजरीवाल ने तिलक नगर सड़क का जायजा लिया।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। तिलक नगर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच के दौरान रविवार को हुए विवाद के बाद सोमवार को मामला सड़क से थाने और फिर सियासी प्रदर्शन तक पहुंच गया।
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पर आप कार्यकर्ता साहिब सिंह को थप्पड़ मारने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) ने लगातार दूसरे दिन मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह कार्यकर्ताओं के साथ विकासपुरी थाने की ओर रवाना हुए। पुलिस ने थाने से करीब 100 मीटर पहले अग्रसेन भवन रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया।
इसके बाद आप नेता और कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
विवाद वाले स्थान पर पहुंचे केजरीवाल
इससे पहले आप संयोजक अरविंद केजरीवाल सोमवार शाम तिलक नगर पहुंचे। उन्होंने रविवार को जिस स्थान पर सड़क की गुणवत्ता को लेकर विवाद हुआ था, वहां पहुंचकर सड़क का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि नई बनी सड़क हाथ से उखड़ रही है और सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- युवक को थप्पड़ मारने पर मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ NCR, तिलक नगर मामले में पुलिस ने लिया एक्शन
केजरीवाल के पहुंचने से पहले ही आउटर रिंग रोड के उक्त हिस्से को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर घेर दिया था। वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। केजरीवाल करीब पांच मिनट मौके पर रुकने के बाद वहां से चले गए। गौरतलब है कि रविवार को करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता जांचने के दौरान प्रवेश वर्मा और जरनैल सिंह आमने-सामने आ गए थे।
प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया था कि कि मौके पर मौजूद आप कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार के खिलाफ अपशब्द कहे और काम में बाधा डाली। उन्होंने जरनैल सिंह पर पीडब्ल्यूडी के काम में कमीशन मांगने का भी आरोप लगाया है।
सोमवार तक मिलीं 5 शिकायतें
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोमवार तक विवाद से संबंधित पांच शिकायतें मिली थीं। इनमें साहिब सिंह की एक, पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों की ओर से जरनैल सिंह व अन्य के खिलाफ दो और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से दो शिकायतें शामिल हैं।
शिकायतें विकासपुरी और तिलक नगर थानों में दी गई हैं। देर शाम तक किसी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। इंटरनेट मीडिया पर भी दोनों दलों के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी रहा।
यह भी पढ़ें- तिलक नगर में उखड़ती सड़क देखने पहुंचे केजरीवाल, बोले- प्रवेश वर्मा को बर्खास्त कर गिरफ्तार करें PM मोदी
