विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की तिहाड़ जेल में खुली लचर सुरक्षा व्यवस्था की पोल, बरामद हुई भारी मात्रा में तंबाकू, उठे गंभीर सवाल

Published: Mon, 30 Nov 2026 02:43 AM (GMT+05:30)

तिहाड़ जेल की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए जेल संख्या एक से भारी मात्रा में तंबाकू बरामद हुआ है। यह बरामदगी आपूर्ति ट्रकों पर संदेह पैदा करती है और जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती है।

दिल्ली की तिहाड़ जेल में मिली भारी मात्रा में तंबाकू (फोटो स्रोत : एआई जेनरेटेड इमेज)

दिल्ली की तिहाड़ जेल में मिली भारी मात्रा में तंबाकू (फोटो स्रोत : एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. तिहाड़ जेल संख्या एक से भारी मात्रा में तंबाकू बरामद।

  2. आपूर्ति ट्रकों के माध्यम से प्रतिबंधित वस्तुएं पहुंचने की आशंका।

  3. सुरक्षा खामियों को दूर करने के पुराने प्रस्ताव अधूरे रहे।

गौतम कुमार मिश्रा, पश्चिमी दिल्ली। तिहाड़ जेल की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए जेल संख्या एक में बड़ी मात्रा में तंबाकू बरामदगी की बात सामने आई है। जेल प्रशासन अभी बरामद तंबाकू की सही मात्रा बताने से परहेज कर रहा है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह करीब पांच से 10 किलो के बीच है।

इस बरामदगी ने न केवल निगरानी तंत्र की कमियों को उजागर किया है, बल्कि जेल परिसर के भीतर मौजूद संवेदनशील व्यवस्थाओं और पुरानी फाइलों में दबे सुधार के प्रस्तावों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दूसरे जेलों में भी की जाती थी आपूर्ति 

जेल सूत्रों के मुताबिक, जेल संख्या एक के कैंपस में तिहाड़ केंद्रीय स्टोर है, जहां राशन और खानपान से जुड़ी सामग्री ट्रकों के जरिए रोजाना पहुंचती है और यहीं से अन्य जेलों को आपूर्ति की जाती है।

नियमों के तहत कैदियों और सुरक्षाकर्मियों की सघन तलाशी का प्रविधान तो है, लेकिन इन ट्रकों से आने वाले सामान की जांच में ढिलाई बरती जाती है। अगर कभी जांच होती भी है तो वह केवल औपचारिकता या खानापूर्ति तक सीमित रहती है।

आशंका है कि यही आपूर्ति वाहन जेल के भीतर निषिद्ध वस्तुएं पहुंचाने का सबसे बड़ा जरिया बन रहे हैं, जिन पर प्रभावी नियंत्रण बेहद जरूरी है।

2014 का प्रस्ताव क्यों रह गया अधूरा

सुरक्षा खामियों को दूर करने के लिए वर्ष 2014 में जेल प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव तैयार किया था, जिसमें इस स्टोर को जेल परिसर से बाहर स्थानांतरित करने की योजना शामिल थी। बताया जाता है कि तिहाड़ परिसर के बाहर इसके लिए पर्याप्त भूमि भी उपलब्ध थी, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर यह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका और ठंडे बस्ते में चला गया।

अगर उस योजना पर अमल हुआ होता, तो संवेदनशील जेल परिसर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही और उससे जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

सख्त जांच और जवाबदेही की मांग

जेल संख्या एक में तंबाकू मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है। अंदरूनी मिलीभगत की आशंकाओं के बीच जेल कर्मियों, मुलाकात करने वालों और आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े हर पहलू की गहन पड़ताल की मांग उठ रही है।

जब तक ट्रकों के जरिए आने वाले सामान की कड़ी और तकनीकी जांच सुनिश्चित नहीं होगी और पुराने सुरक्षा प्रस्तावों को अमली जामा नहीं पहनाया जाएगा, तब तक तिहाड़ के भीतर प्रतिबंधित सामग्री की पहुंच रोकना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना रहेगा।

यह भी पढ़ें- काल के गाल में समाए मां-बेटे, सोनीपत के बहालगढ़ में तेज रफ्तार वाहन चालक ने दोनों को रौंदा, जांच में जुटी पुलिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।