काल के गाल में समाए मां-बेटे, सोनीपत के बहालगढ़ में तेज रफ्तार वाहन चालक ने दोनों को रौंदा, जांच में जुटी पुलिस
राई के बहालगढ़ के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। काम निपटाकर लौटते समय हुए इस हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया, पुलिस जांच में जुटी है।

बहालगढ़ में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
बहालगढ़ के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मारी।
हादसे में मां विमला और बेटे गौरव की मौके पर मौत।
आरोपित चालक वाहन सहित फरार, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सहयोगी, राई। बहालगढ़ के पास देर रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों बहालगढ़ से काम निपटाकर अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान एक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपित चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जब तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर..
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गांव चौहान जोशी निवासी 45 वर्षीय विमला अपने 23 वर्षीय बेटे गौरव के साथ बाइक पर किसी काम से बहालगढ़ आई थीं। रात को काम पूरा होने के बाद दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे।
जब वे बहालगढ़ के पास पहुंचे तो एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इससे विमला और गौरव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाहन चालक मौके से फरार
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर बहालगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा: एक्शन में पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड, बीटा-2 और नॉलेज पार्क कोतवाली का किया निरीक्षण, दिए ये निर्देश